आजकल बालों को कलर करना काफी नॉर्मल हो गया है। कोई व्‍हाइट बालों को छुपाने के लिए ऐसा करता है, तो किसी को अपने लुक में थोड़ा चेंज चाह‍िए होता है, लेकिन हर बार बालों में कलर कराने के लिए पार्लर जाना जरूरी नहीं है। आप चाहें तो घर पर भी अपने बालों को कलर कर सकती हैं। बस इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

कई बार घर पर कलर करते समय बाल जरूरत से ज्यादा काले दिखने लगते हैं या कलर बालों में एक जैसा नहीं आता है। वहीं, कलर स्‍क‍िन पर लग जाए तो इसे साफ करने में भी अलग दि‍क्‍कत होती है।

घर पर बालों को कलर करते समय क‍िन बातों का रखें ध्‍यान?

अगर आप घर पर ही बाल कलर करने वाली हैं, तो कुछ बातों को जरूर ध्यान में रखना चाह‍िए। आइए इसके बारे में जानते हैं-

image credit- magnific

1. अपने बालों का मैच‍िंग शेड करें ट्राई

बाजार में ब्‍लैक कलर के भी कई शेड मिलते हैं, जैसे जेट ब्लैक, ब्लू-ब्लैक, ब्राउन-ब्लैक, सॉफ्ट ब्लैक और नेचुरल ब्लैक। ऐसे में सिर्फ पैकेट देखकर कोई भी शेड न खरीद लें। अपने बालों के असली रंग से मिलता-जुलता शेड ही लें। बहुत ज्यादा डार्क जेट ब्लैक कई बार बालों को अच्‍छा शेड नहीं देता है। ऐसे में बअगर आपको नेचुरल लुक चाहिए, तो ऐसा कलर लें जो आपके बालों से ब‍िल्‍कुल मैच कर रहा हो।

2. कलर लगाने से पहले हेयरलाइन पर लगाएं पेट्रोल‍ियम जेली

घर पर बालों में कलर करते समय अक्सर माथे, कान और गर्दन पर भी रंग लग जाता है, जिससे स्‍क‍िन पर दाग पड़ जाते हैं। इससे बचने के लिए कलर लगाने से पहले अपने माथे के किनारों यानी हेयरलाइन और कानों के आसपास थोड़ी सी पेट्रोलियम जेली लगा लें। बस इतना ध्यान रखें कि यह बालों पर न लगने पाए, वरना वहां कलर ठीक से नहीं चढ़ेगा।

3. हेयर कलर खरीदने से पहले पैकेट पर लिखी बातें जरूर पढ़ें

कोई भी हेयर कलर खरीदने से पहले उसके डिब्बे या पैकेट पर लिखी जानकारी और उसे लगाने का सही तरीका जरूर पढ़ लें। कलर और डेवलपर को कितनी मात्रा में आपस में मिलाना है, यह सब पैकेट पर साफ लिखा होता है। कई लोग अमोनिया-फ्री कलर लेना पसंद करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उससे एलर्जी नहीं हो सकती है। इसलिए, बालों में कोई भी प्रोडक्ट लगाने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी जरूर ले लें।

4. कलर लगाने से पहले पैच टेस्ट करें

यह सबसे जरूरी स्‍टेप है। पूरे बालों में कलर लगाने से पहले पैकेट पर बताए गए तरीके से पैच टेस्ट जरूर करें। इससे यह पता चल जाएगा है कि कहीं उस कलर से आपकी स्‍क‍िन को कोई एलर्जी या परेशानी तो नहीं हो रही है। अगर टेस्ट के बाद स्‍क‍िन पर खुजली, जलन, लाल दाने या सूजन दिखे, तो उस कलर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। पैच टेस्ट के लिए पैकेट पर जितना समय बताया गया है, उतनी देर तक इंतजार जरूर करें।

image credit- magnific

5. बालों की जड़ों पर बहुत ज्यादा कलर न लगाएं

सफेद बालों को छुपाने के चक्कर में कई लोग जड़ों पर भी ढेर सारा कलर लगा लेते हैं। ऐसा करने से बालों का कलर कहीं बहुत डार्क तो कहीं हल्का दिखने लगता है, जिससे बालों का पूरा लुक ब‍िगड़ जाता है। इससे बचने के लिए बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें और फिर कलर लगाएं। इससे पूरे बालों में एक जैसा और बराबर कलर लगेगा।

6. समय पूरा होते ही बाल धो लें

कई लोगों को लगता है कि जितनी ज्यादा देर कलर लगा रहेगा, रंग उतना ही पक्का और डार्क आएगा, लेकिन ऐसा नहीं है। पैकेट पर ज‍ितना देर का समय बताया गया है, कलर उतनी देर तक ही लगाएं। वरना स्‍कैल्‍प में जलन हो सकती है और बाल भी ज्‍यादा ड्राई हो सकते हैं। इसलिए पैकेट पर जितना समय लिखा है, ठीक उतनी देर बाद बाल धो लें।

7. बालों में सीरम या हेयर ग्लॉस लगाएं

कलर करने के बाद बालों को खूबसूरत और शाइनी बनाए रखने के लिए आप हेयर सीरम या हेयर ग्लॉस लगा सकती हैं। सीरम बालों की ड्राइनेस और उलझना कम करता है, जबकि हेयर ग्लॉस से बालों में अच्छी शाइन आती है। बस इस बात का ध्यान रखें कि इनका इस्तेमाल बहुत कम और जरूरत के हिसाब से ही करें।

8. कलर करने के बाद बालों की खास देखभाल करें 

बालों को कलर करने के बाद उनकी सही देखभाल करना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए कलर किए हुए बालों के लिए बने खास शैंपू और कंडीशनर का ही इस्तेमाल करें। रोज-रोज बाल धोने से बचें और हेयर ड्रायर या स्ट्रेटनर का इस्तेमाल कम करें। अगर इनका इस्तेमाल करना भी पड़े, तो पहले बालों में हीट प्रोटेक्टेंट जरूर लगाएं।

कब घर पर कलर करने के बजाय एक्सपर्ट के पास जाएं?

अगर आपके बाल पहले से ब्लीच किए हुए हैं या उन पर कोई केमिकल ट्रीटमेंट हो चुका है, तो घर पर खुद से नया कलर लगाने की गलती न करें। ऐसे बालों के लिए सही शेड चुनना थोड़ा मुश्किल होता है, इसलिए किसी हेयर एक्सपर्ट या पार्लर की मदद लेना ही बेहतर है। इसके अलावा अगर कलर लगाने के बाद सिर में लगातार खुजली, जलन या सूजन हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

अस्वीकरण (Disclaimer): यह लेख केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए लिखा गया है। हर किसी के बालों और त्वचा की प्रकृति अलग होती है, इसलिए किसी भी हेयर कलर या नए प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपको त्वचा से जुड़ी कोई समस्या या एलर्जी है, तो किसी भी प्रोडक्ट को लगाने से पहले डॉक्टर या हेयर एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Image Credit- Magnific