शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। इस दौरान लड़कियां अपने आउटफिट और मेकअप को लेकर सबसे ज्यादा एक्साइटेड रहती हैं, लेकिन इस फंक्शन और भागदौड़ में हम एक जरूरी चीज को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं और वह हैं हमारे बाल। लगातार चलने वाले फंक्शन्स, रोज-रोज ब्लो-ड्राई, कर्लिंग आयरन और ढेर सारे हेयर स्प्रे का इस्तेमाल बालों को अंदर से कमजोर बना देता है। ऊपर से बढ़ता प्रदूषण और मौसम की नमी बालों की हालत और खराब कर देती है।
वेडिंग सीजन में बालों की देखभाल कैसे करें?
शादियों के बीच बालों को खराब होने से बचाने के लिए &Done की को-फाउंडर सौम्या यादव ने बहुत आसान और काम के टिप्स शेयर किए हैं। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं-
image credit- magnific
रेगुलर हेयर केयर रूटीन को न छोड़ें
सौम्या यादव ने बताया कि शादियों के सीजन में रात भर हील्स पहनकर नाचने से हमारे पैरों को जितनी थकान होती है, उससे कहीं ज्यादा नुकसान हमारे बालों को झेलना पड़ता है। ऐसे में आप अपना रेगुलर हेयर केयर रूटीन बिल्कुल न छोड़ें। प्रदूषण और स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल की वजह से स्कैल्प पर काफी दबाव पड़ता है। ऐसे में अपने डेली रूटीन में हेयर ग्रोथ सीरम शामिल करें। इससे स्कैल्प को हेल्दी रखने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- गजरे को बालों में टिकाने के लिए अपनाएं ये आसान ट्रिक्स, त्योहारों पर नहीं बिगड़ेगी हेयरस्टाइल
हेयर स्टाइलिंग के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप बैक-टू-बैक शादियां अटेंड कर रही हैं, तो बालों को डैमेज होने से बचाने के लिए कुछ बेसिक नियमों को फॉलो करना बहुत जरूरी है। जैसे-
- किसी भी तरह की हीट स्टाइलिंग (जैसे स्ट्रेटनिंग या कर्लिंग) शुरू करने से पहले बालों पर हीट प्रोटेक्टेंट लगाना कभी न भूलें।
- फंक्शन के बीच में टच-अप करने, बालों की चमक बनाए रखने और फ्रिजी बालों को कंट्रोल करने के लिए अपने बैग में एक लीवे-इन सीरम जरूर रखें।
- अगर आपके बाल कलर्ड हैं, केमिकली ट्रीटेड हैं या उन पर बार-बार हीट स्टाइलिंग होती है, तो बालों के खराब होने का इंतजार न करें। रेगुलर बॉन्ड-रिपेयर ट्रीटमेंट लें। इससे बालों की मजबूती बनी रहती है।
फंक्शन के बाद बालों को दें थोड़ा आराम
सौम्या यादव ने कहा कि हम अपने बालों को स्टाइल करवाने में दो घंटे लगा देते हैं, लेकिन फंक्शन के बाद उनकी देखभाल करने के लिए मुश्किल से पांच मिनट भी नहीं निकालते। इसलिए शादियों के बीच बालों को रिकवर होने का समय जरूर दें। इसके लिए-
- हेयर स्प्रे और जेल जैसे स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स को बालों में जमा न रहने दें, इन्हें अच्छे से वॉश करके साफ करें।
- थकान की वजह से जूड़े या हेयरस्टाइल में लगी पिन्स के साथ ही न सो जाएं, सोने से पहले सारी पिन्स जरूर निकाल दें।
- दो अलग-अलग फंक्शन्स के बीच बालों को बिना किसी हीट या स्टाइलिंग के खुला और नेचुरल रहने दें, ताकि उन्हें थोड़ा आराम मिल सके।
आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
