'मैं फिर आऊंगा...' पुणे में डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसा फिर किया दुष्कर्म और ली सेल्फी... घर के अंदर भी नहीं सुरक्षित तो क्या करें महिलाएं?

Pune Rape Case: अभी मुंबई में महिला टीचर द्वारा अपने ही स्टूडेंट के साथ यौन उत्पीड़न करने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि पुणे से एक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। इस खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे के कोंढवा इलाके में रहने वाली एक 25 वर्षीय लड़की के साथ एक अज्ञात व्यक्ति ने डिलीवरी बॉय बनकर दुष्कर्म किया। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने पीड़िया के फोन में एक सेल्फी ली और लिखा, 'मैं फिर आऊंगा।' पीड़िता पेशे से एक टेक्निकल इंजीनियर है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पीड़िता के पास बैंक का लिफाफा देने के बहाने आया और साइन करवाने के नाम पर उसके घर का सिक्योरिटी गेट खुलवा लिया।
इससे पता चलता है कि इस तरह की मानसिकता रखने वाले दरिंदे कितने बेखौफ हैं। क्या अब लड़कियां अपने खुद के घर में भी सुरक्षित नहीं है? बाहर जाना तो दूर, अब लोग अपनी बेटियों को घर में छिपाकर रखने में भी खौफ खाने लगे हैं। इस मामले ने सभी में दहशत भर दी है। कब तक महिलाएं डर के साए में जियेंगी? क्या इस तरह खुलेआम दरिंदगी करने वालों को प्रशासन का भी खौफ नहीं है? आखिर कब तक ये दहशत फैलाई जाएगी?
पॉश कॉलोनी तक नहीं है सेफ
लोग एक अच्छे और सेफ लाइफस्टाइल के लिए पॉश कॉलोनी और सोसाइटी में रहना पसंद करते हैं, लेकिन इस मामले ने इस सोच को भी तोड़कर रख दिया है। यह घटना पुणे की एक पॉश सोसाइटी में हुई है। आरोपी शख्स कुरियर ब्वॉय बनकर घर में घुसा और साइन करने के बहाने उसने लड़की पर एक स्प्रे छिड़क दिया। इससे वह बेहोश हो गई। आरोपी ने पीड़िता पर एक कैमिकल स्प्रे किया था। आरोपी दुष्कर्म करने के बाद, पीड़िता के फोन में सेल्फी लेता है और बहुत ही आसानी से फरार हो जाता है। ऐसे लोगों के लिए ये सब इतना आसान कैसे हुआ? आरोपी की तस्वीर सामने होने के बाद भी पुलिस को उसकी तलाश करने में काफी वक्त लगा।
पुलिस भी है हैरान
फर्जी डिलीवरी बॉय का दुस्साहस देखकर आम आदमी से लेकर पुलिस तक हर कोई हैरान है। इस घटना ने एक सवालिया निशान खड़ा किया है। आखिर एक महिला अपने घर में खुद को कैसे सुरक्षित रखे? क्या महिलाएं अब अपने बंद घर में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकतीं? हालांकि, इस मामले में पुलिस ने क्विक एक्शन लिया। आरोपी की पकड़ने के लिए पुलिस ने 10 टीमें बनाईं। इसमें 5 टीमें क्राइम ब्रांच और 5 लोकल पुलिस की थीं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
शैतानी मानसिकता पर कैसे लगेगी रोक?
मन में सवाल पैदा होता है कि इस तरह के शैतानी मानसिकता के लोगों पर आखिर कैसे रोक लगेगी? ये लोग अपनी गंदी मानसिकता को संतुष्ट करने लिए किसी भी हद तक गुजरने को तैयार रहते हैं। इनके अंदर का डर ही खत्म हो चुका है। क्या ऐसे में सरकार और प्रशासन को ऐसी नीचता करने वालों के लिए सख्त कानून बनाने की जरूरत नहीं है? क्या ऐसे लोगों में डर पैदा करने के लिए सख्त से सख्त कानून नहीं होना चाहिए? आपकी इस पर क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं? हमें बताएं कि आप ऐसे लोगों के खिलाफ किस तरह की सजा की उम्मीद करते हैं?
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो, तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik/her zindagi
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।