Sat Sep 12, 2026 | Updated 12:33 AM IST

पूर्व सांसद और समाज सेविका प्रिया दत्‍त के बारे में जानें कुछ रोचक तथ्य

दिवंगत केंद्रीय मंत्री सुनील दत्त की बेटी और उत्तर-मध्य मुंबई से पूर्व सांसद रहीं प्रिया दत्त उन चुनिंदा राजनेताओं में से हैं, जो आम आदमी के दर्द को समझती हैं और समाज सेवा के जरिए उनके दर्द को कम करने का प्रयास भी करती हैं। आइए जानें उनके बारे में कुछ रोचक तथ्‍य।
Updated:- 2019-03-26, 20:32 IST
image

दिवंगत केंद्रीय मंत्री सुनील दत्त की बेटी और उत्तर-मध्य मुंबई से पूर्व सांसद रहीं समाज सेविका प्रिया दत्त ने आखिरकार इस साल लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए हामी भर दी है। पहले उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिख कर लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि राहुल गांधी की अपील पर प्रिया दत्त ने ये फैसला लिया है। प्रिया के मैदान से हटने के बाद इस सीट से कांग्रेस की ओर से महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रिया दत्त और बीजेपी की पूनम महाजन आमने-सामने थें। इस चुनाव में प्रिया दत्त को पूनम महाजन ने भारी मतों के अंतर से पराजित किया था। वहीं, पिछली बार की तरह इस बार भी प्रिया दत्त और पूनम महाजन का आमना सामना होगा। प्रिया दत्त उन चुनिंदा राजनेताओं में से हैं, जो आम आदमी के दर्द को समझती हैं और समाज सेवा के जरिए उनके दर्द को कम करने का प्रयास भी करती हैं। आइए जानें उनके बारे में कुछ रोचक तथ्‍य।

priya dutt life inside

निजी जीवन और पढ़ाई:

प्रिया दत्त अभिनेता और राजनीतिज्ञ सुनील दत्त और प्रसिद्ध अभिनेत्री नर्गिस दत्त की बेटी हैं। उनका जन्म 28 अगस्त 1966 को मुंबई में हुआ था। सुनील दत्त के तीन बच्‍चों में सबसे बड़ी प्रिया ने बहुत ही कम उम्र में अपनी मां हो खो दिया था। 1981 में नर्गिस दत्त की मौत के बाद अपनी जिम्‍मेदारी को समझते हुए उन्‍होंने पिता के साथ-साथ भाई संजय दत्त और बहन नम्रता को भी बखूबी सभांला। उन्‍होंने मुंबई के सोफिया कॉलेज से सोशियोलॉजी में बीए की डिग्री हासिल की हैं। साथ ही, उन्होंने यूएस के न्यूयॉर्क सिटी के सेंटर फॉर मीडिया आर्ट्स से टेलीविजन प्रोडक्शन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया हैं। पिता सुनील दत्त केंद्रीय मंत्री रह चुके थे और प्रिया को राजनीति अपने पिता से विरासत में मिली है। पर उन्होंने अपने दम पर अपनी एक अलग पहचान बनाई।

priya dutt life inside

शादी और परिवार: 

प्रिया ने 27 नवंबर 2003 को ओवेन रॉनकॉन से शादी की। प्रिया और ओवेन के सिद्धार्थ और सुमेर नाम के दो बेटे हैं।

राजनीतिक जीवन की शुरूआत और सफर:

प्रिया दत्त मुंबई उत्तर मध्य और मुंबई उत्तर पश्चिम से लोकसभा सांसद रह चुकी है। साल 2005 में पिता सुनील दत्त के निधन के बाद कांग्रेस ने मुंबई नॉर्थ-वेस्ट सीट से उनकी बेटी प्रिया को कैंडिडेट बनाया था और इस उपचुनाव में प्रिया चुनकर आई थीं। जनता ने अपने लीडर की बेटी को सराहा और प्रिया सांसद बन गईं। उसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में दूसरी बार भी विजयी रहीं, लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रिया को बीजेपी की पूनम महाजन ने भारी मतों हराया था। इससे प्रिया बहुत निराश हो गई थीं।

priya dutt life inside

समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान:

पूर्व सांसद और समाज सेविका प्रिया दत्त देश की जानी-मानी हस्तियों में से एक हैं। वो खुद एक सोशल वर्कर हैं और हसबैंड ओवेन रॉन्कॉन ओरनजूस एंटरटेन्मेंट फर्म में पार्टनर हैं। प्रिया की रूचि समाज सेवा में शुरू से रही और लोग उनकी सराहना करते हैं। प्रिया ने महिलाओं के हक के लिए समय-समय पर आवाज उठाई हैं। चाहे वह महिलाओं के आरक्षण की बात हो या फिर वेश्यावृत्ति की कानूनी मान्यता की। वह समाजसेवा करने से कभी पीछे नहीं हटती चाहे फिर वह गणेश विर्सजन के बाद बीच की सफाई हो, सरकारी अस्पताल में जाकर मरीजों की सुध लेना हो, लोगों को जागरुक करने हेतु मैराथन में भाग लेना हो, गरीब बच्चों को कपड़े और चॉकलेट बांटना हो या फिर समाजसेवा से जुड़े कई और मुद्दे हों। हर जगह उनका योगदान बहुत सराहनीय रहा है।

priya dutt life inside

क्‍या शौक रखती हैं:

प्रिया दत्त को गाड़ियों का शौक है और वो मित्सुबिशि आउटलैंडर और टोयोटा इनोवा ड्राइव करती हैं। इसके अलावा उनके पास एक हॉन्डा सिटी और एक टिलर ट्रैक्टर है।

Photo courtesy- (Deccan Herald, Mumbai Live, Bollyworm, DBPOST, Twitter, ThePrint)

 


 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।