मनी बैक प्लान से मिलता है बीमा के साथ अच्छे रिटर्न का दोहरा फायदा, ये हैं टॉप स्कीम्स

जिंदगी में आने वाले उतार-चढ़ाव जैसी स्थितियों में संभलने के लिए बीमा कवर होना बेहद जरूरी है। अगर बीमा कवर के साथ अच्छे रिटर्न का लाभ भी मिले, तो इससे बढ़कर और क्या हो सकता है, इस तरह का दोहरा फायदा मिलता है मनी बैक पॉलिसी में निवेश करने से। महिलाओं को शादी-शुदा जिंदगी में, मां बनने पर, बच्चों की जरूरत में या किसी तरह की मेडिकल कंडिशन में बड़ी रकम की जरूरत पड़ ही जाती है। ऐसे में सेविंग्स के साथ बीमा के लिहाज से उनके लिए मनी बैक पॉलिसी काफी अच्छा विकल्प है।
मनी बैक प्लान के फायदे
आजकल बाज़ार में कई तरह की मनी बैक पॉलिसी आ रही हैं। कुछ स्कीमों में फायदा नियमित अंतराल पर होता है, तो कुछ में स्कीम की मैच्योरिटी पर, जो आमतौर पर 10-20 साल की होती है। किसी में बीमा का कवर ज्यादा राशि का मिलता है तो किसी में सेविंग्स पर ज्यादा अच्छे रिटर्न की बात कही जाती है। किसी स्कीम में एक्सिडेंट होने की स्थिति में मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराने की बात होती है, तो किसी में ग्राहक के साथ अनहोनी होने पर उसके परिवार को एकमुश्त बड़ी रकम दी जाती है।
इस तरह काम करते हैं मनी बैक प्लान
इसे मनी बैक प्लान के अलावा एंडॉवमेंट प्लान भी माना जाता है। जिस तरह बाज़ार में चीज़ों के भाव चढ़ते-गिरते रहते हैं, उसी तरह इन पॉलिसीज़ में भी कभी रिटर्न अच्छा मिलता है तो कभी-कभी रिटर्न थोड़ा कम भी हो जाता है। LIC, HDFC, रिलायंस, SBI, बिड़ला सनलाइफ और एगॉन रेलिगेयर जैसी नामी कंपनियां इस तरह के प्लान ऑफर करती हैं। इस प्लान के तहत ग्राहक का किसी हादसे में मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को एक तयशुदा रकम मिलती है। अगर परिवार में सबकुछ सही चलता रहे और प्लान की किश्त नियम से जमा कराई जाएं तो 5, 10 और 15वें, 20वें साल तक आपके पास नियमित अंतराल पर रिटर्न आता रहेगा।
Read more : सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करते हुए इन अहम बातों को जानें और उठाएं स्कीम का पूरा फायदा
ये हैं बेस्ट मनी बैक पॉलिसी
1. एलआईसी की बीस साल की मनी बैक पॉलिसी : इस पॉलिसी के लिए न्यूनतम उम्र 13 और अधिकतम उम्र 50 साल होती है। इसकी मैच्योरिटी 70 साल की उम्र में होती है और इसमें 1 लाख रुपये न्यूनतम सम एश्योर्ड मिलता है।
2. बजाज एलियांज कैश अश्योर : इस ट्रडीशनल मनी बैक प्लान में पॉलिसी की अवधि 16, 20, 24 या 28 साल की होती है। इन पॉलिसी के लिए न्यूनतम उम्र 0 है यानी आप बच्चे के लिए भी ये पॉलिसी खरीद सकती हैं। इसकी अधिकतम उम्र 54 साल है, मैच्योरिटी की उम्र 70 साल है और इसमें 1 लाख रुपये न्यूनतम सम एश्योर्ड मिलता है।
3. बच्चों के लिए एलआईसी की मनी बैक पॉलिसी : इसके तहत बच्चों के लिए 25 साल का प्लान लिया जा सकता है। इसमें 0 की उम्र से 12 वर्ष की अधिकतम उम्र तक बच्चों के लिए ये पॉलिसी ली जा सकती है। इसमें मैच्योरिटी 25 साल में मिलती है और 1 लाख रुपये न्यूनतम सम एश्योर्ड मिलता है।
4. रिलायंस सुपर मनी बैक प्लान : लाइफ कवर वाले इस नॉन लिंक्ड पार्टिसिपेटिंड प्लान में पॉलिसी 10, 20, 30, 40, 50 साल के लिए मिलती है। पॉलिसी लेने के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 55 साल है। इसमें मैच्योरिटी की उम्र 80 साल होती है और 1 लाख रुपये न्यूनतम सम एश्योर्ड मिलता है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
यह निवेश सेविंग्स बैंक में पड़ी राशि की तुलना में निश्चित रूप से अच्छा रिटर्न देता है, लेकिन दूसरी योजनाओं की तुलना में इसमें बहुत ज्यादा अच्छा रिटर्न नहीं मिलता। सर्टिफाइड फाइनेंशियल प्लानर पंकज मठपाल का मानना है कि इन प्लान में पैसों के बढ़ने के बहुत ज्यादा गुंजाइश नहीं रहती। इसके मुकाबले म्यूच्युअल फंड या एसआईपी करना बेहतर विकल्प है। इंश्योरेंस की जरूरत के लिए टर्म प्लान लेना चाहिए।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।