दिवाली का त्‍योहार 8 नवंबर को मनाया जा रहा है। ऐसे में अगर आप कहीं घूमने जाने का प्‍लान बना रही हैं तो जयपुर एक बेहतरीन ऑप्‍शन हो सकता है। गुलाबी शहर के नाम से मशहूर जयपुर में त्योहार के दिनों में बाजारों की रौनक और पुराने महलों की खूबसूरती देखने का अपना अलग मजा म‍िलता है।

शाम होते ही जयपुर में रोशनी से सजे बाजारों में घूमना, खूबसूरत इमारतों के सामने फोटोज क्‍ल‍िक करवाना और ऊंचाई से पूरे शहर का नजारा देखना आपकी ट्रिप को खास बना सकता है।

द‍िवाली पर जयपुर में घूमने लायक जगहें

अगर आप फैम‍िली या फ्रेंड्स के साथ जयपुर जा रही हैं, तो इन 5 जगहों को अपनी घूमने वाली लिस्ट में जरूर शामिल कर लें।

image credit- pexels

नाहरगढ़ किला

जयपुर के खूबसूरत नजारों को देखने के लिए आप नाहरगढ़ किला चली जाएं। यह अरावली की पहाड़ों पर बना हुआ है और यहां से पूरे शहर का शानदार नजारा देखने को म‍िलता है। शाम के समय शहर की जगमगाती लाइटें देखने का अलग ही मजा म‍िलेगा। दिवाली के आसपास यहां से रोशनी से सजे जयपुर को देखना आपके ल‍िए यादगार हो जाएगा। बस जाने से पहले किले का समय जरूर चेक कर लें।

जौहरी बाजार

अगर आपको शॉपिंग पसंद है, तो जौहरी बाजार जरूर जाएं। दिवाली के समय यहां दुकानों की सजावट और बाजार की चहल-पहल देखने लायक होती है। आसपास की गुलाबी इमारतें भी इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं।

image credit- magnific

हवा महल

हवा महल तो जयपुर की पहचान है। जयपुर जाएं और हवा महल न देखें, ऐसा तो हो ही नहीं सकता है। द‍िवाली के मौके पर आप हवा महल तो घूमें ही, साथ ही इसके आसपास के पुराने बाजार दिवाली के समय रोशनी से चमक उठते हैं। इसल‍िए यहांभी जाएं और तस्वीरें लेना ब‍िल्‍कुल न भूलें।

आमेर किला

जयपुर से करीब 11 किलोमीटर दूर आमेर किला भी आपकी ट्रैवल ल‍िस्‍ट में जरूर होना चाह‍िए। यहां राजस्थानी बनावट, बड़े आंगन और शीश महल देखने को मिलेंगे। अगर आपको पुराने किले और महल देखना पसंद है, तो यह जगह आपके ल‍िए बेस्ट रहेगी।

बापू बाजार

जयपुर का बापू बाजार भी खरीदारी के लिए फेमस है। ऐसे में दिवाली के दिनों में यहां शाम के समय घूमना आपके ल‍िए बेस्‍ट एक्‍सपीर‍ियंस हो सकता है। इस दौरान बाजार की सजावट और रंग-बिरंगी दुकानों के बीच आप खूब सारी तस्वीरें भी ले सकती हैं।

समय मिले तो यहां भी जाएं

अगर जयपुर ट्र‍िप में आपके पास समय बचा है, तो आप इन जगहों को भी कवर कर सकती हैं। जैसे-

  • सिटी पैलेस: पुराने जयपुर के बीच बना यह सि‍टी पैलेस अपने शाही कमरों और म्यूजियम के लिए जाना जाता है।
  • जंतर मंतर: यहां पुराने समय के खगोलीय यंत्र देखने को मिलेंगे। यह यूनेस्को की विश्व धरोहर ल‍िस्‍ट में शामिल है।
  • अल्बर्ट हॉल म्यूजियम: राम निवास गार्डन में बने इस म्यूजियम में आपको पुरानी कलाकृतियों, हथियारों और दूसरी ऐतिहासिक चीजें देखने काे म‍िलेंगी।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI