नौकरी पाने के लिए इंटरव्यू करियर के लिए बेहद जरूरी पड़ावों में से एक है। इंटरव्यू में आप अपनी योग्यताओं और ज्ञान को शब्दों के जरिए बयां करते हैं, लेकिन आपके बोलने से पहले ही आपकी बॉडी लैंग्वेज यानी शारीरिक भाषा इंटरव्यू लेने वाले अधिकारी के सामने आपकी शख्सियत को पेश कर देती है। सही बॉडी लैंग्वेज यह बताती है कि आप पद के लिए कितने गंभीर, आत्मविश्वासी और योग्य हैं। कई बार ज्ञान होने के बावजूद केवल गलत हाव-भाव या घबराहट की वजह से अवसर हाथ से निकल जाता है। ऐसे में एक्सपर्ट हमेशा सलाह देते हैं कि इंटरव्यू के दौरान शब्दों के चयन के साथ-साथ अपने शारीरिक हाव-भाव पर ध्यान देना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए हमने एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा की कम्युनिकेशन और कंटेंट मैनेजर रिन्नी माहेश्वरी से भी बात की है। जानते हैं आगे...

इंटरव्यू में बॉडी लैंग्वेज कैसी होनी चाहिए?

इंटरव्यू के दौरान बॉडी लैंग्वेज जैसे हाव-भाव, मुस्कान आदि को लेकर कुछ बातों का ख्याल रखना जरूरी है-

1. सही पोस्चर या बैठने का तरीका

इंटरव्यू टेबल के सामने बैठने का तरीका सबसे पहला प्रभाव डालता है। सीधे और संतुलित होकर बैठना यह दिखाता है कि आप बातचीत में पूरी तरह से शामिल हैं और गंभीर हैं। बहुत अधिक झुककर बैठने से आलस का अहसास होता है, जबकि बहुत ज्यादा अकड़कर बैठने से घमंड झलक सकता है।

2. हाथों और पैरों की सही स्थिति

बातचीत के दौरान अपने हाथों को गोद में या टेबल पर रखें। हाथों को बांधकर बैठना यह संकेत देता है कि आप किसी बात को स्वीकार करने में संकोच कर रहे हैं। बार-बार पैर हिलाना या उंगलियां चटकाना आपकी घबराहट को दिखाता है। ऐसे में हाथों और पैरों को स्थिर और शांत रखें।

3. आई कॉन्टैक्ट का महत्व

इंटरव्यूअर से बातचीत करते समय सही आई कॉन्टैक्ट बनाना आत्मविश्वास की सबसे बड़ी पहचान है। जब आप सामने वाले की आंखों में देखकर बात करते हैं, तो आपकी ईमानदारी झलकती है। हालांकि, लगातार घूरने से बचें और बातचीत के दौरान स्वाभाविक रूप से नजरें मिलाएं।

4. मुस्कान और चेहरे के हाव-भाव

चेहरे पर हल्की और प्राकृतिक मुस्कान पूरे माहौल को खुशनुमा बना देती है। जब आप किसी से मिलते या विदा लेते हैं, तो चेहरे की मुस्कान आपको सहज और मिलनसार दिखाती है। स्ट्रेस या गंभीर चेहरा सामने वाले को अजीब महसूस करवा सकता है।

यह भी पढ़ें- Career Break के बाद कैसे करें कमबैक? जानें सक्सेस पाने के 5 टिप्स

बॉडी लैंग्वेज के लिए जरूरी टिप्स

इंटरव्यू में अपनी बॉडी लैंग्वेज से सकारात्मक प्रभाव छोड़ने के लिए आप नीचे दी गई बातों को अमल में ला सकते हैं।

  • अपनी ठुड्डी को थोड़ा ऊपर रखें और सिर को सीधा रखें। नीचे सिर करके बैठने से आत्मविश्वास की कमी लगती है, जबकि सीधा सिर रखना आपकी जागरूकता को दर्शाता है।
  • मुलाकात की शुरुआत या अंत में हाथ मिलाते समय आपकी पकड़ न तो बहुत ढीली होनी चाहिए और न ही बहुत ज्यादा सख्त।

  • बोलने की स्पीड आपकी मानसिक स्थिति को दर्शाती है। बहुत तेजी से बोलना घबराहट को दिखाता है, जबकि बहुत धीमे बोलना निरसता ला सकता है। 
  • इंटरव्यू लेने वाले व्यक्ति के व्यवहार को समझें। उनकी बात करने की गति और हाव-भाव के साथ हल्का तालमेल बिठाने से आपसी संवाद बेहतर होता है और जुड़ाव महसूस होता है।

यह भी पढ़ें- 12वीं के बाद एयर होस्टेस कैसे बनें? जानें क्वालिफिकेशन से लेकर सिलेक्शन प्रोसेस तक सब कुछ

इंटरव्यू में आपकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि आप अपने ज्ञान और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किस प्रकार करते हैं। आपकी बॉडी लैंग्वेज आपके आत्मविश्वास की झलक होती है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific