दिल्ली के आसपास वैसे तो कई सारी जगहें हैं जहां आप अपने दोस्तों या परिवार वालों के साथ घूमने जा सकती हैं, लेकिन अक्सर लोग ऐसी जगह की तलाश में होते हैं जहां कम भीड़भाड़ हो और शांति के पल आसानी से बिताए जा सकें। अगर आप भी वीकेंड पर किसी ऐसी ही जगह जाना चाहती हैं जहां भीड़ कम मिले और आपके बजट में एक शानदार ट्रिप हो जाए, तो परेशान होने की बजाय इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें। आज हम आपको दिल्ली के पास की दो ऐसी खूबसूरत जगहों के बारे में बताएंगे, जहां आप कम खर्चे में आसानी से 2 दिन की ट्रिप प्लान कर सकती हैं।
2-डे वीकेंड गेटवे डेस्टिनेशन
खूबसूरत पहाड़ियों से लेकर ऐतिहासिक स्थलों तक, कुछ डेस्टिनेशंस ऐसी होती हैं जहां जाने के बाद असली सुकून मिलता है। अगर आप कम पैसों में आरामदायक होमस्टे, लोकल जायके और शांति भरे पल एंजॉय करना चाहती हैं, तो ये पॉकेट-फ्रेंडली 2-डे वीकेंड गेटवे आपके लिए बेस्ट रहेंगे।
1. मोरनी हिल्स, हरियाणा
हरियाणा का इकलौता हिल स्टेशन मोरनी हिल्स दिल्ली वालों के लिए एक बेहतरीन जगह हो सकता है। यह चंडीगढ़ के पास और दिल्ली से लगभग 240 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां कम समय में पहाड़ों की ठंडी हवा का आनंद लिया जा सकता है।
इस जगह पर स्थित टिक्कर ताल झील पर आप बोटिंग और पिकनिक का मजा ले सकती हैं। परिवार के साथ घूमने के लिए भी यह जगह एक शानदार ऑप्शन है। आप यहां के लोकल व्यंजनों का आनंद उठा सकती हैं। इसके अलावा, यहां बाकी टूरिस्ट स्पॉट्स के मुकाबले सस्ते होमस्टे आसानी से मिल जाते हैं, जिससे आपकी ट्रिप काफी कम खर्चे में पूरी हो जाएगी।
ऐसे पहुंचे: यहां तक आने के लिए सबसे नजदीकी हवाई अड्डा चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जो मोरनी हिल्स से लगभग 45 किलोमीटर दूर है। इसके अलावा चंडीगढ़ जंक्शन और चंडी मंदिर रेलवे स्टेशन भी पास पड़ेंगे।
2. परवाणू और सोलन, हिमाचल प्रदेश
अगर आप हिमाचल प्रदेश की तरफ जाना चाहती हैं, तो आपके लिए परवाणू और सोलन दोनों ही जगहें बहुत खूबसूरत साबित होंगी। हिमाचल के मुहाने पर बसी यह एक बेहद खूबसूरत और कम भीड़भाड़ वाली जगह है।
परवाणू अपनी केबल कार राइड यानी टिम्बर ट्रेल के लिए काफी मशहूर है। यहां आपको सेब के बागान, चाय के छोटे-छोटे बाग और देवदार के घने जंगल देखने को मिलेंगे। फोटोग्राफी और फोटोशूट कराने के शौकीन लोगों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां भी आपको बजट-फ्रेंडली होमस्टे आसानी से मिल जाएंगे।
ऐसे पहुंचे: यहां जाने के लिए निकटतम हवाई अड्डा चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो परवाणू से लगभग 30-35 किलोमीटर दूर है। इसके अलावा दिल्ली से कालका या चंडीगढ़ तक ट्रेन लेकर, वहां से बस के जरिए आप आसानी से परवाणू और सोलन पहुंच सकती हैं।
निष्कर्ष: अगर आप भी किसी वीकेंड पर अपने दोस्तों या परिवार के साथ किसी ऐसी खूबसूरत जगह जाना चाहती हैं जहां भीड़भाड़ कम हो, तो दिल्ली से कुछ ही दूरी पर मौजूद ये दोनों जगहें आपके लिए बेस्ट साबित होंगी। इन्हें आप 2-दिन की ट्रिप के लिए प्लान कर सकती हैं और यह पूरी ट्रिप महज ₹3,000 से ₹4,000 के बजट में आसानी से पूरी हो जाएगी। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
(image credit: MAGNIFIC)
-1790309645032_m.webp)