सिर्फ 'आई लव यू' कहना काफी नहीं! जानिए क्यों रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए भरोसा है जरूरी

कभी-कभी रिश्ते में एक छोटा सा ''मैं हूं तुम्हारे साथ'' पूरे दिन की उदासी दूर कर देता है, यही है रीएश्योरेंस। जानिए कैसे प्यार जताने के ये छोटे-छोटे तरीके आपके रिश्ते में भरोसा और नजदीकियां बढ़ा देते हैं?
Updated:- 2026-10-22, 19:04 IST
Relationship Tips

किसी से प्यार करना और उसे अपने प्यार का एहसास कराना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। कई बार कपल्स एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं, लेकिन फिर भी उनके बीच गलतफहमियां और असुरक्षा की भावना पैदा होने लगती है। ऐसे में सिर्फ आई लव यू कह देना काफी नहीं होता है। रिश्ते में पार्टनर को यह महसूस कराना भी जरूरी है कि वह आपके साथ हैं और वह आपके लिए खास है। इसे रीएश्योरेंस (Reassurance) कहते हैं। इसका मतलब है अपने पार्टनर को भरोसा दिलाना कि आप उसकी परवाह करती हैं और मुश्किल समय में भी उसका साथ देंगे। आइए एम्स दिल्ली की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और BSF में एमिनेंट फैकल्टी डॉक्‍टर विधि पिलनिया से जानते हैं कि रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए रीएश्योरेंस क्यों जरूरी है?

रिश्ते को मजबूत कैसे बनाएं?

क्या आपके पार्टनर के मन में भी अक्सर ये सवाल आता है कि पार्टनर आपसे सच में प्यार करता है या नहीं? रिश्ते में ऐसी असुरक्षा महसूस करना आम बात है। इसे दूर करने के लिए जरूरी है, अपने पार्टनर को शब्दों और कामों से यह एहसास दिलाना कि वह उसके साथ हैं।

2 (30)

Photo Credit: Magnific

1. रिश्ते पर रखें भरोसा

किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए भरोसा बहुत जरूरी है। जब पार्टनर एक-दूसरे को अपने प्यार और साथ का भरोसा दिलाते हैं, तो रिश्ते में सुरक्षा का एहसास बढ़ता है। छोटी-छोटी बातें, जैसे दिनभर में पार्टनर का हाल पूछना, उसकी बात ध्यान से सुनना या उसे यह बताना कि वह आपके लिए कितना खास है; ये बातें रिश्ते को मजबूत बनाती हैं। सिर्फ प्यार जताना ही काफी नहीं है, बल्कि अपने व्यवहार से भी उसे दिखाना जरूरी है। जब आपकी बातें और काम एक जैसे होंगे, तो पार्टनर का भरोसा बढ़ता है।

2. छोटी-छोटी गलतफहमियां दूर करना

कई बार पार्टनर के मैसेज का देर से जवाब मिलने या फोन पर ठीक से बात न हो पाने से मन में कई सवाल आने लगते हैं। ऐसा लग सकता है कि सामने वाला अब पहले जितनी परवाह नहीं करता है। हर बार ऐसा होना जरूरी नहीं है। हो सकता है कि पार्टनर काम में बिजी हो या किसी परेशानी से गुजर रहा हो। ऐसे समय में एक-दूसरे से खुलकर बात करना जरूरी है। अगर आप बिजी हैं, तो पार्टनर को बता सकते हैं कि आप बाद में आराम से बात करेंगे। इस तरह की छोटी-छोटी बातें गलतफहमियों को बढ़ने से रोकती हैं और रिश्ते में बेवजह के झगड़े कम होते हैं।

3. मुश्किल बातों पर आसानी से बात करना

रिश्ते में कभी-कभी दुख पहुंचना आम बात होता है। कई लोग अपनी परेशानी इसलिए नहीं बताते क्योंकि उन्हें डर होता है कि कहीं पार्टनर नाराज न हो जाए या रिश्ता खराब न हो जाए। ऐसे में पार्टनर को भरोसा दिलाना जरूरी है कि किसी बात पर जवाब न देने का मतलब यह नहीं कि आपका प्यार कम हो गया है। आप उससे कह सकते हैं कि आप दोनों मिलकर समस्या को सुलझा सकते हैं। इससे पार्टनर अपनी बात खुलकर रख पाता है और दोनों के लिए एक-दूसरे को समझना आसान हो जाता है।

