सावन का महीना सजने-संवरने और एथनिक लुक फ्लॉन्ट करने का होता है। इस दौरान महिलाएं केवल खूबसूरत साड़ियां या कुर्ते ही नहीं पहनतीं, बल्कि परफेक्ट लुक पाने के लिए मेकअप से लेकर हेयर स्टाइल तक हर चीज पर खास ध्यान देती हैं। हालांकि, मानसून और उमस के चलते बालों में बार-बार चिपचिपाहट होने लगती है, जिससे हेयर स्टाइल कुछ ही देर में खराब हो जाता है। अगर आप भी सावन में अपने फ्रिजी हेयर स्टाइल को लेकर परेशान हैं, तो घबराने के बजाय सही हेयर केयर और स्टाइलिंग ट्रिक्स को अपनाकर अपने लुक को पूरे दिन परफेक्ट बनाए रख सकती हैं।
स्टाइलिंग से पहले बालों को ऐसे करें सही तरीके से तैयार
हेयर स्टाइल को लंबे समय तक टिकाए रखने के लिए सबसे पहले बालों को स्टाइलिंग के लिए सही से तैयार करें। किसी भी स्टाइलिंग से पहले बालों को हल्के यानी माइल्ड शैम्पू से धोएं और उसके बाद नमी बनाए रखने के लिए कंडीशनर जरूर लगाएं। बाल धोने के थोड़ी देर बाद एंटी-फ्रिज सीरम की कुछ बूंदें लेकर बालों की लंबाई पर लगाएं। यह हवा की नमी को बालों के भीतर जाने से रोकता है।
बालों को सुखाने का सही और सुरक्षित तरीका
बाल धोने के बाद अक्सर महिलाएं साधारण तौलिए से तेजी से बालों को रगड़कर सुखाती हैं। मानसून के मौसम में ऐसा करने से बालों के क्यूटिकल्स क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिससे वे और ज्यादा उलझने लगते हैं। ऐसे में बालों का पानी सोखने के लिए मोटे टॉवल की जगह कॉटन की पुरानी टी-शर्ट या माइक्रोफाइबर टॉवल का ही इस्तेमाल करें। बालों को हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं ताकि नेचुरल वॉल्यूम और चमक बनी रहे।
सावन के लिए बेस्ट ह्यूमिडिटी-प्रूफ हेयर स्टाइल्स
उमस भरे मौसम में बालों को पूरी तरह खुला छोड़ने के बजाय कुछ खास हेयर स्टाइल्स बना सकती हैं। इसके लिए आप बालों को अच्छे से सुलझाकर एक साफ-सुथरा जूड़ा बनाएं और उस पर ताजे मोगरे या चमेली का गजरा लगाएं। यह स्टाइल पारंपरिक आयोजनों में बेहद रॉयल दिखता है और बाल भी पसीने से बचे रहते हैं। इसके अलावा आप आगे के बालों को हल्के से ट्विस्ट करते हुए पीछे ले जाएं और एक सुंदर साइड ब्रेड यानी चोटी बना लें।
यह भी पढ़ें- बालों में हेयर एक्सटेंशन का इस्तेमाल करने से मिलते हैं यह चार जबरदस्त फायदे
मानसून में हेयर स्टाइलिंग के समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप चाहती हैं कि सावन के त्योहार में आपकी जुल्फें हमेशा सेट रहें, तो स्टाइलिंग करते समय इन छोटी-छोटी बातों का खास ख्याल रखें -
- अगर आपको बाल खुले रखने का बहुत शौक है, तो आगे के बालों को पिनअप करके हाफ-अप, हाफ-डाउन स्टाइल बनाएं।
- मानसून में स्ट्रेटनर या कर्लिंग आयरन जैसे हीट प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से बचे।
- पूरा हेयर स्टाइल बन जाने के बाद हल्के होल्ड वाले हेयर स्प्रे का छिड़काव करें।
सावन के महीने में उमस के डर से अपना पसंदीदा लुक अपनाने से पीछे न हटें। आप ऊपर बताएं गए इन टिप्स को आजमाकर अपनी हेयर स्टाइल को लंबे समय तक बरकरार रख सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific
