प्रदूषण और धूल-मिट्टी का सीधा असर हमारी त्वचा पर पड़ता है। भागदौड़ भरी जिंदगी में त्वचा का ध्यान रखना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। चेहरे की देखभाल के लिए तो अक्सर लोग तरह-तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन शरीर की बाकी त्वचा को नजरअंदाज कर देते हैं। इससे कुछ समय में ही पूरी बॉडी की स्किन रूखी, बेजान और टैनिंग का शिकार होने लगती है। अगर आप भी अपनी पूरी बॉडी को कोमल और खूबसूरत बनाना चाहती हैं, तो नहाने से पहले एक खास तेल से बॉडी मसाज कर सकती है।

नहाने से पहले इस तेल से करें पूरे शरीर की मसाज

दिल्ली, शाहदरा स्थित Colorrs Salon की ओनर और ब्यूटी एक्सपर्ट रेनू माहेश्वरी ने बताया कि बॉडी मसाज से न सिर्फ स्किन सॉफ्ट बनती है, बल्कि इससे थकान भी दूर होती है। ऐसे में आप पार्लर में बॉडी मसाज पर पैसा खर्च करने के बजाय घर पर एक खास तेल तैयार कर कम खर्च में पूरी बॉडी की मालिश कर सकती हैं। आइए जानते हैं इस तेल के बारे में -   

बादाम के तेल और टी ट्री ऑयल का कॉम्बिनेशन 

बादाम के तेल और टी ट्री ऑयल का कॉम्बिनेशन त्वचा को गहराई से पोषण देता है। आइए जानते हैं, इस तेल से मालिश के फायदे और इस्तेमाल का सही तरीका-

मसाज ऑयल का इस्तेमाल

एक कटोरी में 2 बड़े चम्मच बादाम का तेल लें, इसमें 1 चम्मच टी ट्री ऑयल मिक्स कर दें। अब आप इसका इस्तेमाल कर सकती हैं। 

  • नहाने से लगभग 15 से 20 मिनट पहले इस तेल को पूरे शरीर पर लगा लें।
  • अब हल्के हाथों से सर्कुलर मोशन में मालिश करें।
  • अगर आप खुद से पीठ की मसाज नहीं कर पा रही हैं, तो किसी की मदद ले सकती हैं।
  • मालिश के बाद तेल को त्वचा में समाने दें और फिर गुनगुने पानी व माइल्ड बॉडी वॉश से नहा लें। 

मसाज ऑयल के फायदे

बादाम का तेल नेचुरल मॉइश्चराइजर की तरह काम करता है। इसमें विटामिन-ई, फैटी एसिड्स और एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो स्किन को अंदर से पोषण देते हैं। वहीं टी ट्री ऑयल में एंटी बैक्टीरियल, एंटी फंगल और एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो स्किन को सॉफ्ट बनाने में मदद करते हैं।

  • नहाने से पहले बादाम तेल और टी ट्री ऑयल से मसाज करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है।
  • त्वचा के छिद्रों तक पोषण पहुंचता है, जिससे रूखापन कम हो सकता है।
  • यह मसाज पीठ, कंधों और छाती पर होने वाले छोटे-छोटे दाने को कम कर सकता है। 

आप एक हफ्ते में 2 से 3 बार बादाम और टी ट्री ऑयल से बॉडी मसाज कर सकती हैं। यह न केवल आपकी त्वचा को कोमल, बेदाग और चमकदार बनाएगा, बल्कि दिनभर की थकान मिटाकर आपको मानसिक रूप से तरोताजा भी महसूस कराएगा। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से। 

Image Credit :  magnific