बढ़ते वायु प्रदूषण में सेहत के साथ-साथ बालों की चिंता भी सताने लगती है। ऐसे मौसम में बालों का झड़ना, टूटना और स्कैल्प में खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में बालों को कैसे दें सुरक्षा कवच, बता रही हैं ब्यूटी एक्सपर्ट डॉक्‍टर ब्लासम कोचर...

प्रदूषण में बालों को दें सुरक्षा कवच

बढ़ता वायु प्रदूषण सिर्फ हमारी सेहत और सांस लेने की क्षमता को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि बालों को बेजान और दोमुंहा कर देता है। दरअसल, वायु प्रदूषण और आक्सीडेटिव स्ट्रेस के बीच संबंध को लेकर कई शोध हुए हैं। उनमें बताया गया है कि हवा में मौजूद धूल, धुआं, जहरीले कण बालों की जड़ों में जमा होकर स्कैल्प में खुजली, जलन और रूखापन ले आते हैं। धीरे-धीरे बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं। ऐसे में जरूरी है कि हम अपनी रोजमर्रा की हेयर केयर रूटीन में कुछ बदलाव करें, जिससे बालों को ऐसी समस्याओं से सुरक्षित रखा जाए।

Image Credit: magnific.com

कैसे करें स्कैल्प की देखभाल?

प्रदूषण का सबसे बुरा प्रभाव बालों की जड़ों पर पड़ता है। अगर जड़े कमजोर हो जाएं तो बाल जल्दी टूटते हैं। इसलिए, स्कैल्प की सुरक्षा अधिक आवश्यक है।

  • स्कैल्प को साफ रखें- प्रदूषण के कारण स्कैल्प पर धूल, पसीना और अतिरिक्त तेल जमा हो सकते हैं। इसलिए, स्कैल्प को नियमित रूप से साफ रखे का प्रयास करें। एक्सपर्ट हमेशा माइल्ड शैंम्पू इस्तेमाल की सलाह देते हैं।
  • बालों को ढककर रखें- अधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों में बाहर निकलते समय स्कार्फ या कैप का इस्तेमाल करें। इससे बालों पर धूल और प्रदूषक कण कम जमा होते हैं।
  • बालों को पोषण दें- नियमित रूप से बालों में नमी बरकरार रखने के लिए तेल की मालिश भी कर सकते हैं, लेकिन बाहर निकलने से पहले शैंपू जरूर करें। इसके लिए नारियल तेल, आर्गन ऑयल और अन्य उपयुक्त हेयर ऑयल बालों की लंबाई को पोषण देने और रूखेपन को कम करने में मदद कर सकते हैं। जरूरत के अनुसार कंडीशनर का इस्तेमाल भी करें।
  • हीट स्टाइलिंग कम करें- प्रदूषण के कारण पहले से प्रभावित बालों पर बार-बार हीट स्टाइलिंग और किसी और इलेक्ट्रिक के उपकरणों के इस्तेमाल से बचें। बालों को प्राकृतिक रूप से सूखने देना ही सबसे बेहतरीन विकल्प माना जाता है।

होममेड हेयर मास्क का करें इस्‍तेमाल

प्रोफेशनल हेयर प्रोडक्ट्स के अलावा होममेड हेयर मास्क बालों के लिए सुरक्षा कवच का काम करते हैं। हेयर मास्क से बालों को नमी मिलती है। इसलिए, हर धुलाई के बाद बालों के बीच के हिस्से और सिरों पर कंडीशनर जरूर लगाना चाहिए ताकि क्यूटिकल सील हो सकें। हफ्ते में एक बार डीप कंडीशनिंग हेयर मास्क का उपयोग जरूर करना चााहिए। आप चाहें तो एलोवेरा या दही से घर पर ही हेयर मास्क बना सकती हैं।

Image Credit: magnific.com

मजबूती और नमी के लिए दही और शहद का हेयर मास्क बहुत ही फायदेमंद साबित होता है। इसके लिए पहले दो चम्मच दही और एक चम्मच शहद अच्छी तरह से मिला लें। इसके बाद उसे बालों और स्कैल्प के बीचों-बीच लगाएं और 30 मिनट बाद धो लें। दरअसल, दही प्रोटीन देता है और शहद बालों में नमी बनाए रखने में मदद करता है।

इन बातों को न करें नजरअंदाज

  • इस मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी जरूर पिएं।
  • केवल बाहरी पोषण नहीं, अंदरुणी पोषण पर भी दें ध्यान।
  • घर के अंदर व्यायाम और प्राणायम करें।
  • बाल ज्यादा झड़ने पर हेयर एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

आप भी बालों की देखभाल के लिए इन उपायों को आजमा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक : सुमन अग्रवाल

Image Credit: magnific.com