Thu Sep 24, 2026 | Updated 10:23 PM IST

दिल्‍ली रेप केस: हर बार महिलाओं को ही 'सावधान' रहने की सलाह क्यों?

दिल्ली के कैलाश हिल्स में हुई घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। वास्तव में यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि हमारी सोच और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। हर बार महिलाओं को ‘सावधान’ रहने की सलाह देना क्या सच में समाधान है?
Updated:- 2026-04-24, 20:00 IST
image

'बेटा किसी अजनबी के लिए दरवाजा मत खोलना', 'देर रात घर से बाहर मत निकलना', 'अरे सफर के समय थोड़ा सतर्क रहना'...ऐसी सलाह अक्सर लड़कियों को सुनने को मिलती हैं। चाहे ऑफिस से देर रात वापस आना हो या घर में अकेले रुकना, आखिर क्यों हमेशा लड़कियों को घर के बड़ों या करीबियों से ऐसा सुनना पड़ता है? न जाने कितनी बार महिलाओं की सुरक्षा पर बात की जाती है, लेकिन अभी भी ये सिर्फ एक सवाल बना हुआ है। दिल्ली में हाल ही अमर कॉलोनी के कैलाश हिल्स इलाके में हुई एक रेप और मर्डर की घटना ने एक बार फिर से महिलाओं की सुरक्षा पर न सिर्फ सवाल उठाए हैं बल्कि ये भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि महिलाओं को ही हमेशा सावधान क्यों रहना पड़ता है? इस घटना ने एक बार फिर से यह सवाल उठा दिया है कि महिलाएं घर के बाहर तो क्या भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं और फिर से स्वतंत्र भारत पर एक प्रश्न चिह्न लग गया है।

दिल्ली के कैलाश हिल्स में क्या हुआ?

दिल्ली के कैलाश हिल्स में एक मामला सामने आया है, जहां एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय साल की बेटी जो यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी उसके साथ घर में ही काम करने वाले एक नौकर ने पहले रेप किया और फिर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय लड़की घर में अकेली थी। 23 साल का राहुल मीना लड़की के परिवार को अच्छी तरह से जानता था और एक महीने पहले उनके घर में घरेलू नौकर के रूप में काम करता था, जिससे उसे घर के पूरे लेआउट और दिनचर्या की अच्छी जानकारी थी। लड़की के साथ यह घटना सिर्फ एक मर्डर नहीं है बल्कि इस मामले ने एक बार फिर घरों में सुरक्षा और पहले से पहुंच रखने वाले और परिचित व्यक्तियों से उत्पन्न होने वाले जोखिमों के बारे में गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

delhi kailash hills rape case

महिलाओं ‘सावधान रहो’-क्या यही समाधान है?

समाज में आज भी यह धारणा गहराई से बैठ चुकी है कि महिलाओं को हर समय सतर्क रहना चाहिए ,चाहे वह घर में हों या बाहर उन्हें कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए जिससे उनकी सुरक्षा पर सवाल उठे। हमेशा से ही घर में और परिजनों से उन्हें यही सिखाया जाता है कि अकेले में घर के दरवाजे बंद रखें, अजनबियों से दूरी बनाए रखें, देर रात बाहर न जाएं और हर कदम सोच-समझकर उठाएं, लेकिन जब खतरा किसी अजनबी से नहीं, बल्कि एक परिचित व्यक्ति से हो, तब 'सावधान रहने' की सलाह कितनी कारगर है? क्या हर रिश्ते, हर पहचान पर शक करना ही महिलाओं के लिए एक समाधान है?

इसे भी पढ़ें: Women Safety Tips: रोजाना Cab में सफर करने वाली महिलाओं को जरूर पता होने चाहिए ये 5 Safety Rules

महिलाओं को खतरा सिर्फ ‘अजनबी’ नहीं, ‘जान-पहचान’ वालों से क्यों?

बच्चे जब छोटे होते हैं तो अक्सर सिखाया जाता है कि अजनबियों से सावधान रहें, लेकिन ऐसी घटनाएं समाज की ऐसी हकीकत को बताती हैं कि कई मामलों में अपराधी वही लोग होते हैं, जो पहले से घर या परिवार के संपर्क में होते हैं। कैलाश हिल्स की घटना ने यही दिखाया कि भरोसे के दायरे में आने वाला व्यक्ति भी घर की महिलाओं के लिए खतरा बन सकता है।

हर जिम्मेदारी का बोझ सिर्फ महिलाओं पर क्यों?

हमारे समाज में जब भी कोई अपराध होता है, तो सवाल अक्सर महिलाओं के व्यवहार पर उठते हैं- 'अरे घर से बाहर छोटे कपड़े पहनकर निकली होगी', शायद उसने दरवाजा खुला छोड़ा होगा, 'अरे उसे सही गलत की पहचान ही नहीं है', घर पर अकेली क्यों रूकती है? वास्तव में लोगों द्वारा पूछे जाने वाले ये सवाल न केवल संवेदनहीन हैं, बल्कि मुख्य समस्या की जड़ से भी ध्यान भटका देते हैं। वास्तव में सलाह महिलाओं के लिए नहीं बल्कि सवाल यह होना चाहिए कि अपराधी ने ऐसा करने की हिम्मत कैसे की? आखिर समाज के लोगों ने ऐसे अपराधियों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए?

महिलाओं को सावधान रहने की सलाह देने से बेहतर समाज की सोच बदलना है। हमें यह समझना होगा कि सिर्फ 'सावधान रहो' कहना आसान है, लेकिन हर परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रखना हमेशा संभव नहीं होता है। सवाल एक बार फिर से खड़ा है कि 'आखिर कब महिलाएं घर और बाहर पूरी तरह से सुरक्षित होंगी। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Gemini.com

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।