टमाटर सिर्फ सब्‍जी की ग्रेवी या सलाद में खाने के ही काम नहीं आता है, बल्कि इसका खट्टा-मीठा स्वाद कई तरह की डिशेज को खास बना सकता है। अगर आप रोजमर्रा के खाने में कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहती हैं, तो टमाटर से बनने वाली ये अनोखी रेसिपीज आपके लिए परफेक्ट हो सकती हैं।

टमाटर रसमलाई से लेकर टमाटरी कचौरी और टमाटर नूडल्स तक, ये सभी रेसिपीज स्वाद के साथ-साथ पौष्टिकता से भी भरपूर हैं। घर में आसानी से मिलने वाली चीजों से तैयार होने वाली ये रेसिपीज मेहमानों के लिए भी अलग और खास विकल्प बन सकती हैं। तो चलिए टमाटर से बनने वाली इन लाजवाब डिशेज की आसान रेसिपी के बारे में जानते हैं, जो आपके खाने के स्वाद को एक नया अंदाज देंगी। इनके बारे में हमें जयपुर की सुषमा केके बता रही हैं।

टमाटर रसमलाई

सामग्री

  • टमाटर-2
  • दूध- 500 मिली
  • ब्रेड स्लाइस- 2
  • चीनी- 2 टेबलस्पून
  • पिस्ता कतरन- 1 टीस्पून
  • हरी पिसी इलायची- 1

विधि

  • सबसे पहले टमाटर ब्लांच करें।
  • ठंडा होने पर छीलकर प्यूरी बनाएं और छानकर चीनी मिला दें।
  • अब एक भारी तली वाले बर्तन में दूध को उबालकर गाढ़ा करें और बीच-बीच में चलाते रहें जिससे नीचे न लगे।
  • जब दूध लगभग आधा रह जाए तब चीनी मिली टमाटर प्यूरी गाढ़े दूध में मिलाएं।
  • ध्यान रहे कि टमाटर प्यूरी एक हाथ से धीरे-धीरे डालनी है और दूसरे हाथ से दूध को लगातार चलाते रहना है।
  • 5-7 मिनट बाद गैस बंद करें और रसमलाई ठंडी होने के लिए रख दें।
  • इसके बाद ब्रेड स्लाइस को इच्छानुसार काटकर रसमलाई पर रखें।
  • स्वादिष्ट टमाटर रसमलाई तैयार है। पिस्ता और इलायची बुरककर सर्व करें। 

रसीले कुमकुम

सामग्री

कुमकुम के लिए

  • छोटे टमाटर- 100 ग्राम

भरावन के लिए

  • चिरौंजी- 1 टेबलस्पून
  • किशमिश- 1 टेबलस्पून
  • बादाम- 1 टेबलस्पून
  • काजू- 1 टेबलस्पून

ग्रेवी के लिए

  • टमाटर- 200 ग्राम
  • चीनी- 1 टीस्पून
  • काली मिर्च पाउडर- 1 टीस्पून
  • हरी पिसी इलायची- 1
  • पिस्ता- 1 टीस्पून
  • बादाम- 1 टीस्पून
  • नमक- स्वादानुसार 

विधि

  • कुमकुम बनाने के लिए एक बर्तन में पानी खौलाकर टमाटर डाल दें।
  • पानी में उबाल आने पर गैस बंद करें और सावधानीपूवर्क टमाटर निकालकर ठंडे पानी में डालें।
  • कुछ देर बाद पानी में से टमाटर निकालकर छील लें।
  • ये टमाटर थोड़े कड़े ही रहेंगे।
  • अब डंडी की तरफ से एक गोल कतली काटें और गूदा निकालकर टमाटर उलटे रखते जाएं।
  • इसके बाद भरावन की सामग्री मिक्स करें और उसे टमाटरों में भरते जाएं।
  • अब रसे वाले टमाटर उबालकर छील लें।
  • इनमें कुमकुम वाले टमाटर की कतली और गूदा मिलाकर मिक्सी में बिना पानी मिलाएं पीस लें।
  • इसे छानें और नमक, काली मिर्च व चीनी मिला दें।
  • एक बाउल में रसा भरे और इसमें कुमकुम भिगो दें।
  • ऊपर से पिसी इलायची, पिस्ता-बादाम बुरककर सर्व करें।

टमाटरी कचौरी

आटे के लिए सामग्री

  • आटा- 1 1/2 कप आटा
  • सूजी- 1/4 कप
  • बेसन- 1/4 कप
  • नमक- 3/4 टीस्पून
  • तेल- आवश्‍यकतानुसार

