कल सुबह आफिस में मेरी जरूरी मीटिंग है और एक प्रेजेंटेशन भी देना है, लेकिन मेरी आंखें थकी और सूजी हुई नजर आ रही हैं। क्या आपके साथ भी ऐसा होता है। अगर हां, तो 20 मिनट के अंदर आई पैचेज के कमाल से आंखों में आपका आत्मविश्वास वापस आ सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानें, क्या हैं इसके फायदे और कैसे होते हैं ये पैचेज...

इंडियन स्किन केयर के लिए इन दिनों अंडर-आई पैच का चलन काफी तेजी से फैल रहा है। ये पैचेज सिर्फ 15-20 मिनट में डार्क सर्कल्स से लेकर झुर्रियों को कम करने में मदद करते हैं। यही नहीं, आंखों के नीचे की सूजन और थकान भी दूर करने में सहायक हैं। आजकल लोग इसे ज्यादा पसंद इसलिए भी कर रहे हैं, क्योंकि लोगों के पास वक्त की कमी है और ऐसे में ये पैच बहुत जल्दी और आसानी से अंडर आई एरिया की समस्याओं को सुलझा देते हैं।

क्यों पड़ती है आई पैचेज की जरूरत?

इन दिनों लोगों का स्क्रीन टाइम बढ़ने के कारण आंखों के नीचे काले घेरे, सूजन और थकान नजर आती है। यही नहीं, अनियमित दिनचर्या, आहार, रात को देर से सोना-सुबह देर तक जगना और हार्मोनल बदलाव भी इसके पीछे की अहम वजहें मानी जाती हैं। इससे आंखें ड्राई और आस-पास की त्वचा कठोर होने लगती है।

यह भी पढ़ें- डार्क सर्कल्‍स से परेशान महिलाएं ये 5 घरेलू नुस्‍खे आजमाएं, दिखता है असर

आई पैचेज के फायदे

सूजन कम करना: अगर सुबह उठने पर आपकी आंखें सूजी हुई लगती हैं, तो ठंडे आई पैच इसे ठीक कर सकते हैं। इसके अलावा और भी कई फायदे हैं...

  • रूखी त्वचा को गहराई से नमी प्रदान करता है।
  • आंखों के नीचे की त्वचा को मुलायम बनाता है।
  • रूखेपन की महीन रेखाओं को रोकता है।
  • त्वचा को भरा-भरा दिखाता है।

इसके इस्‍तेमाल से काले घेरे कम होते हैं, बेजान आंखों में चमक आती है। आंखों को ठंडक मिलने से दिमाग भी शांत होता है और आंखें तरोताजा लगने लगती हैं।

आई पैचेज कितने प्रकार के होते हैं?

नियासिनमाइड (विटामिन बी3), मोती का अर्क, ग्लिसरीन, हाइलूरोनिक एसिड, एलोवेरा और खीरा के पैचेज बाजार में उपलब्ध हैं। ये पैचेज हर किसी की त्वचा के हिसाब से लगाए जाते हैं। संवेदनशील त्वचा वालों को एलोवेरा और मोती के अर्क के पैचेज लगाने की सलाह दी जाती है।

यह भी पढ़ें- आंखों के नीचे सूजन को कम करते हैं ये 3 अचूक नुस्‍खे, डार्क सर्कल्‍स भी होते हैं दूर

घर पर कैसे बनाएं आई पैचेज?

आप चाहें तो घर पर प्राकृतिक पैचेज भी बना सकते हैं-

  • आलू कद्दूकस करके या इसकी स्लाइस काटकर आंखों पर लगाएं। इसे थोड़ी देर छोड़ देने के बाद आंखों को बहुत आराम मिलता है, लेकिन इसके लगातार प्रयोग से ही काले घेरे कम हो जाते हैं।
  • खीरे को कद्दूकस करके या फिर इसके स्लाइस भी लगा सकते हैं। ठंडे ग्रीन टी बैग्स को आंखों पर 10-15 मिनट रख सकते हैं, इससे सूजन कम होती है। कॉटन पैड्स को ठंडे दूध में डुबोकर आंखों पर रख लें, इससे स्किन सॉफ्ट बनती है और हाइड्रेशन भी अच्छा रहता है।

ब्यूटी एक्सपर्ट डॉक्‍टर ब्लासम कोचर के मुताबिक, बाजार में मिलने वाले पैचेज में हाइलूरोनिक एसिड, कैफीन, पेप्टाइड्स जैसे एक्टिव इंग्रेडिएंट्स होने के कारण त्वचा को जल्दी फायदा पहुंचता है, लेकिन संवेदनशील त्वचा वालों को कभी-कभी इससे खुजली और एलर्जी जैसी दिक्कत भी हो सकती है। हालांकि, ये थोड़े समय के लिए राहत तो देते हैं लेकिन यह आखिरी उपाय नहीं है। आई पैचेज दिखने में छोटे, मुड़े हुए और काफी नरम पैड्स जैसे होते हैं जो आसानी से आंखों के नीचे फिट हो जाते हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल

Image Credit: magnific.com