भारत में कुछ शहर खाने के लिए फेमस हैं तो कुछ अपने इतिहास के लिए। परंतु पूर्वी भारत में एक ऐसा शहर है, जहां आज भी अंग्रेजों के जमाने की बड़ी-बड़ी इमारतें, पुरानी किताबों की दुकानें और भीड़-भाड़ वाले बाजार खड़े हैं। इस शहर को देखकर आज भी ऐसा लगता है, जैसे समय वहीं रुक गया हो। इसकी पुरानी गलियां, बड़े-बड़े गुंबद वाली इमारतें और नदी का किनारा इसे बाकी शहरों से अलग बनाते हैं। इसी वजह से इसे लंदन ऑफ इंडिया कहा जाता है।

किस शहर को कहते हैं लंदन ऑफ इंडिया?

लंदन ऑफ इंडिया कोलकाता को कहा जाता है। कोलकाता को कई नामों से जाना जाता है, लेकिन ये नाम सबसे खास है। पहले इस शहर को कलकत्ता कहा जाता था। 1911 तक ये ब्रिटिश इंडिया की राजधानी रहा। अंग्रेजों के लंबे शासन की वजह से यहां बहुत सी ऐतिहासिक इमारतें बनीं, जो आज भी शहर की पहचान हैं। इन्हीं इमारतों की वजह से कोलकाता को लंदन ऑफ इंडिया का नाम मिला।

कोलकाता को क्यों मिला ये नाम?

कोलकाता की सड़कों पर चलते हुए लंदन जैसी फीलिंग आती है। यहां की कई इमारतें लंदन की पुरानी इमारतों जैसी ही दिखती हैं। बड़े-बड़े खंभे, ऊंचे गुंबद, चौड़ी सड़कें और पुराने चर्च, सब कुछ अंग्रेजों के जमाने की याद दिलाते हैं। आज भी कोलकाता के कई इलाकों में वो पुराना अंदाज वैसा ही है। इसीलिए लोग इसे लंदन ऑफ इंडिया कहते हैं।

1. विक्टोरिया मेमोरियल

कोलकाता की सबसे फेमस जगह विक्टोरिया मेमोरियल है। इसे क्वीन विक्टोरिया की याद में बनाया गया था। अंदर म्यूजियम है, जिसमें पुरानी चीजें, पेंटिंग और इतिहास से जुड़ी कई चीजें रखी हैं। बाहर बड़े-बड़े गार्डन हैं, जहां आराम से टहला जा सकता है। शाम के समय यहां की लाइटिंग बहुत सुंदर लगती है।

Photo Credit: Magnific

2. सेंट पॉल कैथेड्रल

विक्टोरिया मेमोरियल के पास ही सेंट पॉल कैथेड्रल है। ये कोलकाता के सबसे पुराने और फेमस चर्च में से एक है। इसकी गोथिक स्टाइल की बनावट और रंग-बिरंगी कांच की खिड़कियां देखने वालों को बहुत पसंद आती हैं। 19वीं सदी में बनी ये इमारत आज भी शहर के इतिहास का अहम हिस्सा है।

Photo Credit: Magnific

3. हावड़ा ब्रिज

हावड़ा ब्रिज कोलकाता की सबसे बड़ी पहचान है। ये ब्रिज हुगली नदी के ऊपर बना है और कोलकाता को हावड़ा से जोड़ता है। नदी के किनारे टहलते हुए इस ब्रिज का नजारा सबसे अच्छा दिखता है। सुबह और शाम के समय यहां भीड़ रहती है, लेकिन नजारा देखने लायक होता है।

Photo Credit: Magnific

4. जनरल पोस्ट ऑफिस (GPO)

बीबीडी बाग इलाके में बना जनरल पोस्ट ऑफिस भी देखने लायक है। इसका बड़ा गुंबद और पुरानी डिजाइन इसे बाकी इमारतों से अलग बनाती है। खास बात ये है कि ये सिर्फ देखने की जगह नहीं है। ये आज भी एक चालू पोस्ट ऑफिस है, जहां रोज काम होता है। इतिहास और आज का समय यहां एक साथ दिखता है।

कोलकाता की गलियों में क्या है खास?

कोलकाता सिर्फ इमारतों का शहर नहीं है। पार्क स्ट्रीट अपने रेस्टोरेंट और पुरानी जगहों के लिए फेमस है। यहां खाने-पीने के शौकीन लोगों को बहुत कुछ मिल जाता है। कॉलेज स्ट्रीट किताबों के शौकीन लोगों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां लाइन से किताबों की दुकानें लगी हैं, जहां पुरानी से पुरानी किताब भी मिल जाती है।

वहीं, कोलकाता जाएं और काठी रोल और रसगुल्ला न खाएं, ऐसा हो ही नहीं सकता है। ये दोनों चीजें यहां की पहचान हैं। अगर दुर्गा पूजा के समय कोलकाता जाना हो, तो पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा हुआ दिखता है। ये यहां का सबसे बड़ा त्योहार है।

Photo Credit: Pinterest (Shreya)

कोलकाता कैसे पहुंचें?

कोलकाता हवाई जहाज और ट्रेन से भारत के ज्यादातर बड़े शहरों से जुड़ा हुआ है। शहर के अंदर घूमने के लिए टॉय ट्रेन, मेट्रो, टैक्सी और कैब आसानी से मिल जाती हैं। एक दिन की सैर में विक्टोरिया मेमोरियल और सेंट पॉल कैथेड्रल को देखा जा सकता है। इसके बाद बीबीडी बाग और हुगली नदी के किनारे टहलना अच्छा रहता है। कोलकाता को सिर्फ इतिहास के लिए नहीं जाना जाता है। इसके बाजार, खाना और कल्चर भी उतने ही खास हैं। पुरानी इमारतें देखने के बाद भी यहां घूमने के लिए बहुत कुछ बचा रहता है।

कोलकाता को यूं ही लंदन ऑफ इंडिया नहीं कहा जाता है। जो लोग इतिहास, खाना और किताबों के शौकीन हैं, उनके लिए कोलकाता एक परफेक्ट जगह है। एक बार कोलकाता घूमने के बाद ये शहर हमेशा याद रह जाता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।