मसाले के लिए सामग्री

  • कटे टमाटर- 100 ग्राम
  • तेज पत्ता- 1
  • लौंग- 2
  • काली मिर्च- 6
  • प्‍याज- 2 टेबलस्पून
  • लहसुन- 4 कली
  • अदरक- 1 छोटा टुकड़ा
  • नमक- 1/2 टीस्पून

भरावन के लिए सामग्री

  • मटर- 1/2 कप
  • पत्तागोभी- 1/4 कप
  • गाजर बारीक कटी- 1/4 कप
  • हरी मिर्च बारीक कटी- 2
  • लाल मिर्च पाउडर- 1 टीस्‍पून
  • धनिया पाउडर- 1 टीस्‍पून
  • गरम मसाला- 1/4 टीस्पून
  • टाटरी- 1 चुटकी
  • जीरा- 1 चुटकी
  • बेसन- 1 टेबलस्पून
  • सफेद-काला नमक- स्वादानुसार


विधि

  • कुकर में टमाटर और मसाले की सारी सामग्री डालकर एक सीटी दें।
  • ठंडा होने पर कुकर खोलकर तेज पत्ता निकालें और बाकी मिश्रण पीसकर छान लें।
  • आटे की सारी सामग्री मिलाकर छने हुए रस से आटा गूंधें और चिकनाई लगाकर 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें।
  • पैन में एक टेबलस्पून तेल गरम करके जीरा तड़काने के बाद लाल मिर्च, धनिया, मटर और दोनों तरह के नमक डालें।
  • मटर हलकी नरम होने पर पत्तागोभी, गाजर मिलाएं और 2-3 मिनट बाद हरी मिर्च, गरम मसाला, टाटरी मिलाकर बेसन मिला दें।
  • अब बराबर-बराबर संख्या में आटे और भरावन की लोइयां बनाएं।
  • आटे की लोई बेलकर इसमें भरावन की एक लोई रखें और सावधानी से बंद करके हाथ से कचौरी का आकार दें।
  • गर्म तेल में मध्यम आंच पर तलें और गर्मागर्म सर्व करें।

टमाटर नूडल्स

सामग्री

  • टमाटर- 4 सख्त
  • उबले नूडल्स- 1/4 कप
  • पत्तागोभी- 1/2 कप
  • गाजर- 1/2 कप
  • मटर- 1/2 कप
  • हरी-पीली शिमला मिर्च- 2 टेबलस्पून
  • मैदा- 2 टेबलस्पून
  • प्रोसेस्ड चीज़- 50 ग्राम
  • दूध- 2 कप
  • मक्खन- 2 टेबलस्पून
  • सफेद मिर्च- 1/4 टीस्पून
  • काली मिर्च- 1/4 टीस्पून
  • तेज पत्ता- 1
  • लौंग- 2
  • नमक- स्वादानुसार

विधि

  • सबसे पहले चीज कद्दूकस करें।
  • फिर मटर, गाजर, पत्तागोभी ब्लांच करें।
  • अब पैन में मक्खन पिघलाकर तेज पत्ता-लौंग डालें और मैदा डालकर चलाएं।
  • मैदा भुनने पर धीरे-धीरे दूध मिलाकर लगातार चलाते रहें।
  • इससे गुठली नहीं पड़ेगी।
  • हल्‍का गाढ़ा होने पर इसमें चीज़ डालें।
  • इसके बाद नमक, सफेद-काली मिर्च मिलाकर एकसार करें और तेज पत्ता व लौंग निकाल दें।
  • अब उबले नूडल्स और पानी छानकर ब्लांच की हुई सब्जियां मिला दें।
  • फिर हरी-पीली मिर्च मिलाएं।
  • टमाटर के ऊपर से एक गोल कतली काटें और गूदा निकालकर सावधानीपूर्वक खोखला कर लें।
  • इनमें नमक लगाकर उलटा करके रखते जाएं।
  • 10 मिनट बाद मिश्रण भरें और टमाटरों में बाहर हल्‍की-सी चिकनाई लगा दें।
  • पहले से गर्म अवन में 180 डिग्री पर 10-15 मिनट बेक कर लें।

यह भी पढ़ें- घर में सिर्फ प्याज और टमाटर है तो कोई और सब्जी खरीदने की क्या जरूरत, इन दो चीजों से ही बना सकती हैं ये 3 मजेदार डिश अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक: वंदना अग्रवाल