क्या आपके रिश्ते में भी आ चुकी है खामोशी? समय रहते पहचानें ये संकेत

शादी के बाद मिताली और मोहित एक-दूसरे का खूब ख्याल रखते और आपसी रजामंदी से ही सारे फैसले लेते थे। कभी किसी ने उन्हें लड़ते या आरोप-प्रत्यारोप करते नहीं देखा था। उनका खुशहाल रिश्ता लोगों के लिए एक मिसाल था, लेकिन जैसे-जैसे शादी पुरानी होने लगी, दोनों एक-दूसरे के प्रति लापरवाह होने लगे। हमेशा साथ दिखने वाले मिताली-मोहित न तो अब एक साथ किसी फंक्शन में जाते थे और न ही अपने घर पर जन्मदिन, एनिवर्सरी या कोई त्योहार मनाते थे। एक तरह से वे सिर्फ दिखावे के लिए साथ-साथ थे। उन दोनों के बीच यह दूरियां एक-दो दिन में नहीं पनपी थीं, इसके बीज तो काफी पहले पड़ चुके थे। इसके लिए हमने काउंसलर प्रांजलि मल्होत्रा से बात की है।
काउंसलर कहती हैं कि आमतौर पर ऐसा वक्त के साथ रिश्ते में पनपती लापरवाही की वजह से होता है। शादी के शुरुआती साल एक-दूसरे को समझने और घर-गृहस्थी सेट करने में निकल जाते हैं। फिर धीरे-धीरे एक-दूसरे के बारे में सब कुछ जान लेने और रिश्ते में कुछ नया नहीं बचने की वजह से आकर्षण घटने लगता है, जो एक सामान्य प्रक्रिया है। इसके अलावा कई बार बच्चों की परवरिश के तरीके, आर्थिक मसले और परिवार से जुड़े कुछ अहम फैसलों में सहमति न बनने आदि वजहों से भी पति-पत्नी के बीच पहले वाली बात नहीं रहती। ज्यादा तनाव तब पनपता है, जब दोनों में से कोई एक अपने साथी के वजूद को नकारना शुरू कर देता है और उसकी निगाह में दूसरे की अहमियत नहीं रह जाती। इससे कई बार अकेलेपन और भावनात्मक असुरक्षा के कारण रिश्ता दरकने की नौबत आ जाती है। अगर समय रहते कुछ संकेतों को पहचान कर रिश्ते को बचाने की कोशिश की जाए, तो दांपत्य जीवन की खोई हुई खुशियां वापस लौट सकती हैं। रिश्ते में आती दरार की ओर इशारा करने वाले संकेत कौन-से हैं और कैसे दरार को भरा जा सकता है, जानिए यहां...

ख्याल न रखना
किसी भी रिश्ते को चलाने के लिए एक-दूसरे की जरूरतों, सहूलियतों और पसंद-नापसंद का ख्याल रखना बहुत जरूरी होता है। लेकिन जब साथी बोझ की तरह जिम्मेदारियों का निर्वहन करे, कभी मुस्कुराकर आपका कुशल-क्षेम न पूछे, बीमार पड़ने पर डॉक्टर के पास ले जाने की बजाय आपको हाउस हेल्प के सहारे छोड़ दे, तो इसे नाजुक मोड़ पर खड़े रिश्ते के रूप में देखना चाहिए।
- क्या करें: सबसे पहले इस व्यवहार के पीछे छिपी मंशा समझने की कोशिश करें। हो सकता है कि काम के बोझ की वजह से वह आपका ध्यान नहीं रख पा रहे हों। ऐसे में उन्हें थोड़ा वक्त दें। अगर ऐसा नहीं है, तो पहले प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उन्हें समझाएं कि उनका यह तरीका आपको पसंद नहीं आ रहा। इसके बाद भी वे नहीं बदलें तो आप भी उनकी तरफ से ध्यान हटा लें और उन्हें अपने रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम खुद करने के लिए कहें। इससे उन्हें गलती का एहसास होगा और वे आपको तवज्जो देने लगेंगे।
यह भी पढ़ें- हर कपल को पता होना चाहिए 20-Minute Rule, रिश्ते में बढ़ती दूरियों को कम करने का आसान तरीका
व्यवहार में आक्रामकता
छोटी-मोटी नोक-झोंक दांपत्य संबंधों में आम बात है, लेकिन जब हमेशा शांत और सहज रहने वाले जीवनसाथी के व्यवहार में अचानक आक्रामकता बढ़ जाए, मामूली-सी नोक-झोंक पर वह ऐसे कटु शब्द बोलने लगे जो पहले कभी उनके मुंह से नहीं सुने हों, अकसर आपसी बातचीत विवाद का रूप ले बैठती हो और बाद में उन्हें अपने व्यवहार और शब्दों पर पछतावा भी न हो, तो हालात को गंभीरता से लेना चाहिए।
- क्या करें: पता लगाएं कि क्या ऑफिस में भी उनका व्यवहार बदला है। यदि सिर्फ घर पर ही उनका स्वभाव उग्र हुआ हो, तो स्वयं से इसकी वजह पूछें। कहीं जाने-अनजाने आपने ही उनके मन को ठेस तो नहीं पहुंचाई है या आप ही उनकी किसी अपेक्षा पर खरी नहीं उतर रही हैं। अगर ऐसा हो तो खुद में बदलाव लाएं, अन्यथा इस बारे में उनसे बात करें।

कुछ जरूरी बातें
- कई बार बातचीत बंद होने की वजह से गलतफहमियां होती हैं और रिश्ते में खटास आती है। इसलिए किसी बात पर गांठ बांधने के बजाय खुद आगे बढ़कर बातचीत करें।
- गलतियां सभी से होती हैं, इसलिए साथी से कोई गलती हो जाए तो बात को तूल देने के बजाय उसे माफ करके बड़प्पन दिखाएं।
- पति-पत्नी का रिश्ता आपसी विश्वास पर टिका होता है और किसी भी तरह का झूठ भरोसे को तोड़ता है। इसलिए झूठ से परहेज करें और हमेशा सच का दामन थामें।
- कभी भी पार्टनर की किसी कमजोरी या नाकामी पर तंज न करें। इससे मन परेशान होता है और रिश्ते में दूरी बढ़ती है।
- छोटे-छोटे सरप्राइज रिश्ते में पनपती नीरसता को दूर करते हैं। कभी अचानक कहीं घूमने का प्लान बनाकर या कोई मनपसंद गिफ्ट देकर सरप्राइज दें, इससे रिश्ते में मिठास बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें- जब पति बढ़ाना चाहे फैमिली और पत्नी को चाहिए थोड़ा समय, तो ऐसे करें बातचीत
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।