4. पार्टनर को उसकी अहमियत महसूस कराना

रिश्ता पुराना होने के साथ कई बार लोग एक-दूसरे की छोटी-छोटी कोशिशों को नजरअंदाज करने लगते हैं। उन्हें लगने लगता है कि पार्टनर तो जानता ही है कि हम उससे प्यार करते हैं, इसलिए बार-बार बताने की क्या जरूरत है? रिश्ते में तारीफ और प्यार जताना जरूरी है। अगर पार्टनर ने आपके लिए कुछ खास किया है, तो उसे थैंक्स बोलें। उसके काम की तारीफ करें और उसे बताएं कि आप उसकी कोशिशों की कद्र करते हैं।

1 (33)

Photo Credit: Magnific

5. मुश्किल समय में रिश्ता मजबूत बनाए रखना

काम का दबाव, परिवार की जिम्मेदारियां और दूसरी परेशानियां रिश्ते पर भी असर डाल सकती हैं। ऐसे समय में पार्टनर एक-दूसरे को पहले जितना समय नहीं दे पाते हैं। इससे उनके बीच दूरी महसूस होने लगती है। ऐसे में एक-दूसरे को भरोसा दिलाना जरूरी है कि बिजी होने का मतलब प्यार में कमी आना नहीं है। आप छोटा-सा मैसेज भेजकर, कुछ देर बात करके या पार्टनर की परेशानी सुनकर भी अपना साथ जता सकते हैं। इससे दोनों को एहसास होता है कि मुश्किल समय में भी वे एक-दूसरे के साथ हैं।

यह भी पढ़ें- सिर्फ रोमांस नहीं, जानिए क्यों पार्टनर के सीने पर सिर रखकर सोने से शांत होता है दिमाग?

रिश्ते में भरोसा कैसे दें?

पार्टनर को भरोसा दिलाने के लिए हमेशा बड़े वादे करने या महंगे गिफ्ट देने की जरूरत नहीं होती है। आप रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों से भी अपने प्यार का एहसास करा सकते हैं।

  • पार्टनर से पूछें कि उसका दिन कैसा रहा?
  • उसकी बातों को ध्यान से सुनें और उसकी भावनाओं को समझने की कोशिश करें।
  • समय-समय पर उसे बताएं कि वह आपके लिए कितना खास है।
  • किसी बात पर झगड़ा होने के बाद बातचीत से समस्या सुलझाने की कोशिश करें।
  • व्यस्त होने पर पार्टनर को बता दें, ताकि उसे बेवजह चिंता न हो।
  • उसकी कोशिशों और छोटी-छोटी खुशियों की तारीफ करें।

यह भी पढ़ें- शादी के होते हैं ये 6 पड़ाव, जानिए क्यों अक्सर 'Stage 3' पर ही हार मान लेते हैं ज्यादातर कपल्स?

हर व्यक्ति के प्यार जताने का तरीका अलग हो सकता है। किसी को शब्दों से भरोसा मिलता है, तो किसी को समय देना और कामों से परवाह दिखाना ज्यादा मायने रखता है। इसलिए, अपने पार्टनर की भावनाओं को समझना और अपनी जरूरतों के बारे में खुलकर बात करना जरूरी है। रीएश्योरेंस का मतलब हर समय अपने प्यार को साबित करना नहीं, बल्कि एक-दूसरे को सम्मान और साथ का एहसास कराना है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

FAQ
रीएश्योरेंस और पजेसिवनेस में क्या फर्क है?
रीएश्योरेंस में आप पार्टनर को प्यार और सुरक्षा का एहसास दिलाते हैं, जैसे "मैं तुम्हारे साथ हूं"। जबकि पजेसिवनेस में आप पार्टनर को कंट्रोल करने लगते हैं।
लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रीएश्योरेंस कैसे दें?
लॉन्ग डिस्टेंस में भरोसा सबसे ज्यादा जरूरी है। रोज वीडियो कॉल, छोटा सा गुड मॉर्निंग मैसेज, फ्यूचर प्लान्स के बारे में बात करना और बिजी होने पर पहले ही बता देना; ये छोटी चीजें पार्टनर को एहसास दिलाती हैं कि दूरी के बाद भी आप उसी के हैं।
क्या हर झगड़े के बाद रीएश्योरेंस देना जरूरी है?
हां, बहुत जरूरी है। झगड़े के बाद अक्सर मन में सवाल आता है कि क्या पार्टनर अब भी प्यार करता है? ऐसे में एक सॉरी, एक हग करना पार्टनर के सारे डर को खत्म कर देता है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।