Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:54 PM IST

Main Hoon Apni Dhanlaxmi Part-23: म्यूचुअल फंड कहां से खरीदें? जानें निवेश शुरू करने का सबसे सही और सुरक्षित तरीका

इस लेख में हम आपको म्यूचुअल फंड निवेश के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स (बैंक, एजेंट, ऐप) की तुलना करके व‍िस्‍तार से जानकारी दे रहे हैं और डायरेक्ट प्लान के जरिए बचत की सलाह भी देंगे।
Updated:- 2026-04-28, 17:11 IST
image

हाल ही में दो पाठकों ने मुझसे समान प्रश्न पूछे। लखनऊ निवासी एक पाठक ने मुझे लिखा, ‘‘इस स्तंभ को पढ़ते हुए उन्हें म्यूचुअल फंड्स, एसआइपी के बारे में जानकारी मिली। इंडेक्स फंड्स के बारे में समझ बढ़ी, पर अब इस दिशा में शुरुआत करने की इच्छा है। मोबाइल फोन उठाया तो करीब एक दर्जन विभिन्न ऐप मौजूद दिखे, पर कोई निर्णय नहीं ले सकी, इसलिए मोबाइल दूर रखकर चाय बनाने चली गई।’’

दूसरी पाठिका गोरखपुर में रहने वाली एक कामकाजी महिला थीं। उन्होंने ये असमंजस साझा किया कि वित्तीय कार्यों के लिए उनके पति एक प्लेटफार्म का इस्तेमाल करते हैं तो वहीं सहकर्मी को दूसरा प्लेटफार्म इस्तेमाल करते देखती हैं। बैंक कहता है कि उसका ऐप इस्तेमाल करें, पर उन्हें ये समझ नहीं आ रहा कि कौन सा प्लेटफार्म विश्वसनीय है व कहां से शुरुआत करनी चाहिए।

investment plan tips (1)

दरअसल ये असमंजस इस वजह से होता है, क्योंकि इतने सारे विकल्प सामने होते हैं और सभी अपनी खूबियों का बखान करते हैं। आज हम आपके सामने पूरे परिदृश्य को स्पष्ट करेंगे ताकि आप स्वयं तय कर सकें कि कौन सा विकल्प आपके लिए उपयुक्त रहेगा। अधिकांश परिवार ऐसे किसी कार्य के लिए बैंक की स्थानीय शाखा की ओर कदम बढ़ाते हैं। वहां से व्यक्तिगत जुड़ाव व विश्वास होता है। जो लोग निवेश की शुरुआत को लेकर हिचक महसूस करते हैं उनके लिए ये जुड़ाव मायने रखता है।

बस ध्यान में रखना चाहिए कि बैंक सामान्यत: रेगुलर प्लान को आगे बढ़ाते हैं जिनमें सालाना शुल्क अधिक होता है, क्योंकि बैंक भी कमीशन कमाते हैं। अक्सर वे अपने समूह की कंपनियों के फंड्स खरीदने का सुझाव देते हैं। ये सवाल अवश्य करें कि क्या वह रेगुलर प्लान है या अन्य फंड समूहों को भी ध्यान में रखते हुए सुझाव दिया गया है।

एलआइसी एजेंट्स व इंश्योरेंस सलाहकार से भी जुड़ाव होता है, खासकर छोटे शहरों में ऐसा देखा गया है। उनमें से अधिकांश इंश्योरेंस व म्यूचुअल फंड्स बेचने के लिए अधिकृत होते हैं। यदि आपके संपर्क में विश्वसनीय एलआइसी एजेंट है, जो एएमएफआइ पंजीकृत (अनिवार्य कानूनी शर्त) है तो उसके माध्यम से भी आगे बढ़ सकती हैं। हस्ताक्षर करने से पहले भुगतान और अन्य शर्तो को भी समझना चाहिए।

स्वतंत्र वित्तीय सलाहकार निवेश को सुगम बनाने के साथ ही आपको परामर्श भी दे सकते हैं। एक अच्छा सलाहकार आपके लक्ष्यों, समय सीमा और जोखिम उठाने की क्षमता को समझता है। उन्हीं के अनुरूप वह निवेश विकल्प का सुझाव देता है। जब एक समुचित राशि का निवेश करना हो व परिस्थितियां जटिल प्रतीत हों, तो इसके लिए परामर्श शुल्क देना उचित रहेगा। बस ये देखना चाहिए कि वह सेबी पंजीकृत या एएमएफआइ प्रमाणित सलाहकार हो। उनसे ये भी अवश्य पूछें कि आपके निवेश से उन्हें क्या लाभ होगा।

स्टाॅक ब्रोकर भी एक अन्य विकल्प हो सकते हैं। जिन लोगों के पास डीमैट एकाउंट होता और वे सबकुछ एक प्लेटफार्म पर रखना चाहते हैं, उनके लिए ये मार्ग सहज रहता है। अब कुछ नए तरीकों को समझते हैं, जैसा कि दीनानाथ जी ने मोबाइल फोन को लेकर सवाल किया।

इसका उत्तर है हां। मोबाइल फोन के माध्यम से निवेश पूरी तरह से वैध, कानूनी और विनियमित है। मोबाइल फोन ऐप से जो म्यूचुअल फंड आप खरीदते हैं वह भी सेबी द्वारा नियंत्रित समान उत्पाद होता है। जिस प्रकार आप बैंक शाखा में जाकर म्यूचुअल फंड खरीदती हैं और उससे जो प्रतिफल मिलता है, एप से खरीदने पर भी वही प्रतिफल मिलेगा।

