'दहेज.. अरे भाई हम तो दहेज नहीं मांगते हैं। दहेज मांगना तो गलत है। पर आपने अपनी बेटी के लिए कुछ संकल्प तो किया ही होगा?', 'अरे नहीं-नहीं हमें कुछ नहीं चाहिए, बस 1000 बारातियों का स्वागत अच्छे से करिएगा।', 'अरे आप तो अपनी बेटी और दामाद को देंगे जो भी देंगे। हमारे लिए थोड़ी ना है।' .... कुछ समझ आया? ये दहेज मांगने का तरीका है जिसमें सीधे मुंह तो कुछ कहा नहीं जाता है और फिर भी जितना सोचा था उतना मांग ही लिया।
दहेज प्रथा खत्म करने को लेकर कई कड़े कानून बनाए गए हैं, कई सारी बातें की गई हैं, लेकिन सही मायने में दहेज प्रथा कितनी विकराल है इसके बारे में सब अनजान बन जाते हैं। देखिए एक बात जो सीधी सी है वो ये कि अगर कोई दहेज मांग रहा है तो वो गलत कर रहा है। अगर कोई दहेज की बात भी कर रहा है तो वो गलत कर रहा है ये हमारा मानना है, लेकिन सच तो ये है कि आज भी कई सारे लोग दहेज लेते हैं और इसके लिए लड़कियों को परेशान भी किया जाता है। तो अगर आपके साथ ये हो रहा है तो क्या किया जाए?
1. ससुराल के लिए जो भी खरीदें वो अपने नाम पर खरीदें
ये मामला मेरे एक जान पहचान वाले परिवार का है। उन्होंने बहू तो नौकरी वाली पसंद कर ली, लेकिन शादी के बाद उन्हें बहू की कमाई का सारा हिस्सा अपने पास चाहिए था। वो बहू से घर की कार खरीदने के लिए पैसे मांगते थे, उससे जेवर खरीदने के लिए पैसे मांगते थे और इस तरह से उसकी पर्सनल सेविंग्स ससुराल के कामकाज में जा रही थी। ऐसे में जब तलाक की नौबत आई तब बहू ये भी नहीं कह पाई कि उसने ससुराल वालों पर इतना खर्च किया है क्योंकि जो भी सामान उसने खरीदा था वो किसी और के नाम पर था।
अगर ऐसा कुछ आपके साथ हो रहा है तो कोशिश करें कि आप सारा सामान अगर खरीद भी रही हैं तो अपने नाम पर ही खरीदें। इस मामले में आपका मालिकाना हक अपने द्वारा खरीदी गई चीजों पर होगा।
इसे जरूर पढ़ें- जानें कौन हैं NoDowry Shaadi की सीमा सिंह, दहेज प्रथा के खिलाफ चला रही हैं मुहिम
2. स्त्रीधन का लेखा-जोखा जरूर रखें
आपका स्त्रीधन आपका अपना है। उसपर किसी और का कोई हक नहीं है। आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि अगर आप स्त्रीधन ससुराल लेकर जा रही हैं तो कानूनन उसपर आपका ही हक है। उसे लेकर किसी और को देने के बारे में ना सोचें। अगर ससुराल वाले उसे मांगने की कोशिश कर रहे हैं तो आप उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवा सकती हैं।
3. कानून की मदद लें
दहेज प्रताड़ना को लेकर कई सारे कानून बनाए गए हैं जिनकी मदद आपको लेनी चाहिए। भले ही ससुराल वाले आपको किसी भी तरह से प्रताड़ित कर रहे हों आप उसके लिए कानून की सहायता ले सकती हैं। ध्यान रखें कि दहेज देना और दहेज लेना दोनों ही अपराध हैं इसलिए अपने घर वालों को भी कहें कि वो दहेज देने का विरोध करें।
4. आस-पास वालों की मदद लें
अगर आपको दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है तो आपको ये ध्यान रखना होगा कि आप अपने घर वालों और दोस्तों से इसे लेकर मदद लें। अगर आप ऐसा नहीं करेंगी तो समस्या ज्यादा बढ़ती जाएगी। अकेले सहने से अच्छा है कि आप किसी और को अपने बारे में बताएं। एक और बात समझने की कोशिश करें कि अगर आपको परेशानी हो रही है तो इसे सहते रहना गलत होगा। इसका विरोध करना भी जरूरी है।
इसे जरूर पढ़ें- दहेज के बारे में क्या कहता है भारत का कानून? जानने के लिए पढ़ें
5. अपने लिए इन्वेस्ट करें
आपको अपने लिए इन्वेस्ट करना चाहिए। आपको ये समझना चाहिए कि फ्यूचर आपका है और अगर आपके ससुराल वाले आपसे कोई इन्वेस्टमेंट करने को कहें तो वो अपने नाम से करें। अपने फ्यूचर के बारे में ध्यान देना आपकी जरूरत है।
दहेज मांगना गलत है और दहेज देना भी बिल्कुल गलत है। सरकार की तरफ से 1091 और 181 जैसे टोल फ्री नंबर महिलाओं की मदद के लिए चलाए जाते हैं। आप उनमें से किसी नंबर की मदद ले सकती हैं। दहेज को लेकर आपके क्या ख्याल हैं ये हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।