सुंदर पोशाक के साथ निखरा चेहरा किसी के भी व्यक्तित्व में चार चांद लगा सकता है। इस खूबसूरती के लिए आपको सैलून के चक्कर लगाने की ज्यादा जरूरत नहीं है, त्योहार से कुछ दिन पहले ये घरेलू नुस्खे अपनाकर आप निखरती त्वचा पा सकती हैं। इसके बारे में ब्यूटी एक्सपर्ट डॉक्टर ब्लासम कोचर बता रही हैं।
त्योहारों पर अपनाएं ये घरेलू नुस्खे, खिल उठेगी आपकी त्वचा
त्योहारी सीजन में कामकाजी महिलाओं के पास सैलून जाने का वक्त नहीं होता। त्योहार से पहले महिलाओं की व्यस्तता बढ़ जाती है, घर से लेकर ऑफिस और बाजार के कामों तक। इस दौरान धूल-मिट्टी, प्रदूषण, नींद की कमी, मौसम की मार का असर त्वचा पर दिखने लगता है। ऐसे में घर पर रहकर त्वचा को चमकाने में ये घरेलू नुस्खे बहुत फायदेमंद साबित हो सकते हैं। फ्रेश और स्वस्थ त्वचा का राज केवल मेकअप में नहीं छिपा है बल्कि त्वचा की अंदरूनी सफाई में है। त्योहार से कुछ दिनों पहले अगर त्वचा की अंदरूनी देखभाल की जाए तो समय आने पर वह खिल उठती है। इसलिए, ऐसे समय पर महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट्स की जल्दबाजी करने के बजाय त्वचा की नियमित देखभाल पर ध्यान देना ज्यादा बेहतर विकल्प साबित होता है।
पारंपरिक क्लींजिंग है जरूरी
पारंपरिक घरेलू देखभाल में मूंग दाल और चने की दाल के आटे का इस्तेमाल किया जाता है। पहले इन दोनों को बराबर मात्रा में मिलाएं, उसमें दूध या चावल का पानी डालकर पतला सा पेस्ट बना लें । इसके बाद इसे हल्के हाथों से चेहरे पर लगाएं। थोड़ी देर बाद सादे पानी से मुंह धो लें। यह एक तरह की पारंपरिक क्लींजिंग है, जो चेहरे को अंदर से साफ करने में मदद करती है, लेकिन इसे साबुन या किसी माइल्ड क्लींजर का अनिवार्य विकल्प नहीं समझना चाहिए।
दाग-धब्बों की सफाई
काले और सफेद जीरे को बराबर मात्रा में मिलाकर बारीक पीस लें। फिर इसे मलाई के साथ मिलाकर एक पेस्ट बनाएं और कुछ समय के लिए चेहरे पर लगाकर छोड़ दें। इसके बाद मुंह को सादे पानी से धो लें। इससे चेहरे के दाग-धब्बे कम होने लगते हैं। हालांकि, जीरे के इस मिश्रण से त्वचा में निखार आने या दाग-धब्बे कम होने के ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं, लेकिन इसके नुकसान भी नहीं है।
ब्लैकहेड्स हटाएं
पारंपरिक घरेलू नुस्खों में हल्दी और सरसों के बीज का पेस्ट एक अच्छा विकल्प है। इसे चेहरे के ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स और मुंहासों के निशान हटाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। कई लोगों को सरसों से त्वचा में जलन या एलर्जी हो सकती है, इसलिए लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लेना चाहिए।
पैच टेस्ट करना है जरूरी
त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए नियमित क्लींजिंग, मॉइस्चराइजिंग, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और दिन में सनस्क्रीन का इस्तेमाल महत्वपूर्ण है। किसी भी नए घरेलू नुस्खे को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए, अगर जलन हो तो तुरंत उसे धो लेना चाहिए। संवेदनशील त्वचा वालों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। त्योहारों से पहले त्वचा में निखार लाने का सबसे अच्छा तरीका है किसी एक नुस्खे पर निर्भर न करके नियमित और त्वचा के अनुकूल देखभाल करें।
यह भी पढ़ें- करवा चौथ से पहले चेहरे पर चाहिए नेचुरल ग्लो? 7 दिन पहले से शुरू करें ये स्किनकेयर रूटीन
आप भी इन टिप्स को आजमाकर फेस्टिव सीजन में चेहरे पर ग्लो पा सकते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
