'लाखों रुपये लूटने के लालच में शादी करना चाहता था'...' जानें रिदम को सैम की सच्चाई कैसे पता चली?

पहले पार्ट में आपने पढ़ा कि अमेरिका में रिसर्च करने गई डॉक्टर रिद्म को सैम से प्यार हो जाता है और वह उसके साथ जिंदगी बिताने का सपना देखने लगती है। लेकिन शादी से पहले सैम अपने अतीत और आर्थिक परेशानी की ऐसी कहानी सुनाता है, जिस पर रिद्म आंख बंद करके भरोसा कर लेती है।
15 दिनों बाद जब वह रिद्म से मिला तो बहुत गंभीर था। उसने बताया, 'रिद्म, मैं व्यस्त नहीं, बल्कि परेशान था। कुछ बातें मैंने तुमसे छिपाईं, इसके पीछे मेरी कोई गलत नीयत नहीं थी, बल्कि मुझे तुम्हें खोने का डर था। लेकिन अब मैं अपने इस डर से बाहर आ गया हूं। रिश्ते की नींव सच्चाई और एक-दूसरे से कुछ न छिपाने पर टिकी होनी चाहिए। 'प्लीज सैम, पहेलियां मत बुझाओ,' मैं बेचैनी से बोली। 'मेरा पहले भी विवाह हो चुका है। इंडियन थी वह। उसका नाम सोनल था। हम दोनों के बीच प्यार हुआ और जल्द ही हमने शादी कर ली। सोनल के पेरेंट्स नहीं थे। इंडिया में उसका एक भाई था। हम दोनों की जिंदगी बहुत अच्छे से गुजर रही थी। लेकिन कुछ दिनों से मुझे लग रहा था कि वह उदास रहने लगी है। एक दिन मैंने वजह पूछी तो उसने रोते हुए बताया कि उसके भाई को कैंसर हो गया है।
मैंने उससे कहा, 'सोनल, रो मत। अपने भाई को अमेरिका बुला लो, ताकि हम उसका अच्छे से अच्छा इलाज करवा सकें। मैं जल्द से जल्द उसका वीजा लगवाता हूं।' उसने प्यार से मेरा हाथ थामकर कहा, 'सैम, तुम कितना व्यस्त रहते हो। वीजा की औपचारिकताएं पूरी करने में समय लगेगा, इसलिए उसकी टेंशन तुम मत लो। वीजा मैं खुद लगवा लूंगी। हां, तुम उसके लिए किसी अच्छे डॉक्टर का पता कर लो।' एक पल रुककर वह भावुक होकर बोली, 'मैं कितनी खुशनसीब हूं कि तुम मेरी जिंदगी में आए।'

कुछ दिनों बाद सोनल का भाई अमेरिका आ गया। जॉब में व्यस्त होने के कारण मैं उसे दिखाने न्यूयॉर्क नहीं जा सकता था, इसलिए सोनल अपने भाई के साथ अकेले न्यूयॉर्क चली गई। मैंने उसके अकाउंट में एक लाख डॉलर ट्रांसफर कर दिए, ताकि इलाज में कोई कमी न रह जाए। चार-पांच दिनों तक हमारी फोन पर बात होती रही, फिर अचानक संपर्क टूट गया। मैं बहुत परेशान हो गया था कि आखिर ऐसा क्या हो गया, जिसकी वजह से सोनल का फोन नहीं मिल रहा था। फिर एक रात अचानक उसका मैसेज आया, जिसे पढ़कर मुझे ऐसा लगा जैसे मेरे पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई हो। 'ऐसा क्या था उस मैसेज में?' मेरी जिज्ञासा बढ़ती जा रही थी।
'रिद्म, वह आदमी सोनल का भाई नहीं, बल्कि उसका पति था, जिसे कैंसर भी नहीं था। मेरा सारा पैसा लेकर वे दोनों इंडिया चले गए थे।' आश्चर्य से मेरी आंखें फैल गईं। 'तुम समझ नहीं सकतीं, उन दिनों मेरी क्या हालत थी। प्यार में इतना बड़ा धोखा खाकर मेरा दिल टूट गया था। उसने मुझे भावनात्मक रूप से ही नहीं, बल्कि पैसों के मामले में भी कमजोर कर दिया था। लेकिन हां, वह मुझे जिंदगी का एक बहुत बड़ा सबक सिखा गई थी। उसने लिखा था, सैम, हर इंसान को अपनी कमजोरी की कीमत चुकानी पड़ती है। मैं तुम्हारी कमजोरी थी। मेरे बारे में कुछ भी जाने बिना मुझसे शादी करने की कीमत तुम्हें एक लाख डॉलर के रूप में चुकानी पड़ रही है।
