खीरा सिर्फ के काम ही नहीं आता, बल्कि यह स्किन और ब्यूटी रूटीन में भी काफी मददगार साबित होता है। आमतौर पर लोग खीरे से टोनर या फेस पैक बनाते हैं, लेकिन आज हम आपको इससे एक खास 'कूलिंग मेकअप सेटिंग स्प्रे' बनाने का तरीका बता रहे हैं।

जी हां मानसून के दौरान चिपचिपाहट, पसीने और नमी की वजह से मेकअप बहने लगता है। इसे चेहरे पर लंबे समय तक लॉक रखने के लिए लड़कियां अक्सर महंगे प्रोडक्ट्स पर पैसे खर्च करती हैं। अगर आप भी केमिकल-युक्त और महंगे स्प्रे की जगह कोई बजट-फ्रेंडली व नेचुरल ऑप्शन ढूंढ रही हैं, तो यह लेख आपकी मदद कर सकता है। 

होममेड सेटिंग स्प्रे के लिए सामग्री

किचन या स्किनकेयर किट में मौजूद कुछ चीजों से आप इसे कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकती हैं। यह होममेड सेटिंग स्प्रे मेकअप को लंबे समय तक फ्रेश रखने के साथ त्वचा को हल्का हाइड्रेटेड महसूस कराता है।

  • 2 से 3 ताजे खीरे
  • कुछ बूंदें गुलाब जल
  • 2-3 बूंदें लैवेंडर एसेंशियल ऑयल
  • आधा कप ठंडा या फिल्टर किया हुआ पानी

होममेड सेटिंग स्प्रे बनाने की विधि

घर पर बना यह सेटिंग स्प्रे न सिर्फ किफायती है, बल्कि इसमें मौजूद नेचुरल चीजें त्वचा को कोई नुकसान भी नहीं पहुंचाती हैं। इसे तैयार करने के लिए आप बस इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:

  • सबसे पहले खीरों को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • अब इन्हें ब्लेंडर में पीस कर छलनी की मदद से सारा जूस छानकर एक कटोरी में निकाल लें।
  • खीरे के इस जूस में गुलाब जल और लैवेंडर ऑयल मिलाएं।
  • अब इसमें थोड़ा-सा ठंडा पानी डालें और चम्मच से अच्छी तरह मिक्स कर लें।
  • तैयार लिक्विड को एक साफ स्प्रे बोतल में भरकर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें।
  • जब भी मेकअप करें, आप इसका इस्तेमाल कर सकती हैं।

होममेड सेटिंग स्‍प्रे कैसे लगाएं?

सिर्फ सेटिंग स्प्रे बना लेना ही काफी नहीं है, बल्कि इसे सही तरीके से अप्लाई करना भी उतना ही जरूरी है। अगर आप इसे तरीके से इस्तेमाल करेंगी, तो आपका मेकअप लंबे समय तक फ्रेश और स्मज-फ्री नजर आएगा।

  • पूरा मेकअप कम्प्लीट होने के बाद स्प्रे बोतल को अपने चेहरे से लगभग 8 से 10 इंच की दूरी पर रखें और 2 से 3 बार हल्के से छिड़कें।
  • स्प्रे करते समय शुरुआत माथे से करें और धीरे-धीरे इसे चिन तक लाएं।
  • इसे आप रिफ्रेशिंग 'फेस मिस्ट' की तरह भी छिड़क सकती हैं।
  • इससे आपकी त्वचा तुरंत खिली-खिली और तरोताजा नजर आएगी।

सेटिंग स्‍प्रे इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • चेहरे पर बहुत ज्‍यादा छिड़काव न करें, वरना मेकअप गीला होकर बह सकता है।
  • फ्रिज में स्टोर करके आप इसे 3 से 4 दिनों तक इस्‍तेमाल कर सकती हैं।
  • ताजा बनाकर इस्तेमाल करना हमेशा बेहतर रहता है।
  • पहली बार इस्तेमाल करने से पहले अपनी कलाई या गर्दन के पास पैच टेस्ट जरूर करें।
  • अगर किसी तरह की जलन या खुजली न हो, तभी इसे चेहरे पर लगाएं।

यह भी पढ़ें- Long Lasting Makeup: बिना सेटिंग स्प्रे के भी घंटों टिका रहेगा मेकअप, बस आजमाएं ये आसान ब्यूटी हैक्स

आप भी मेकअप के बाद अगर बाजार का महंगा सेटिंग स्प्रे इस्तेमाल करती हैं, तो अब ऊपर बताएं गए टिप्स को आजमाकर होममेड स्प्रे तैयार कर सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit :  magnific