माथे पर छोटे-छोटे उड़ते हुए बाल कई बार चेहरे की खूबसूरती को खराब कर देते हैं। बात चाहे ऑफिस की हो या किसी खास पार्टी की, अक्सर महिलाएं आउटफिट तो परफेक्ट पहन लेती हैं, लेकिन हेयर स्टाइल बनाते वक्त ये बेबी हेयर उनके पूरे लुक को बिगाड़ देते हैं। माथे और गर्दन के पास उड़ने वाले इन छोटे-छोटे बालों को एक जगह सेट करना लड़कियों के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है। अगर आपके साथ भी यही परेशानी है, तो अब आप पार्लर जैसा स्लीक और फिनिश्ड लुक घर पर ही पा सकती हैं।
बेबी हेयर्स के लिए कैसे करें टूथब्रश का इस्तेमाल
छोटे-छोटे उड़ते बालों से बचने के लिए आप घर पर रखे एक टूथब्रश का इस्तेमाल करके इस परेशानी से राहत पा सकती हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में -
(image credit: pinterest/Ramna)
टूथब्रश और हेयर स्प्रे हैक
हेयर स्प्रे और टूथब्रश का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले आप एक टूथब्रश लें। इसके ब्रिसल्स पर थोड़ी दूरी से हेयर स्प्रे छिड़कें। अब इस टूथब्रश को माथे और मांग के किनारे उड़ते हुए बालों पर हल्के हाथों से पीछे की ओर चलाएं। ऐसा करने से बाल एक जगह आसानी से सेट हो जाएंगे। टूथब्रश के बारीक ब्रिसल्स हर एक छोटे-छोटे बाल को आसानी से दबा देते हैं, इसलिए आपके लिए यह नुस्खा सबसे बेस्ट साबित हो सकता है।
हेयर स्प्रे नहीं होने पर करें इन चीजों का इस्तेमाल
अगर आपके पास हेयर स्प्रे नहीं है और आप अपने बेबी हेयर्स को एक जगह सेट करना चाहती हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप हेयर स्प्रे की जगह एलोवेरा जेल या वैसलीन का इस्तेमाल कर सकती हैं। टूथब्रश के ब्रिसल्स पर थोड़ा सा एलोवेरा जेल या वैसलीन लगाएं, फिर हल्के हाथों से मांग के किनारों पर इसे चलाएं। ऐसा करने से बाल होल्ड हो जाते हैं और हवा में उड़ते नहीं हैं।
बेबी हेयर सेट करते समय ध्यान रखने योग्य बातें
अगर आप बेबी हेयर्स को कंट्रोल करने के लिए इन नुस्खों को आजमा रही हैं, तो कुछ गलतियां करने से बचें -
- जब भी आप यह नुस्खा आजमाएं, तो ध्यान रखें कि कभी भी सीधे माथे या चेहरे पर स्प्रे न छिड़कें।
- स्प्रे करते वक्त या इस उपाय को आजमाते वक्त अपनी आंखों का खास ध्यान रखें, क्योंकि केमिकल आंखों में जाने से जलन या परेशानी हो सकती है।
- इस उपाय के लिए आप एक नया टूथब्रश खरीद सकती हैं, पुराना या इस्तेमाल किया हुआ टूथब्रश सही नहीं रहेगा। आप इस टूथब्रश को हमेशा अपने मेकअप ड्रॉअर में रख सकती हैं ताकि जरूरत के वक्त यह काम आ सके।
टूथब्रश हैक के बेहतरीन फायदे
इन दोनों आसान उपायों को आजमाकर न सिर्फ आप उड़ते बालों को सेट कर सकती हैं, बल्कि इसके और भी कई फायदे हैं -
- अक्सर महिलाएं स्लीक हेयर स्टाइल के लिए पार्लर जाकर हजारों रुपये खर्च करती हैं, लेकिन अब आप कम खर्चे में घर पर ही पार्लर जैसा स्लीक लुक पा सकती हैं।
- एक छोटा टूथब्रश और पॉकेट-साइज हेयर स्प्रे आप अपने हैंडबैग में भी आसानी से कैरी कर सकती हैं, ताकि सफर के दौरान भी इसका इस्तेमाल कर सकें।
- पूरे बालों पर स्प्रे छिड़कने के बजाय आप सिर्फ टूथब्रश की मदद से बेबी हेयर पर ही स्प्रे का इस्तेमाल करेंगी, जिससे बाकी बाल केमिकल के असर से बच जाएंगे।
निष्कर्ष: अगर आप भी उड़ते और बिखरे छोटे-छोटे बालों की वजह से हमेशा परेशान रहती हैं और यह आपके पूरे लुक को खराब कर देते हैं, तो परेशान होने के बजाय अब आप टूथब्रश का इस्तेमाल करके ऊपर बताए गए इन दो तरीकों से अपने बेबी हेयर्स को आसानी से सेट कर सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
-1790311484383_m.webp)