क्या परिवार से हर बात शेयर करना सही है? जानें एक्सपर्ट की राय

परिवार हमारे जीवन का सबसे अहम हिस्सा होता है, जिनके साथ हम सुख-दुख और अपने जीवन की हर छोटी-बड़ी बात साझा करते हैं। बचपन से ही हमें सिखाया जाता है कि घर वालों से कुछ नहीं छुपाना चाहिए, क्योंकि वे हमेशा हमारा भला सोचते हैं। मगर जैसे-जैसे हम बड़े होते हैं, हमारे अपने निजी जीवन, विचार और भावनाएं विकसित होने लगती हैं। ऐसे में अक्सर यह सवाल मन में आता है कि क्या परिवार से हर बात शेयर करना सही है या कुछ बातें अपने तक ही सीमित रखनी चाहिए? इस विषय पर मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स, गुरूग्राम की मनोवैज्ञानिक डॉ. मुनिया भट्टाचार्य से जानें राय?
क्या परिवार से हर बात शेयर करना सही है?
घर हमारे लिए सुरक्षा और भरोसे की जगह है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मन की हर बात सबको पता होनी चाहिए। मनोवैज्ञानिक दृष्टि से स्वस्थ रिश्ते इस बात पर निर्भर करते हैं कि हम एक-दूसरे की निजता का कितना सम्मान करते हैं। कई बार इंसान कोई बात इसलिए साझा नहीं करता क्योंकि वह खुद उसे समझने की प्रक्रिया में होता है और अपने विचारों को व्यवस्थित करना चाहता है।

समस्या तब शुरू होती है जब परिवार में हर बातचीत के साथ सलाह, आलोचना या फैसला जुड़ जाता है, जिससे धीरे-धीरे मन की बातचीत बंद हो जाती है। स्वस्थ परिवार वह नहीं है जहां कोई बात निजी न रहे, बल्कि वह है जहां व्यक्ति को यह स्वतंत्रता हो कि वह क्या, कब और कितना साझा करना चाहता है।
परिवार से बात शेयर करने का फायदा
पारिवारिक रिश्तों में खुलापन होना भी जरूरी है। जब आप अपने माता-पिता या भाई-बहन से अपने दिल की बात खुलकर कहते हैं, तो इससे आपसी रिश्ता मजबूत होता है। कई बार जब आप किसी मुश्किल या तनाव में होते हैं, तो परिवार के लोग आपको सही सलाह देकर उस परेशानी से बाहर निकाल लेते हैं।

घर वालों से बातें शेयर करने से मानसिक बोझ हल्का होता है और आपको एक मानसिक सुरक्षा का एहसास मिलता है। खासकर जब आप किसी बड़े फैसले या करियर के मोड़ पर होते हैं, तो परिवार का समर्थन आपकी ताकत बनता है।
इसे भी पढ़ें- पार्टनर का बार-बार Busy होना कितना सामान्य है और कब बन जाता है Red Flag?
रिश्तों के बीच संतुलन बनाना क्यों है जरूरी?
रिश्तों को मजबूत बनाए रखने के लिए प्यार और सम्मान के साथ-साथ पर्सनल स्पेस की इज्जत करना भी उतना ही जरूरी है। परिवार से हर बात शेयर न करने का मतलब यह नहीं है कि आप उनसे दूर हो रहे हैं बल्कि इसका मतलब यह है कि आप अपनी जिंदगी की कुछ जिम्मेदारियों को खुद संभालना सीख रहे हैं। एक्सपर्ट के अनुसार, ट्रांसपेरेंसी और निजता के बीच एक सही संतुलन बनाकर चलना ही एक स्वस्थ और खुशहाल रिश्ते की चाबी है।
इसे भी पढ़ें- रिश्ते में झगड़ों से ज्यादा नुकसान पहुंचाती हैं ये 5 गलतियां, जानें कड़वाहट की असली वजह
अगर आप अपने परिवार से हर एक बात साझा करते हैं, तो यह जरूर तय करें कि क्या बात बतानी चाहिए और क्या नहीं? अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।