Chhath Puja 2026: संतान की लंबी उम्र और खुशहाली का प्रतीक है गन्ने का मंडप, जानें छठ में व्रती महिलाएं कैसे करती हैं इसे तैयार?

छठ महापर्व 4 दिनों तक चलने वाला त्योहार है। नहाय-खहाय से शुरू होकर यह पर्व उगते सूर्य को अर्घ्य देने और पारण के साथ समाप्त होता है। साल 2026 में यह पर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जा रहा है। इस दौरान कई परंपराएं निभाई जाती हैं। बता दें कि छठ पूजा में जितना महत्व सूर्य देव को अर्घ्य देने, बांस के सूप और ठेकुआ का है, उतनी ही खास जगह गन्ने के मंडप की भी होती है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में छठ घाटों पर आपने अक्सर गन्ने से बना सुंदर मंडप देखा होगा। इस मंडप के नीचे व्रती महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना करती हैं।
मगर क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर गन्ने का ही मंडप क्यों बनाया जाता है? नीचे लेख में बिहारी की स्थानीय निवासी प्रज्ञा मिश्रा से जानें गन्ने का मंडप बनाने का तरीका और महत्व।
छठ पूजा में गन्ने का मंडप क्यों बनाया जाता है?
छठ पूजा में गन्ने का मंडप बनाना एक पुरानी लोक परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, गन्ना मिठास, खुशहाली, उन्नति और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। जिस तरह गन्ने की फसल बढ़ती है और उसमें मिठास भरती है, उसी तरह परिवार में भी सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे, इसी भावना से इसका मंडप बनाया जाता है।

Image Credit-herzindagi
कई क्षेत्रों में इसे संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य से जोड़कर देखा जाता है। व्रती महिलाएं गन्ने के मंडप के नीचे खड़े होकर या बैठकर छठी मैया और सूर्य देव की पूजा करती हैं। मान्यता है कि इससे परिवार पर देवी-देवताओं की कृपा बनी रहती है और संतान को सुखी जीवन का आशीर्वाद मिलता है।
इसे भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: मिट्टी के चूल्हों और बांस के सूप से सजे बिहार के बाजार, जानिए 4 दिनों तक चलने वाले महापर्व का पूरा शेड्यूल?
गन्ने का मंडप बनाने के लिए किन चीजों की पड़ती है जरूरत?
गन्ने का मंडप बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती। इसके लिए आमतौर पर चार से छह लंबे और मजबूत गन्ने, रस्सी या सूती धागा, फूलों की माला और पूजा की कुछ पारंपरिक सामग्री रखी जाती है। मंडप बनाने के लिए ऐसे गन्ने चुनने चाहिए जो सीधे, मजबूत और ताजे हों। ध्यान रखें कि गन्ने टूटे हुए या बहुत ज्यादा सूखे न हों। अगर मंडप थोड़ा बड़ा बनाना है तो जरूरत के अनुसार अधिक गन्ने भी लिए जा सकते हैं।

Image Credit-ai (main image)
इसके अलावा केले के पत्ते, गेंदे के फूल और आम के पत्तों से भी इसकी सजावट की जाती है। कई जगह महिलाएं मंडप को रंगीन कपड़े या चुनरी से सजाती हैं। हालांकि सजावट का तरीका अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों की परंपरा के अनुसार बदल सकता है।
व्रती महिलाएं कैसे तैयार करती हैं गन्ने का मंडप?
गन्ने का मंडप बनाना मुश्किल काम नहीं है, लेकिन इसे तैयार करते समय मजबूती और साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी होता है।

- जिस स्थान पर मंडप बनाना है, वहां अच्छे से सफाई करें। अगर मंडप घर के आंगन में बनाया जा रहा है तो जमीन को साफ करके पूजा के लिए तैयार करें। घाट पर मंडप बनाते समय ऐसी जगह चुनें जहां आने-जाने में परेशानी न हो।
- अब चार मजबूत गन्ने लें और उन्हें चार कोनों पर जमीन में मजबूती से खड़ा कर दें। गन्नों के बीच की दूरी मंडप के आकार के हिसाब से रखें। अगर जमीन सख्त है तो पहले छोटे गड्ढे बनाकर गन्नों को उसमें लगाएं।
- चारों गन्नों के ऊपरी हिस्से को रस्सी या सूती धागे की मदद से आपस में बांध दें। इससे मंडप का ढांचा तैयार हो जाएगा। जरूरत पड़ने पर ऊपर दो गन्ने आड़े रखकर भी बांध सकती हैं।
- अब मंडप को गेंदे के फूलों, आम के पत्तों और केले के पत्तों से सजाएं। कई जगह गन्ने के साथ रंगीन कपड़े या चुनरी भी बांधी जाती है। इससे मंडप देखने में सुंदर लगता है।
- मंडप के नीचे पूजा के लिए सूप, फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य प्रसाद व्यवस्थित तरीके से रखें। इसके बाद व्रती महिलाएं अपनी पारिवारिक परंपरा के अनुसार छठी मैया की पूजा करती हैं।
इसे भी पढ़ें- Chhath Puja Kosi Diya: तेज हवा में भी रात भर जलते रहेंगे कोसी के दीये, बस करें 5 में से कोई 1 काम
पूजा पूरी होने के बाद गन्ने का इस्तेमाल प्रसाद के रूप में भी किया जाता है। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा है, तो इस शेयर करें। ऐसे ही अन्य आर्टिकल को पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।
Image Credit-Magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।