रिद्म, मैं सोचता था कि इंडियंस से दूर रहूंगा, लेकिन तुमसे मिलने के बाद मेरे विचार बदल गए। अच्छाई और बुराई इंसान के स्वभाव में होती है। देश का इससे कोई लेना-देना नहीं होता।' सैम की आंखों में मुझे सच्चाई नजर आ रही थी। वह चाहता तो मुझसे ये सब छिपा सकता था। मैंने कहा, 'सैम, तुम्हारी सच्चाई ने मेरे मन में तुम्हारी इज्जत दोगुनी कर दी है। मैं तुम्हें विश्वास दिलाती हूं, तुम्हारे अतीत का हमारे प्यार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।'
'मुझे अफसोस है, हमारी मैरिज पर इसका असर पड़ेगा।'
'क्या मतलब?' मैं चौंकी।
'मुझे गलत मत समझो। अभी मैं आर्थिक परेशानी से गुजर रहा हूं। 50 हजार डॉलर का घर का लोन चुकाना है। इससे छुटकारा पाने के बाद हम शादी करेंगे।'
'सैम, अब यह परेशानी सिर्फ तुम्हारी नहीं, हम दोनों की है। मैं तुम्हारा लोन चुकाने में तुम्हारी मदद करूंगी।'
'सॉरी रिद्म, मैं तुमसे मदद नहीं लूंगा। मेरा आत्मसम्मान मुझे इसकी इजाजत नहीं देता।'
'प्लीज़ सैम, मैं इंतजार नहीं कर सकती। एक बार इंडिया वापस चली गई, तो मम्मी-पापा मुझ पर भावनात्मक दबाव बना सकते हैं।'
'मैं भी तुम्हें खोना नहीं चाहता। अच्छा ठीक है, कर्ज के तौर पर मैं तुमसे पैसा ले सकता हूं।'
उसे भरोसा दिलाकर मैं घर चली आई। लेकिन अब मैं परेशानी में थी। मेरे पास इतना बड़ा अमाउंट था ही नहीं, फिर मैं देती कहां से? क्या मेरी जितनी सेविंग्स थीं, वह सब दे दूं? पापा से मांगना भी मुझे सही नहीं लग रहा था। इसी परेशानी में मैंने एना को सारी बात बताई। वह बोली, 'रिद्म, तू पागल है क्या? शादी से पहले अपना पैसा देना समझदारी नहीं है। मेरी मान तो डॉ. जैक्सन से सलाह ले ले। वह बड़े हैं। एक गार्जियन की तरह हमारी केयर करते हैं। वह तेरा सही मार्गदर्शन जरूर करेंगे।'
मैं और एना इंस्टीट्यूट पहुंचे तो डॉ. जैक्सन बाहर खड़े मिल गए। उन्होंने कहा, 'रिद्म, कल रात तुम्हारे पापा का फोन आया था। वह सैम के बारे में जानकारी करवाना चाहते हैं।'
'ओह, पापा भी बस। डॉ. आप सैम से मिल चुके हैं। आपको कुछ गलत लगा क्या?'

डॉ. जैक्सन बोले, 'तुम्हारे पेरेंट्स की चिंता स्वाभाविक है। उन्हें यह जानने का पूरा हक है कि उनकी बेटी ने जिसे अपना पार्टनर चुना है, वह सही इंसान है या नहीं।' डॉ. जैक्सन को मैंने अपनी पूरी समस्या बताई। उन्होंने मुझसे 3-4 दिनों का वक्त मांगा। इस बीच उन्होंने मुझे इतना काम दे दिया कि मुझे सिर उठाने तक की फुर्सत नहीं मिली। चौथे दिन जब उन्होंने मुझे वेल्स फारगो बैंक बुलाया तो डॉ. जैक्सन के साथ मैनेजर के केबिन में बैठी मैं कंप्यूटर पर सब कुछ अपनी आंखों से देख रही थी। मेरा भरोसा टूट रहा था। मेरी भावनाएं बिखर रही थीं। झूठ के पीछे छिपी वह सच्चाई मेरे लिए बहुत दर्दनाक थी। बैंक मैनेजर की आवाज मुझे बहुत दूर से आती हुई लग रही थी, 'वैसे तो हम अपने क्लाइंट के अकाउंट की पूरी गोपनीयता रखते हैं। किसी के साथ जानकारी शेयर नहीं करते, लेकिन मामला गंभीर है और इनकी जिंदगी से जुड़ा हुआ है। इसलिए डॉ. जैक्सन के कहने पर मैं आपको सैम के अकाउंट की डिटेल्स दिखा रहा हूं। बस आप यह बात किसी को नहीं बताएंगी। सैम के अकाउंट से कभी एक लाख डॉलर नहीं निकाले गए और न ही उसके नाम पर कोई लोन है। बल्कि उसके पास अच्छा-खासा पैसा है।'
