Strawberries Home Gardening: घर के पॉट्स में उगाएं स्ट्रॉबेरी, इन 3 आसान तरीके से तैयार होगा स्मॉल फ्रूट गार्डन

How To Grow Strawberry Plant: ताजी और रसीली स्ट्रॉबेरी भला किसे पसंद नहीं होती? अक्सर हम बाजार से महंगे दामों पर स्ट्रॉबेरी खरीदते हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि इन्हें अपने घर की बालकनी या छत पर छोटे गमलों में उगाना बेहद आसान है? स्ट्रॉबेरी न केवल स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि इसके छोटे और सुंदर पौधे आपके घर में एक शानदार स्मॉल फ्रूट गार्डन का लुक भी देते हैं। घर की उगी स्ट्रॉबेरी पूरी तरह ऑर्गेनिक और केमिकल फ्री होती है, जो सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। अगर आप भी अपने घर में स्ट्राबेरी उगाना चाहती हैं, तो नीचे लेख में बताए गए तरीकों से इसे ग्रो कर सकती हैं।
नर्सरी से लाए गए छोटे पौधों लाकर करें ग्रो

अगर आप ज्यादा ताम-झाम नहीं चाहती हैं, तो नर्सरी से लाए गए पौधे से इसे आसानी से ग्रो कर सकती हैं। इन पौधों को लगाने का बेस्ट टाइम सर्दियों की शुरुआत है। ऐसे में अक्टूबर-नवंबर में नर्सरी से स्ट्रॉबेरी के स्वस्थ पौधे ले आएं।
इसे भी पढ़ें- Gardening Hacks: अरे रुकिए! मत फेंकिए अनानास का क्राउन, गमले में ऐसे उगाएं पाइनएप्पल
कैसे लगाएं स्ट्राबेरी का पौधा?
- एक चौड़े और कम गहरे गमले में 50% सामान्य मिट्टी, 30% गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट और 20% कोकोपीट का मिश्रण भरें।
- पौधा लगाते समय ध्यान रखें जहां से पत्तियां निकलती हैं, मिट्टी के ऊपर रहे।
- इसे बहुत गहरा न दबाएं, वरना पौधा सड़ सकता है।
रनर्स के जरिए ग्रो करें स्ट्राबेरी का प्लांट

स्ट्रॉबेरी के पुराने पौधों से पतली टहनियां निकलती हैं जिन्हें रनर्स कहते हैं। जब आपके स्ट्रॉबेरी के पौधे से लंबी बेल जैसी टहनी निकले, तो उसके अगले हिस्से को दूसरे छोटे गमले की मिट्टी के संपर्क में रख दें। कुछ ही दिनों में उस हिस्से से नई जड़ें निकलने लगेंगी। जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए, तो उसे मुख्य पौधे से काटकर अलग कर दें। इस तरह आप एक पौधे से कई मुफ्त पौधे बना सकते हैं।
बीजों से करें स्ट्रॉबेरी प्लांट ग्रो
आप बाजार से या स्ट्रॉबेरी की ऊपरी सतह से बीज निकालकर उसका पौधा तैयार कर सकती हैं। इसके लिए बीजों को ऊपर से मिट्टी की बहुत पतली परत से ढकें और स्प्रे बोतल से पानी दें। इसे ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आती हो। लगभग 2-3 हफ्तों में छोटे पौधे दिखने लगेंगे।
स्ट्रॉबेरी की देखभाल के लिए जरूरी टिप्स

- स्ट्रॉबेरी के पौधों को दिन में कम से कम 5-6 घंटे की अच्छी धूप की जरूरत होती है।
- फल मिट्टी के संपर्क में आकर खराब न हों, इसके लिए मिट्टी की ऊपरी सतह पर सूखी घास या पुआल बिछा दें।
- मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन ध्यान रहे कि गमले में पानी जमा न हो।
- हमेशा पौधों की जड़ों में पानी दें, पत्तियों या फलों पर नहीं।
इसे भी पढ़ें- एलोवेरा की कटिंग में लौंग दबाने से क्या होता है? कमाल का यह हैक, रिजल्ट देख हो जाएंगी खुश
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : Gemini, Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।