बिना मोबाइल देखे हुए खाना नहीं खाता है आपका बच्चा? एक्सपर्ट की बताई इन 5 टिप्स से छुड़ाएं ये आदत

आजकल कई पेरेंट्स की सबसे बड़ी चिंता होती है कि उनका बच्चा बिना मोबाइल, टैबलेट या टीवी देखे खाना नहीं खाता है। हममें से कई पेरेंट्स शुरुआत में बच्चे को खुद ही मोबाइल या टीवी की लत लगाते हैं जिससे उनका बच्चा ठीक से खाना खा सके, लेकिन बाद में बच्चों की ये आदत नुकसान पहुंचा सकती है। भले ही यह आदत बच्चों को आसानी से खाना खिलाने का तरीका लग सकती है, लेकिन लंबे समय में यह उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। स्क्रीन देखते हुए खाना खाने से बच्चे न तो खाने के स्वाद को समझ सकते हैं और न ही वो पेट भरने के संकेतों को समझ सकते हैं जिससे ओवरईटिंग, पाचन संबंधी समस्याएं और स्क्रीन पर निर्भरता बढ़ सकती है। अगर आपके बच्चे में भी ऐसी कोई भी आदत है तो आइए Steris Healthcare की चेयरमैन जीवन कसारा से जानें बच्चों में स्वस्थ खान-पान की आदतें विकसित करने और उनके समग्र विकास के लिए आपको कौन सी 5 टिप्स फॉलो करनी चाहिए।
धीरे-धीरे कम करें स्क्रीन टाइम
मोबाइल को एकदम से हटाने के बजाय धीरे-धीरे इसकी अवधि कम करें। अगर आपका बच्चा 30 मिनट तक मोबाइल देखकर खाना खाता है, तो कुछ दिनों में इसे 5-5 मिनट कम करने की कोशिश करें। इससे बच्चे को किसी भी तरह का बदलाव स्वीकार करने में आसानी होती है और धीरे-धीरे बच्चे की ये लत दूर होने लगती है।

फैमिली मील टाइम को बनाएं मजेदार
अगर आपके बच्चे में भी मोबाइल देखते हुए खाने की बुरी आदत है तो आपको खुद में भी कुछ बदलाव करने की जरूरत है। आप खाने के समय पूरे परिवार के साथ बैठकर बातचीत करें। बच्चों से उनके दिनभर के अनुभव पूछें या बच्चों को उनके मील टाइम में छोटी-छोटी कहानियां सुनाएं। जब भोजन का समय इंटरैक्टिव और मजेदार होगा, तो उनका ध्यान स्क्रीन से हटकर परिवार की ओर जाएगा।
यह भी पढ़ें- क्या आपका बच्चा भी रील्स देखने में गंवा रहा है घंटों का समय? एक्सपर्ट से जानें कैसे छुड़ाएं यह आदत
खाने की प्लेट को अट्रैक्टिव बनाएं
बच्चों को खाने में तभी मजा आता है जब उन्हें रोज कुछ नया दिखता है। इसी वजह से आपके लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि रंग-बिरंगे फल, सब्जियां और बच्चों की पसंदीदा हेल्दी चीजों को उनकी प्लेट में क्रिएटिव तरीके से परोसें। आकर्षक प्लेटिंग बच्चों की खाने में रुचि बढ़ाती है और वे भोजन पर अधिक ध्यान देते हैं। इससे बच्चे की मोबाइल देखते हुए खाने की लत भी कम होने लगती है।

खुद बनें बच्चे के रोल मॉडल
बच्चे अपने माता-पिता की आदतों को जल्दी सीखते हैं। कई बार बच्चों की मोबाइल की लत सिर्फ इस वजह से पड़ती है क्योंकि बच्चे पेरेंट्स को हमेशा मोबाइल में बीजी देखते हैं। यही नहीं कई बार पेरेंट्स खुद भी खाना खाते समय मोबाइल हाथ में लेकर बैठते हैं। ऐसे में बच्चा भी पेरेंट्स को कॉपी करता है और उनकी इसी लत से अपनी भी आदत खाते समय मोबाइल देखने की डाल लेता है। कोशिश करें कि आप बच्चे के रोल मॉडल बनें और खुद भी डाइनिंग टेबल पर मोबाइल का इस्तेमाल न करें।
यह भी पढ़ें- Parenting Tips: काम और बच्चों के बीच कैसे बनाएं बैलेंस? जानें वर्किंग पेरेंट्स के लिए जरूरी टिप्स
बच्चे को भूख लगने का सही समय समझें
बच्चों को बार-बार स्नैक्स देने से उनकी भूख कम हो सकती है। आपके लिए जरूरी है कि आप भोजन के बीच सही अंतर रखें जिससे खाने के समय उन्हें वास्तव में भूख महसूस हो। भूख लगने पर बच्चे भोजन में अधिक रुचि दिखाते हैं और उन्हें स्क्रीन की जरूरत कम महसूस होती है।
अगर आपके बच्चे में भी मोबाइल देखते हुए खाना खाने की लत है तो आपको आज ही यहां बताई टिप्स को फॉलो करने की जरूरत है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Shutterstock.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।