How To Remove Lice From Hair: सिर में जुएं होना एक आम समस्या है, लेकिन जब इनकी संख्या बढ़ने लगती है तो परेशानी भी बढ़ जाती है। बार-बार सिर में खुजली होना, बालों में कुछ रेंगने जैसा महसूस होना और नाखूनों से सिर खुजलाते रहना काफी परेशान कर सकता है। इससे छुटकारा पाने के लिए लोग महंगे शैंपू खरीदते हैं। हालांकि, कुछ आसान घरेलू तरीकों और सही हेयर केयर रूटीन की मदद से भी जुओं को निकालने में मदद मिल सकती है। आज के इस आर्टिकल में हम आपको 3 असरदार घरेलू उपाय के बारे में बताने जा रहे हैं।
बालों से जूं निकालने के घरेलू तरीके (Effective Remedies To Removing Head Lice)
आमतौर पर लोग बाजार में मिलने वाले प्रोडक्ट का इस्तेमाल जुओं को निकालने के लिए करते हैं। मगर आपको बता दें कि आप रसोई में रखी चीजों का उपयोग करके इस समस्या से छुटकारा पा सकती हैं। नीचे जानें कैसे-
प्याज का रस
प्याज में मौजूद एंटी-माइक्रोबियल गुण सिर की जुओं को खत्म करने में मदद करते हैं। जानें बनाने और इसका इस्तेमाल करने का तरीका।
- दो-तीन प्याज छीलकर पीस लें या कद्दूकस करके उसका रस निचोड़ लें।
- अब इस रस में एक छोटी चम्मच हल्दी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- इस मिश्रण को अपने स्कैल्प पर लगाएं और करीब 20 मिनट के लिए छोड़ दें।
- इसके बाद किसी अच्छे शैंपू से बाल धो लें।
नींबू का रस
नींबू के रस में प्राकृतिक रूप से जुओं को नष्ट करने वाले गुण पाए जाते हैं। ऐसे में अगर आपके बालों में जुएं और लीखें हो गई हैं, तो आप नींबू का रस वाला तरीका आजमा सकती हैं। जानें कैसे?
- इसके लिए लगभग 8 से 10 नींबू का रस निकालकर एक कटोरी में इकट्ठा कर लें।
- अब इस रस को अपने स्कैल्प पर अच्छी तरह लगाएं।
- फिर 15 मिनट तक सूखने दें। तय समय के बाद बालों को पानी से धो लें।
नीम का रस या नीम का तेल (Neem Leaves Or Neem Oil)
औषधीय गुणों से भरपूर नीम बालों की समस्याओं और जुओं को दूर करने का एक बेहतरीन विकल्प है। इसके लिए आप नीचे बताया गया तरीका आजमा सकती हैं। जानें कैसे-
- इसके लिए नियमित शैंपू में एक चम्मच नीम का तेल या नीम का रस अच्छी तरह मिला लें।
- अब इस मिश्रण को बालों में लगाकर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें।
- इसके बाद साफ पानी से बाल धो लें। बाल धोने के बाद कंघी जरूर करें ताकि मरी हुई जुएं आसानी से निकल सकें।
इसे भी पढ़ें- महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स छोड़िए! पेट्रोलियम जेली से रखें त्वचा और बालों का ख्याल
बालों से बिना किसी केमिकल प्रोडक्ट के जुएं निकालने का सही तरीका
अगर आप बालों में मौजूद जुओं और लीखों को बिना किसी घरेलू नुस्खे या फिर केमिकल प्रोडक्ट हटाना या निकालना चाहती हैं, तो आपको बता दें कि आप बारीक कंघी का सही तरीके से इस्तेमाल करके इस परेशानी से राहत पा सकती हैं। जानें कैसे-
गीले बालों में बारीक कंघी चलाएं
