दिवाली खत्म हो गई है, लेकिन घर में रखी खील अभी भी बची हुई है। हर घर में यही होता है। डिब्बे में पड़ी खील को कोई खाता नहीं है और फेंकने का भी मन नहीं करता है। अगर आपके घर में भी यही हाल है, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। इस बची हुई खील से आप सिर्फ 15 से 20 मिनट में चटपटे और कुरकुरे कटलेट बना सकते हैं। बच्चे भी इन्हें बड़े चाव से खाएंगे।
बची हुई खील से कैसे बनाएं टेस्टी कटलेट?
- हर बार दिवाली के बाद खील बच जाती है और समझ नहीं आता कि उसका क्या किया जाए? ऐसे में खील के कटलेट सबसे आसान उपाय है। थोड़े से मसालों से ये डिश 15 मिनट में बन जाती है और खाने में बहुत टेस्टी लगती है।
Photo Credit: Pinterest
खील कटलेट बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
इस रेसिपी के लिए आपको बाजार से कुछ भी नया लाने की जरूरत नहीं है। सब कुछ किचन में ही मिल जाएगा। चलिए जानते हैं।
सामग्री
- खील- 1 से 2 कप
- उबले आलू- 1 से 2, अच्छे से मैश किए हुए
- प्याज- 1, बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च- 1 से 2, बारीक कटी हुई
- अदरक- 1 छोटा टुकड़ा, कद्दूकस किया हुआ
- हरा धनिया- थोड़ा सा, बारीक कटा हुआ
- नमक- स्वाद के हिसाब से
- लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
- गरम मसाला- आधा चम्मच
- चाट मसाला या अमचूर पाउडर- आधा चम्मच
- हल्दी- 1 चुटकी
- कोटिंग के लिए- कॉर्नफ्लोर या सूजी या ब्रेड क्रम्ब्स या चावल का आटा
- तलने के लिए- तेल
अगर आलू नहीं है, तो आप 2 चम्मच बेसन और 2 चम्मच सूजी भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
Photo Credit: Pinterest (Divinely Designed)
ऐसे बनाएं खील के कटलेट स्टेप-बाय-स्टेप
स्टेप 1
सबसे पहले खील को एक बड़े बर्तन में डालकर पानी में 1 से 5 मिनट के लिए भिगो दें। जैसे ही, खील नरम हो जाए, उसे छलनी में निकालकर पानी निचोड़ लें। ध्यान रखें कि खील में ज्यादा पानी न रहे। अगर पानी रह गया, तो कटलेट टूटने लगेंगे। हल्के हाथ से दबाकर सारा पानी निकाल दें।
स्टेप 2
अब एक बड़े बर्तन में भीगी हुई खील, मैश किए हुए आलू, कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालें। इसमें नमक, लाल मिर्च, गरम मसाला, चाट मसाला और हल्दी डालकर अच्छे से मिलाएं। इसे ऐसे मिलाएं जैसे आटा गूंथते हैं। मिश्रण न ज्यादा गीला हो और न ज्यादा सूखा। अगर गीला लगे तो थोड़ी सूजी मिला लें।
स्टेप 3
अब हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं। मिश्रण का थोड़ा सा हिस्सा लें और उसे गोल या अंडे के आकार में दबाकर कटलेट बना लें। अब इन कटलेट को हल्के से कॉर्नफ्लोर या सूजी में लपेट लें।
स्टेप 4
एक कड़ाही में तेल गर्म करें। आंच को मीडियम रखें। अब एक-एक करके कटलेट डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें। अगर आप ज्यादा तेल नहीं खाना चाहते, तो इन्हें कम तेल में तवे पर भी सेक सकते हैं। कटलेट को गर्म-गर्म ही परोसें।
किसके साथ खाएं ये कटलेट?
- खील के कटलेट का असली मजा चटनी के साथ आता है। आप इसे हरी धनिया की चटनी, इमली की चटनी या टोमेटो केचप के साथ खा सकते हैं।
- शाम की चाय के साथ ये कटलेट मिल जाएं, तो मजा दोगुना हो जाता है। बच्चे इन्हें स्कूल के टिफिन में भी ले जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बाजार जैसी खस्ता गजक और कुरकुरी चिक्की घर पर बनाने के सीक्रेट्स, सर्दियों में जरूर ट्राई करें ये रेसिपी
कटलेट को और टेस्टी बनाने के टिप्स
- अगर आप चाहती हैं कि कटलेट और ज्यादा टेस्टी बनें, तो इसमें थोड़ी सी उबली मटर या कद्दूकस की हुई गाजर भी मिला सकते हैं।
- जो लोग ज्यादा चटपटा खाना पसंद करते हैं, वो इसमें थोड़ी सी चिली फ्लेक्स भी डाल सकते हैं।
- कटलेट को बनाने के बाद फ्रिज में 1-2 घंटे रखकर तलेंगे, तो वो और ज्यादा कुरकुरे बनेंगे।
Photo Credit: Magnific
बची हुई खील को फेंकना क्यों गलत है?
खील सिर्फ पूजा की चीज नहीं है। ये हल्की, सेहतमंद और पचने में आसान होती है। दिवाली के बाद ये थोड़ी नरम हो जाती है, इसलिए कोई इसे ऐसे ही खाना पसंद नहीं करता है। इसे फेंकने के बजाय अगर आप इसका कटलेट बना लें, तो ये शाम की चाय का सबसे अच्छा नाश्ता बन जाता है। पैसा भी बचेगा और स्वाद भी मिलेगा।
दिवाली की बची हुई खील अब बोझ नहीं, बल्कि स्वाद का खजाना है। थोड़े से आलू और मसालों से आप इसे शानदार कटलेट में बदल सकती हैं। ये रेसिपी आसान है, जल्दी बनती है और सबको पसंद आती है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
