Karwa Chauth 2026 की पूजा थाली में जरूर रखें ये चीजें, पहले बना लें लिस्ट

Karwa Chauth 2026 Puja Thali List: इस साल करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर को रखा जाएगा। यह दिन सुहागिन महिलाओं के लिए काफी जरूरी माना जाता है। इस पावन दिन पर सभी महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं और फिर रात में चांद देखकर अपना व्रत तोड़ती हैं। ज्योतिषाचार्य सिद्धार्थ एस कुमार के अनुसार, अगर आप भी इस बार व्रत रखने जा रही हैं, तो सबसे पहले अपनी पूजा की थाली तैयार कर लें। छलनी से लेकर दीपक, अक्षत तक आइए जानते हैं की पूजा थाली में किन चीजों की जरूरत पड़ती है।
करवा चौथ में पूजा थाली में क्या-क्या रखें?
करवा चौथ के दिन भागदौड़ के चक्कर में कुछ भूल न जाएं, इसलिए पहले से ही तैयार कर लें पूजा थाली। इन चिजों को जरूर करें शामिल। देखें लिस्ट।
1- सबसे पहले रखें करवा और जल का पात्र
पूजा के लिए मिट्टी और उसके ढक्कन को साफ करवा लें। साथ ही चंद्रमा को अर्घ्य देने के लिए एक लोटा अलग से तैयार रखें। बहुत से घरों में पूजा का करवा और अर्घ्य का पात्र अलग-अलग होता है, इसलिए पहले ही तय कर लें कि कौन-से बर्तन की कब जरूरत पड़ेगी। करवे में जल, अनाज या दूसरी सामग्री कैसे भरनी है, इसके लिए अपने घर की विधि को ही अपनाएं।
2- रोली, अक्षत और दीपक न भूलें
थाली में रोली या कुमकुम, हल्दी, साबुत चावल (अक्षत) और मौली रखें। ध्यान रहे इन सबको छोटी कटोरियों में रखें। ऐसा करने से सामग्री आपस में मिलेगी नहीं और पूजा के बीच हाथ में लेना भी आसान होगा। दीपक तो अक्सर थाली में रखा होता है, लेकिन जलाने के लिए मौके पर माचिस नहीं मिलती हैं। इसलिए घी या तेल, रूई की बत्ती और माचिस भी साथ रखें।
image credit- magnific
3- भोग की मिठाई रखें
भोग के लिए ताजे, साफ फल और मिठाई रखें। ज्योतिषीय सुझाव के तौर पर, साल 2026 की ग्रह स्थिति को देखते हुए इसमें बेसन के लड्डू और नारियल से बनी मिठाई रखना शुभ होगा। उस दिन गुरु कर्क राशि में और शुक्र तुला राशि में रहेंगे। पारंपरिक ज्योतिषीय प्रतीकों में बेसन की पीली मिठाई गुरु से और नारियल की सफेद मिठाई चंद्रमा से जोड़ी जाती है। इसी आधार पर बेसन के लड्डू के साथ नारियल की बर्फी या नारियल के लड्डू चुने जा सकते हैं। अगर आपके घर में हलवा, पूड़ी या कोई खास पकवान चढ़ाने की परंपरा है, तो उसे भी रखें।
4- सुहाग की सामग्री
सिंदूर, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी और चुनरी जैसी सुहाग सामग्री कई घरों में रखी जाती है, क्योंकि इन्हें पूजा में अर्पित करने या बायने में देने की परंपरा होती है। इस बार बायने या सुहाग सामग्री में चंदन और गुलाब का इत्र भी रखें। इत्र की छोटी, बंद शीशियां अलग रखें, ताकि उनकी खुशबू भोग की चीजों में न घुले। बायने का सामान किसी अलग थाली या टोकरी में तैयार करें, ताकि पूजा की मेन थाली व्यवस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- Karwa Chauth 2026 पर ट्राई करें ये 4 कुंदन कड़े, हर आउटफिट पर लगेंगे खूबसूरत
5- छलनी और कथा की व्यवस्था कर लें
अगर आपके परिवार में छलनी से देखकर व्रत तोड़ा जाता है, तो साफ छलनी पहले ही रख लें। करवा चौथ की कथा की पुस्तक और पूजा में इस्तेमाल होने वाला चित्र या कैलेंडर भी पूजा स्थल पर तैयार रखें। चंद्र दर्शन के बाद व्रत खोलने के लिए पीने का पानी भी अलग कर लें।
image credit- magnific
खरीदारी से पहले मिला लें यह लिस्ट
पूजा का सभी सामान जोड़ने के बाद एक बार इस लिस्ट को अपने सामान से मैच कर लें, ताकि अगर कुछ गलती से छूट गया हो तो मौके पर ही खरीद सकें।
- करवा और ढक्कन
- जल का लोटा
- रोली
- हल्दी
- अक्षत
- मौली
- दीपक
- घी या तेल
- रूई की बत्ती
- माचिस
- फूल
- धूप
- फल
- बेसन के लड्डू
- नारियल की मिठाई
- सुहाग सामग्री
- बायना
- चंदन
- गुलाब का इत्र
- पान-सुपारी
- छलनी
यह भी पढ़ें- साड़ी से हो गई हैं बोर? करवा चौथ पर ट्राई करें ये 5 ट्रेंडी अनारकली सूट डिजाइन और स्टाइलिंग टिप्स
करवा चौथ पर इन बातों का रखें ध्यान
करवा चौथ वाले दिन बहुत भागदौड़ होती है। इसलिए इन बातों का जरूर ध्यान रखें।
दीपक को स्थिर जगह पर रखें और उसके आसपास कपड़ा या कागज न रखें।
पूजा का समय और चंद्रोदय का वक्त अपने शहर के हिसाब से जरूर देख लें।
भोग बनाते समय कोई झूठे हाथ न लगाए इस बात का ध्यान दें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit-Gemini
- करवा चौथ पर मेहंदी कब लगाएं?
- करवा चौथ मेहंदी का रंग गहरा आने के लिए व्रत से एक दिन पहले लगाना सबसे अच्छा माना जाता है।
- क्या कुंवारी लड़कियों को करवा चौथ का व्रत रखना चाहिए?
- बहुत सी जगह पर कुंवारी लड़कियां अच्छे वर के लिए यह व्रत रखती हैं।
- करवा चौथ की पूजा थाली पहले क्यो तैयार करनी चाहिए?
- भागदौड़ में कुछ छूट न जाए, इसलिए पहले से लिस्ट मिलाकर थाली तैयार करने से पूजा में आसानी रहती है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।