बहुत से प्लेटफार्म ने इस प्रक्रिया को सरल किया है। बस आपको आधार और पैन दर्ज करते हुए एक बार केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है, इसके बाद आप 500 रुपये जैसी छोटी राशि से एसआइपी शुरू कर सकती हैं। ये प्लेटफार्म सामान्यत: ऐसे प्लान उपलब्ध कराते हैं जिनमें सालाना शुल्क न्यूनतम होता और अधिकांश राशि निवेशित रहती है। इनमें अधिकांशत: इस्तेमाल किए जाने वाले प्लेटफार्म हैं जेरोधा कॉइन और ग्रो। शुरुआती निवेशकों के लिए ये उपयुक्त प्रतीत होते हैं, इनमें निवेश की पृष्ठभूमि बताने की आवश्यकता नहीं होती। एक बात जो उन्हें उपयोगी बनाती है वो है उनके द्वारा प्रस्तुत गुणवत्तापरक जानकारी। फंड परफार्मेंस से जुड़ी जानकारी, व्यय अनुपात, रिस्क रेटिंग्स, पोर्टफोलियो में निवेश संयोजन इत्यादि को ठीक तरीके से सामने रखा जाता है, ताकि आप अनुमान लगाने के बजाय ठोस जानकारी के आधार पर कोई निर्णय ले सकें। जो लोग ये समझना चाहते हैं कि वे क्या खरीद रहे हैं, उन्हें ये प्लेटफार्म सहज मार्ग उपलब्ध कराते हैं।

यह भी पढ़ें- Main Hoon Apni Dhanlaxmi Part-22: घर खरीदना या किराए पर रहना, क्या है सही? जानें पूरा गणित

यहां एमएफ सेंट्रल का खास तौर पर उल्लेख करना होगा। सेबी द्वारा नियंत्रित दो बड़ी कंपनियों द्वारा संचालित ये आधिकारिक रूप से सर्वाधिक विनियमित डिजिटल प्लेटफार्म है, जिसके माध्यम से निवेश कर सकते हैं। यहां पर आप विभिन्न फंड समूहों के फंड्स में निवेश और उनकी प्रोग्रेस पर नजर रखने का कार्य सहज भाव से एक ही स्थान पर कर सकते हैं। प्रत्येक फंड समूह की अपनी वेबसाइट भी होती है, जिसपर जाकर भी प्रत्यक्ष निवेश कर सकते हैं। जो लोग किसी एक फंड से शुरुआत करने का इरादा रखते हैं उनके लिए ये सबसे सरल तरीका है। तो अब सवाल उठता है कि आपको कौन से मार्ग का चयन करना चाहिए?
अगर आप मानवीय संबंधों को महत्व देते हैं तो अपने बैंक या विश्वसनीय परामर्शदाता के माध्यम से शुरुआत करना सही होगा। जो भी मार्ग चुनें उसके साथ एक नियम लेकर चलें। डायरेक्ट या रेगुलर में से कौन सा प्लान चुन रहे हैं, ये जानना चाहिए। डायरेक्ट प्लान की सालाना कीमत कम होती है, पर 20 साल की अवधि में ये अंतर छोटा नहीं रह जाएगा। सबसे सही तरीका तो वह होगा जिसका चयन आप करेंगे। यदि एप को लेकर मन में संशय हो तो कदम रोकने के बजाय किसी विश्वसनीय एजेंट के माध्यम से आगे बढ़ें।

investment plan tips (3)

हालांकि एक बात अवश्य कहना चाहूंगी। अगर आप तकनीक के साथ सहज हैं या सीखने में आधा घंटा दे सकते हैं तो एप का चयन बेहतर रहता है। उसमें आपको सालाना शुल्क कम देना पड़ता। आपका धन कहां लगा है, ये देख सकते हैं। आप किसी की उपलब्धता पर निर्भर नहीं होते, किसी के धन कमाने का जरिया नहीं बनते या किसी ऐसी सलाह से प्रभावित नहीं होते जिसमें सदैव आपका हित न हो। आप चाहें तो आधी रात में भी उसे खोलकर देख सकते हैं, रविवार को भी एसआइपी बढ़ा सकते हैं, साथ ही बिना किसी को बताए म्यूचुअल फंड स्थानांतरित कर सकते हैं। निवेश पर आपका नियंत्रण रहता है। करीब 20 वर्ष की अवधि में एजेंट के माध्यम से रेगुलर प्लान में निवेश की तुलना में ऐप के जरिये डायरेक्ट प्लान से जो राशि बचाएंगे वह लाखों में पहुंच जाएगी। ये कोई छोटा अंतर नहीं है।

यह भी पढ़ें- Main Hoon Apni Dhanlaxmi Part-21: क्यों भारतीय महिलाओं के लिए रियल एस्टेट है सबसे भरोसेमंद निवेश?

इस हफ्ते, जिसमें सहज हों या उचित प्रतीत हो, उस मार्ग का चयन करें और कदम बढ़ाएं। बैंक की शाखा में जाएं, अपने सलाहकार से संपर्क करें या एप खोलकर केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करें। हमेशा पहला कदम ही मुश्किल लगता है, उसके बाद वह आदत बन जाती है।

लक्ष्मी यह नहीं पूछती कि आगमन किस प्रकार हुआ। वो तो बस एक सही शुरुआत की प्रतीक्षा करती हैं।
आपके सवाल इस स्तंभ को आकार देंगे। निवेश के बारे में सवाल पूछने के लिए हमें लिखें- iamolaxmi@gmail.com

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Freepik.com

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।