जुओं से छुटकारा पाने का सबसे आसान और बिना खर्च वाला तरीका गीले बालों में बारीक कंघी करना है। इसके लिए सबसे पहले बालों को सामान्य शैंपू से धो लें। इसके बाद बालों में थोड़ा कंडीशनर लगा लें, ताकि बाल आसानी से सुलझ जाएं। अब बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें और जुओं वाली बारीक कंघी से जड़ों से लेकर सिरों तक धीरे-धीरे कंघी करें। हर बार कंघी चलाने के बाद उसे सफेद कपड़े से साफ करें।
इससे आपको पता चलता रहेगा कि कितनी जुएं और लीखें निकल रही हैं। इस प्रक्रिया को पूरे सिर पर दोहराएं। ध्यान रखें कि सामान्य कंघी से जुएं पूरी तरह नहीं निकलतीं, इसलिए बारीक दांतों वाली कंघी ज्यादा उपयोगी होती है।
बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर लीखें निकालें
कई बार जुएं तो निकल जाती हैं, लेकिन बालों में चिपकी लीखें रह जाती हैं। यही वजह है कि कुछ दिनों बाद दोबारा जुएं दिखाई देने लगती हैं। लीखें बालों की जड़ों के पास चिपकी होती हैं। इसके लिए बालों को अच्छी तरह सुलझाकर कई छोटे हिस्सों में बांट लें। अब एक-एक बाल को ध्यान से देखें। जहां भी लीख दिखाई दे, उसे उंगलियों और नाखूनों की मदद से बालों से अलग करें। इसके बाद बारीक कंघी चलाएं। सिर के पीछे, कानों के आसपास और गर्दन के पास बालों को खासतौर पर साफ करें, क्योंकि इन जगहों पर जुएं और लीखें छिपी रह सकती हैं।
गीली कंघी की प्रक्रिया बार-बार दोहराएं
जुओं से छुटकारा पाने के लिए एक बार कंघी करना काफी नहीं होता। कुछ लीखें बच सकती हैं और बाद में उनसे नई जुएं निकल सकती हैं। इसलिए गीले बालों में बारीक कंघी करने की प्रक्रिया नियमित रूप से दोहराना जरूरी है।
इसके लिए पहले दिन बालों को गीला करके कंडीशनर लगाएं और अच्छी तरह कंघी करें। इसके बाद हर 3-4 दिन में इसी प्रक्रिया को दोहराएं। कम से कम दो सप्ताह तक बालों की अच्छी तरह जांच करते रहें। ध्यान रखें कि कंघी का इस्तेमाल करने के बाद उसे गर्म पानी में साफ करें।
इसे भी पढ़ें- Winter Hair Care: सर्दियों में बालों को दें पोषण, इन देसी सामग्रियों से बनाएं असरदार हेयर ऑयल
इन बातों का भी रखें ध्यान
- घर के सभी सदस्यों के बालों की जांच करें और जिन्हें जुएं हैं, उनका एक साथ इलाज करें।
- कंघी, हेयर ब्रश, तौलिया और टोपी जैसी चीजें शेयर करने से बचें।
- तकिए के कवर, चादर और हाल में इस्तेमाल किए गए कपड़ों को गर्म पानी में धोएं।
- अगर जुएं लगातार बनी हुई हैं या सिर में घाव और संक्रमण हो गया है, तो डॉक्टर से सलाह लें।
निष्कर्ष
सिर में जुएं और लीखें होने पर परेशान होने या महंगे प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। गीले बालों में बारीक कंघी करना, बालों को छोटे हिस्सों में बांटकर लीखें निकाले। साथ ही लेख में बताई गई प्रक्रिया को नियमित रूप से दोहराना मददगार हो सकता है। अगर दो सप्ताह तक इन तरीकों को अपनाने के बाद भी जुएं खत्म नहीं होती हैं, तो डॉक्टर या फार्मासिस्ट की सलाह से सही एंटी-लाइस ट्रीटमेंट लें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-magnific
