चेहरे पर एक-दो पिंपल निकलना तो आम बात है, लेकिन जब बार-बार पिंपल होने लगें तो रंगत तो डाउन होती ही है, साथ ही चेहरा भी गंदा नजर आने लगता है। खासकर तब, जब पिंपल्स की वजह से चेहरे पर लाल निशान और दाग भी दिखने लगें। ऐसे में कुछ लोग बाजार से महंगे प्राेडक्ट्स खरीदकर इस्तेमाल करते हैं तो वहीं कुछ लोग तरह-तरह के घरेलू नुस्खे आजमाने लगते हैं। इन्हीं में से नीम और लौंग का पैक भी एक है।
नीम और लौंग जैसी दोनों चीजें आमतौर पर आसानी से मिल जाती हैं और लंबे समय से स्किन केयर में इनका इस्तेमाल होता आ रहा है। कई रिसर्च में भी नीम और लौंग को स्किन के लिए अच्छा बताया गया है। नोएडा सेक्टर 44 की ब्यूटी एक्सपर्ट अमरीश कौर ने बताया है कि अगर सही तरीके से नीम और लौंग का पैक इस्तेमाल किया जाए तो इसका असर दिख सकता है। आइए जानते हैं-
नीम और लौंग पिंपल्स में क्यों काम आ सकते हैं?
आपको बता दें कि पिंपल्स सिर्फ गंदगी की वजह से नहीं निकलते हैं। मुंहासे स्किन में होने वाली सूजन, ज्यादा ऑयल बनने और पोर्स से जुड़ी कई वजहों से निकल आते हैं। इसलिए सिर्फ चेहरे को साफ रखने से हर बार पिंपल की समस्या खत्म नहीं होती है। नीम की बात करें तो इसमें एंटीबैक्टीरियल और सूजन कम करने वाले गुण पाए गए हैं। लौंग को लेकर भी मुंहासों पर रिसर्च हुई है। इसमें लौंग के तेल और करक्यूमिन से बने एक खास जेल को मुंहासे वाले जगह पर लगाया गया। इससे पिंपल्स थोड़े कम हुए थे। हालांकि, पिंपल्स से छुटकारा पाने का यह कोई परमानेंट समाधान नहीं है। अगर लगातार ये दिक्कत बनी रहे तो एक्सपर्ट से सलाह लेना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- ऑयली स्किन पर भूलकर भी न लगाएं ये चीजें, बढ़ सकते हैं पिंपल्स
लौंग-नीम का पेस्ट कैसे तैयार करें?
अगर आप इसे घरेलू स्किनकेयर के लिए लौंग और नीम का पैक इस्तेमाल करना चाहती हैं तो इस तरीके से बना सकती हैं। जैसे-
- नीम की कुछ पत्तियां लेकर अच्छी तरह धो लें।
- इसके बाद उन्हें पीस लें।
- इसमें बहुत थोड़ी मात्रा में लगभग छोटी सी चुटकी लौंग का पाउडर मिला लें।
- आपका पैक बनकर तैयार है।
बस ध्यान रहे कि लौंग का तेल और न ही पाउडर कभी भी चेहरे पर सीधे इस्तेमाल न करें, वरना जलन की समस्या हो सकती है।
कैसे करें इस्तेमाल?
इसे इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले चेहरे को साफ कर लें। इसके बाद इस पैक को पतली सी लेयर में चेहरे पर लगाएं। करीब 10 मिनट बाद चेहरे को धो लें। इसके बाद चेहरा जब सूख जाए तो कुछ देर बाद मॉइश्चराइजर लगा लें। इसका इस्तेमाल आप 10 से 15 दिन में एक बार कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Neem Soap: घर पर इस तरह बनाएं नीम का साबुन, पिंपल्स से मिल सकता है छुटकारा
ध्यान रखें ये बातें
अगर आप नीम और लौंग का पैक यूज कर रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। जैसे-
- नीम और लौंग का पैक लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
- हमेशा साफ चेहरे पर ही इसका यूज करें।
- लौंग का तेल सीधे चेहरे पर न लगाएं।
- जलन या रेडनेस दिखे तो इसे तुरंत हटा दें।
- पिंपल को बार-बार दबाने या छेड़ने से बचें।
- बहुत ज्यादा पिंपल है तो एक्सपर्ट से सलाह लें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
-1787982687318_m.webp)