सुशांत सिंह राजपूत की मौत को 6 साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी उनकी डेथ से जुड़े कई ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब नहीं मिल पाए हैं और जो आज भी उनके परिवार और फैंस को परेशान करते हैं। उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति और उनके परिवार ने कई इंटरव्यूज के दौरान कहा है कि सुशांत ने सुसाइड नहीं किया था, बल्कि उनकी हत्या हुई थी। हाल ही में श्वेता सिंह ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में एक बार फिर सुशांत की मौत से जुड़े कई सवाल उठाए और कहा कि उनके भाई की मौत में कुछ गड़बड़ थी। उन्होंने यह भी बताया कि अपनी एक्स मैनेजर दिशा सालियान की मौत के बाद एक्टर बहुत परेशान रहते थे और अक्सर कहते थे कि वो लोग मुझे भी नहीं छोड़ेंगे। चलिए आपको बताते हैं कि श्वेता ने क्या कहा है?
सुशांत की मौत से जुड़े कई पहलू आज भी हैं अनसुलझे
सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने Supertalks by The Movingship नाम के यूट्यूब चैनल के साथ बातचीत में उनकी मौत से जुडे़ कई ऐसे खुलासे किए, जिसके बाद फिर से कई सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि छह सालों के बाद भी सुशांत की मौत से जुड़े कई ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब आज तक नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने कहा, "भाई कभी अपना कमरा बंद नहीं करता था...फिर उस दिन उनका कमरा अंदर से कैसे बंद था...हमें अभी भी नहीं पता है कि असल में क्या हुआ था...पोस्टमार्टम की इतनी जल्दी क्यों थी...कुछ तो गड़बड़ थी जो अभी तक सामने नहीं आई है। कुछ तो ठीक नहीं था।" श्वेता ने यह भी कहा कि मौत के बाद सुशांत उनसे मिलने आए थे। उन्होंने गले लगाकर उनसे घंटों बात की। श्वेता की मानें तो उन्हें कई बार सुशांत की मौजूदगी का एहसास होता है।
सुशांत को सता रहा था इस बात का डर
श्वेता ने दावा किया कि जबसे सुशांत की एक्स मैनेजर दिशा सालियन की मौत हुई थी, वो बहुत परेशान थे और अक्सर कहते थे कि वो लोग उन्हें भी नहीं छोड़ेंगे। श्वेता ने कहा, "हो सकता है उनके पास कोई जानकारी हो...जिसे वो सामने लाने वाले थे।" श्वेता के ऐसा कहने के बाद जब एंकर ने उनसे पूछा कि क्या सुशांत का 'वो' कहने का मतलब बॉलीवुड के कुछ पॉवरफुल लोगों से था, तो श्वेता ने कहा कि उन्हें इस बारे में नहीं पता है। बता दें कि सुशांत की मौत से कुछ दिन पहले बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरने से दिशा की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें- सुशांत राजपूत केस में नया मोड़, Rhea Chakraborty के फ्रीज हुए बैंक अकाउंट्स अब होंगे एक्टिव
सीबीआई जांच पर कही यह बात
श्वेता ने यह भी कहा कि वो और उनका परिवार दिल से जानता है कि सुशांत के साथ क्या हुआ था और उन्हें लगता है कि सीबीआई की तरफ से केस दबाने की कोशिश की गई थी। सीबीआई ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट में सुशांत की मौत को सुसाइड बताया था। हालांकि, उनकी मौत से जुड़ी कई थ्योरीज सामने आती रही हैं और आज भी कई लोग उनकी मौत को मर्डर मानते हैं। बता दें कि सुशांत 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा में अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। बताया गया था कि उन्होंने पंखे से लटकर जान दे दी थी।
यह भी पढ़ें- 'मैं अभी भी उबर नहीं पाई हूं', सुशांत सिंह राजपूत केस पर फिर छलका रिया चक्रवर्ती का दर्द
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री, ओटीटी, फिल्मी गलियारों से जुड़े पुराने किस्से और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेंमेंट सेक्शन से।