इसका मतलब उसे पहचानने में मुझसे गलती हुई। मेरी सिक्स्थ सेंस का क्या हुआ? मेरा चेहरा पीला पड़ गया। ऐसा लग रहा था जैसे शरीर में जान ही नहीं बची हो। डॉ. जैक्सन मुझे सहारा देकर बाहर लाए और बैंक के सामने स्टारबक्स में ले गए। दो कॉफी ऑर्डर करने के बाद उन्होंने कहा, 'मैंने सैम की कंपनी में भी उसके बारे में पता किया था। वह अमेरिकन नहीं, बल्कि मैक्सिकन है। उसकी कभी शादी भी नहीं हुई। अगर ऐसा होता तो कंपनी के रिकॉर्ड में इसकी जानकारी होती। उसके दोस्तों को भी इसके बारे में पता होता। यह पूरी कहानी उसने तुमसे पैसे लेने के लिए बनाई थी। लेकिन ईश्वर का लाख-लाख शुक्र है कि समय रहते हमें सच्चाई पता चल गई।' मैं आंसुओं भरी आंखों से उन्हें देख रही थी। मेरे सारे सपने कांच की तरह टूटकर बिखर गए थे। सच ही तो कहा था उसने, इंसान को अपनी कमजोरी की कीमत चुकानी पड़ती है। अमेरिका में बसने की मेरी चाहत मेरी कमजोरी बन गई थी, जिसका उसने फायदा उठाने की कोशिश की। मेरा रोम-रोम पापा और डॉ. जैक्सन का कर्जदार था।
इससे पहले कि मेरे पैरों के नीचे से जमीन खिसक जाती, पापा की समझदारी और डॉ. जैक्सन की मदद ने मुझे संभाल लिया। मेरी हालत समझते हुए उन्होंने मेरी पीठ थपथपाई। 'बी ब्रेव, डॉ. रिद्म। यू शुड फेस दिस बिटरनेस ऑफ लाइफ विद करेज। बड़े होने के नाते एक बात मैं तुमसे कहना चाहूंगा। मन में किसी चीज को पाने की इच्छा होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी भी चीज के लिए बहुत ज्यादा बेचैन हो जाना अच्छा नहीं होता। इससे गलत फैसला लेने का खतरा बढ़ जाता है। तुम अमेरिका में बसने के लिए इतनी बेचैन थी, जिसका सैम ने फायदा उठाने की कोशिश की।
रिद्म, सुखी जीवन के लिए अच्छा जीवनसाथी मिलना जरूरी है, फिर चाहे वह किसी भी देश का क्यों न हो।'
'आप ठीक कह रहे हैं सर। जिंदगी की इस सबसे जरूरी बात को भूलकर एक छोटी लड़की की तरह मैं खुद पर काबू नहीं रख पाई और भावनाओं में बह गई।'
'कोई बात नहीं। जिंदगी की हर गलती हमें कुछ न कुछ सिखाकर जाती है। सच तो यही है रिद्म, हम सभी के मन में कहीं न कहीं एक बच्चा मौजूद रहता है, जो कभी-कभी किसी चीज को पाने के लिए जिद करने लगता है। एक समझदार इंसान को अपने मन के उस बच्चे को धैर्य के साथ संभालना आना चाहिए।' डॉ. जैक्सन के साथ मैं इंस्टीट्यूट लौट आई। अब मुझे बस अपनी रिसर्च पूरी करके इंडिया वापस लौटने, मम्मी-पापा से मिलने और डॉ. राहुल के साथ अपनी जिंदगी आगे बढ़ाने का इंतजार था।
यह कहानी पूरी तरह से कल्पना पर आधारित है और इसका वास्तविक जीवन से कोई संबंध नहीं है। यह केवल कहानी के उद्देश्य से लिखी गई है। हमारा उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है। ऐसी ही कहानी को पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी के साथ।
लेखक- रेनू मंडल
image credit- pijush, gemini
इसे भी पढ़ें- 40 साल पुरानी दोस्ती और अस्पताल का वो एक दिन, आखिर विशाखा के साथ उस दिन क्या हुआ था?
इसे भी पढ़ें- शादी के जश्न में धुंधला गया सविता जी का दर्द, जब अपनों के लिए जरूरी हो गई खुशियों की चमक
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।