आज के समय 40 साल के बाद करियर को नया मोड़ देना मुश्किल नहीं है। इस उम्र में आपके पास दो दशकों का लंबा और समृद्ध अनुभव, परिपक्वता, मजबूत नेटवर्क और समस्याओं को सुलझाने की समझ होती है। यही अनुभव आपके लिए नई संभावनाओं के रास्ते खोलता है। अगर आप भी 40 के बाद अपने करियर को नई दिशा देने की सोच रही हैं, तो यह खबर आपके लिए है। करियर काउंसलर महेंद्र भोजक बताते हैं कि अब 40 के बाद करियर की नई राह तलाशना मुश्किल नहीं रहा। आपको कुछ छोटी, लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। आइए जानते हैं यहां।
हमेशा खुद को अपडेट रखें
करियर काउंसलर महेंद्र भोजक के अनुसार, "वर्कप्लेस में नई तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।" आजकल वर्कप्लेस में तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ता जा रहा है। नए-नए तरह के सॉफ्टवेयर, टूल, चैट, ऐप आदि का इस्तेमाल आम होता जा रहा है। ऐसे में खुद को हर नई तकनीक के प्रति अपडेट रखें। अगर आपको उस तकनीक या टूल पर काम नहीं भी करना है तो भी उसकी कार्यप्रणाली के बारे में पूरी जानकारी रखें। जब आप हर तकनीक से खुद को अपडेट रखेंगी तो जॉब मार्केट में आपकी डिमांड बढ़ेगी।
Image Credit: magnific.com
अपने अंदर सकारात्मक बदलाव लाएं
ज्यादातर 40+ में महिलाएं सोचने लगती हैं कि अब जॉब सर्च सही नहीं है। यही सोच डर का रूप ले लेती है और काम पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। ऐसे में मौजूदा कार्यस्थल में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि जंग तो आप तभी हार जाते हैं जब खुद को पहले ही कमतर आंककर डर जाते हैं। सबसे पहले अपने अंदरूनी डर को दूर करें। खुद को नए लोगों की तुलना में अनुभवी समझें। नए लोग भले ही तकनीकी रूप से आपसे ज्यादा सक्षम होंगे, लेकिन जो समझ और ज्ञान आपने अपने प्रोफेशन के बारे में इतने सालों में विकसित की है उसे कोई नहीं छीन सकता। अपने अनुभव से लोगों को प्रभावित करें।
कंसल्टिंग और फ्रीलांसिंग की फील्ड में हाथ आजमाएं
Image Credit: Shutterstock
40 की उम्र के बाद सबसे बड़ा अवसर अपनी वर्षों की विशेषज्ञता को कंसल्टिंग में बदलना है। यहां किसी एक कंपनी की जगह अलग-अलग क्लाइंट्स के साथ काम करने का मौका मिलता है। यह आपको फ्लेक्सिबिलिटी देता है। इसके अलावा आईटी, फाइनेंस, मार्केटिंग, या एचआर जैसे क्षेत्रों के पेशेवर अपनी विशेषज्ञता के आधार पर हाई फीस पर सलाहकार के रूप में सेवाएं दे सकते हैं।
टीचिंग, कोचिंग और मेंटरशिप से फैलाएं ज्ञान
अगर आप अपना ज्ञान दूसरों के साथ बांटना पसंद करते हैं, तो शिक्षा और कोचिंग का क्षेत्र सबसे बेस्ट है। आप कॉरपोरेट ट्रेनर बनकर कंपनियों के कर्मचारियों को लीडरशिप और सॉफ्ट स्किल्स की ट्रेनिंग दे सकते हैं। बीते कुछ सालों में एग्जीक्यूटिव कोच के तौर पर युवा प्रोफेशनल्स और स्टार्टअप फाउंडर्स को गाइड करने के लिए कॉर्पोरेट कोचिंग की मांग तेजी से बढ़ी है।
एंटरप्रेन्योरशिप और खुद का स्टार्टअप शुरू करें
केंद्र सरकार के युवा मामलों के मंत्रालय की ओर से जारी एक सर्वे के अनुसार, 40 और उससे अधिक उम्र के संस्थापकों द्वारा शुरू किए गए स्टार्टअप्स के सफल होने की संभावना युवा संस्थापकों की तुलना में अधिक होती है। इसके पीछे की मुख्य वजह मजबूत नेटवर्क है। लंबे समय का अनुभव आपको बाजार के जोखिमों को बेहतर ढंग से संभालने में सक्षम बनाता है।
40 साल की उम्र के बाद करियर बदलना एक नया दृष्टिकोण और नई ऊर्जा लेकर आता है। ध्यान रखें कि आपको शून्य से शुरुआत नहीं करनी होती, बल्कि अपने पुराने अनुभवों को नए अवसरों के साथ जोड़ना होता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: magnific. AI
