Hotel Secrets: होटल रूम के बाहर क्यों नहीं होता है डोरमैट? अधिकतर लोगों को नहीं पता इसके पीछे की वजह

Hotel Management Facts: ऑफिस का काम हो, कहीं बाहर घूमने का प्लान हो या फिर बच्चों के स्कूल की छुट्टियां, हम घर से बाहर होटलों में अक्सर ठहरते ही हैं। इसके लिए लोग ट्रिप पर जाने से पहले ही इंटरनेट पर अपनी लोकेशन के पास बेहतरीन होटल्स सर्च करते हैं और वहां मिलने वाली सुविधाओं को देखते हैं। होटल पहुंचने के बाद हम कमरे में जाते ही हर चीज को बारीकी से चेक करते हैं। होटल स्टाफ भी मेहमानों की सुख-सुविधा और हाइजीन का खास ख्याल रखता है। वे कमरे में स्लीपर से लेकर शैंपू और तौलिया जैसी हर छोटी-बड़ी चीज मुहैया कराते हैं, लेकिन कमरे के मेन गेट पर पायदान गायब रहता है।
अगर आपने अब तक इस बात पर गौर नहीं किया है, तो अगली बार होटल जाने पर इसे जरूर नोटिस कीजिएगा। आइए जानते हैं कि आखिर दरवाजे पर पायदान न होने के पीछे क्या कारण हैं।
गेस्ट की सेफ्टी और हादसे से बचाव
होटल रूम के बाहर डोरमैट न होने के पीछे का मुख्य कारण मेहमानों की सेफ्टी से जुड़ा है। होटलों के कॉरिडोर में लोग अक्सर भारी सूटकेस, ट्रॉली बैग या व्हीलचेयर लेकर चलते हैं। अगर हर कमरे के बाहर डोरमैट रखा होगा, तो वह ट्रॉली बैग के पहियों में फंस सकता है। इसके अलावा, जल्दबाजी में चलते समय किसी मेहमान या बच्चे का पैर डोरमैट में फंस सकता है, जिससे वे गिर भी सकते हैं। इस तरह के हादसों से बचने के लिए होटलों में डोरमैट नहीं रख जाते हैं।
इसे भी पढ़ें- 5 स्टार होटल के कमरे में क्यों नहीं लगे होते पंखे? 80% लोगों को नहीं पता होगी इसके पीछे की वजह
कॉरिडोर में बिछा होता है कारपेट

अगर आपने ध्यान दिया हो, तो अधिकतर होटलों के गलियारों और लॉबी में पहले से ही मोटा कारपेट बिछा होता है। यह कारपेट ही डोरमैट का काम करता है। जब मेहमान बाहर से चलकर आते हैं, तो उनके जूतों की धूल और गंदगी गलियारे के कारपेट पर ही साफ हो जाती है। ऐसे में कमरे के गेट पर अलग से एक और मैट रखने की कोई जरूरत नहीं रह जाती।
सॉउंडप्रूफिंग और दरवाजों का डिजाइन
होटल के कमरों के दरवाजे इस तरह डिजाइन किए जाते हैं कि बाहर की आवाज अंदर न आए और अंदर की बाहर न जाए। इसके लिए दरवाजे और फर्श के बीच का गैप बहुत ही कम रखा जाता है। अगर दरवाजे के ठीक बाहर या अंदर डोरमैट रख दिया जाए, तो दरवाजा खोलने और बंद करने में रुकावट आएगी। मैट बार-बार दरवाजे के नीचे फंसेगा, जिससे दरवाजा पूरी तरह लॉक भी नहीं हो पाएगा।
साफ-सफाई में आसानी

होटल में हर दिन सैकड़ों मेहमान आते-जाते हैं। हाउसकीपिंग स्टाफ को बहुत ही कम समय में कई कमरों और गलियारों की सफाई करनी होती है। अगर हर कमरे के बाहर एक डोरमैट होगा, तो स्टाफ को हर मैट को अलग से उठाकर झाड़ना और साफ करना पड़ेगा, जिसमें बहुत समय बर्बाद होगा। बिना डोरमैट के स्टाफ एक ही बार में पूरे कॉरिडोर में वैक्यूम क्लीनर चलाकर मिनटों में सफाई कर देता है।
लुक और लग्जरी वाइब खराब होना
होटल अपने इंटीरियर और लुक पर करोड़ों रुपये खर्च करते हैं। कमरों के गेट के बाहर रखे डोरमैट बार-बार पैर लगने या सूटकेस निकलने से मुड़ जाते हैं, खिसक जाते हैं या उल्टे हो जाते हैं। बिखरे हुए या मुड़े हुए डोरमैट्स देखने में बेहद अजीब और अव्यवस्थित लगते हैं, जिससे होटल का प्रीमियम और साफ-सुथरा लुक खराब होता है।
इसे भी पढ़ें- होटल के मिनी फ्रिज में रखे सामान की कीमत क्यों होती है मार्केट से ज्यादा? बड़ी रोचक है इसकी वजह
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
- होटल रूम के बाहर मैट क्यों नहीं रखे होते हैं?
- होटल रूम के बाहर पायदान न होने का कारण गेस्ट की सेफ्टी से जुड़ा है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।