हमारे यहां भारतीय रसोई में कई ऐसी चीजें होती हैं, जो सि‍र्फ खाने के ही नहीं बल्‍क‍ि स्‍क‍िन केयर में भी काम आती हैं। ऐसी ही एक चीज है चावल का मांड। आमतौर पर लोग चावल पकाने के बाद इसका पानी फेंक देते हैं, लेक‍िन यहीं मांड आपकी त्‍वचा की देखभाल कर सकता है। दरअसल, इसमें जो स्‍टार्च होता है, वह आपकी त्‍वचा को मुलायम बनाने और न‍िखार लाने में मदद कर सकता है।

अगर इसमें थोड़ा सा बादाम का तेल म‍िला लि‍या जाए ताे यह स्‍क‍िन को हाइड्रेट भी रख सकता है। लखनऊ की ब्‍यूटी एक्‍सपर्ट अमरीश कौर का कहना है क‍ि अगर आपकी स्‍क‍िन ज्‍यादा रूखी और बेजान लगती है तो आप इसे इसे अपनी स्‍क‍िन केयर रूटीन का ह‍िस्‍सा बना सकती हैं। आइए जानते हैं कि चावल के मांड में बादाम का तेल मिलाकर कैसे इस्तेमाल करें और किन बातों का ध्यान रखें?

चावल का मांड और बादाम का तेल त्वचा के लिए क्यों फायदेमंद है?

आपको बता दें क‍ि चावल के मांड में स्टार्च और कुछ नेचुरल तत्व होते हैं, जो स्‍क‍िन को साफ और मुलायम बनाने में मदद कर सकते हैं। इसे लगाने से स्किन पर हल्की नमी बनी रहती है और चेहरा भी एकदम फ्रेश दिख सकता है। वहीं, बादाम के तेल की बात करें तो इसमें विटामिन E और हेल्दी फैटी एसिड पाया जाता है जो त्वचा को मॉइश्चराइज रखने में मदद करता है।

कैसे बनाएं फेस फैक?

अगर आप इसका इस्‍तेमाल करना चाहती हैं, तो बता दें क‍ि इस फेस पैक को बनाना बहुत ही आसान है। इसके ल‍िए-

  • 2 से 3 चम्मच ठंडा किया हुआ चावल का मांड लें।
  • अब इसमें 4 से 5 बूंद प्‍येार बादाम का तेल मिला लें।
  • इसके बाद दोनों चीजों को अच्छी तरह से म‍िक्‍स करें।

लगाने का सही तरीका क्‍या है?

इस पैक को चेहरे पर लगाने के ल‍िए आपको सही तरीका मालूम होना चाह‍िए। जैसे-

  • सबसे पहले चेहरे को फेस वॉश से साफ कर लें।
  • अब इस पैक को पूरे चेहरे और गर्दन पर लगाएं।
  • इसे कम से कम 10 से 15 मिनट तक के ल‍िए लगा रहने दें।
  • इसके बाद सादे पानी से चेहरे को धो लें।
  • आखिर में जो मॉइश्चराइजर आप यूज करती हैं, उसे लगा लें।

हफ्ते में कितनी बार लगाना चाहिए?

इस पैक का इस्‍तेमाल आप हफ्ते में 2 बार कर सकती हैं। बहुत ज्यादा इस्तेमाल करने से बचना चाह‍िए। वरना यह फायदे की जगह नुकसान भी कर सकता है। अगर आपकी स्किन ड्राई रहती है या चेहरा बेजान और रूखा नजर आता है, तो इस पैक का इस्‍तेमाल क‍िया जा सकता है, लेक‍िन अगर आपकी स्किन बहुत ऑयली है, तो बादाम का तेल कम ही इस्तेमाल करें। बस ध्‍यान रहे क‍ि अगर आप न‍ियम‍ित रूप से इसका इस्‍तेमाल करेंगी तो ही फर्क देखने को म‍िल सकता है। आपके चेहरे की रंगत न‍िखर सकती है।

यह भी पढ़ें- K-Beauty: रात में चेहरे पर लगाएं ये चीजें, शीशे जैसी चमक उठेगी आपकी स्किन

इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

कोई भी घरेलू नुस्‍खा आजमाने से पहले कुछ बातों का ध्‍यान रखना जरूरी होता है। जैसे-

  • पहले हाथ के अंदरूनी हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें।
  • अगर जलन, खुजली या रेडनेस द‍िखे तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें।
  • चेहरे पर अगर कोई घाव, मुंहासे या इंफेक्शन हो तो इसे न लगाएं।
  • अगर आपको स्‍क‍िन से जुड़ी कोई बीमारी है तो इस्‍तेमाल करने से पहले एक्‍सपर्ट की सलाह लें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik