एक सब शेयर करता है, दूसरा रहता है चुप; क्या यह आदत आपके रिश्ते में ला रही है दूरी?

हर रिश्ते की बुनियाद आपसी समझ और बातचीत पर टिकी होती है, लेकिन जब किसी कपल के बीच एक साथी अपनी हर छोटी-बड़ी बात दिल खोलकर शेयर करता है और दूसरा अपनी भावनाएं छुपाता या चुप रहता है, तो धीरे-धीरे रिश्ते में दूरी आने लगती है। बातों का यह असमान संतुलन दोनों साथियों के बीच भावनात्मक तनाव पैदा कर देता है। ऐसे में इस परिस्थिति को समय रहते समझना जरूरी है। इसके लिए हमने कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत (Dr. Chandni Tugnait) से भी बात की है। जानते हैं आगे...
दोनों का अलग स्वभाव कैसे बढ़ाता है उलझन?
जब दो अलग-अलग स्वभाव के लोग एक साथ आते हैं, तो उनकी आदतें रिश्ते पर गहरा असर डालती हैं। इस तरह की स्थिति में रिश्ता कैसे प्रभावित होता है, आइए समझते हैं-
- सब शेयर करने वाला साथी महसूस करता है अकेलापन: जब कोई व्यक्ति अपनी भावनाएं और दिल की बात खुलकर सामने रखता है, तो वह सामने वाले से भी वैसी ही उम्मीद करता है, लेकिन जब दूसरे साथी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती, तो पहला व्यक्ति खुद को अकेला और इमोशनली थका हुआ महसूस करने लगता है।

- अपनी बातें छुपाने वाला पार्टनर बनाता है दूरी की दीवार: जो लोग डर, पुरानी आदत या संकोच के कारण अपनी भावनाएं छुपाते हैं, वे जाने-अनजाने रिश्ते में एक दीवार खड़ी कर देते हैं। अपनी बातें न बताना सामने वाले को यह संदेश देता है कि उस पर पूरा भरोसा नहीं किया जा रहा है।
- बातचीत सिर्फ काम-काज तक सीमित होना: जब एक साथी लगातार चुप रहने लगता है, तो धीरे-धीरे गहरी बातें, सपने और भावनाएं शेयर होना बंद हो जाती हैं। कपल के बीच की बातें सिर्फ घर के कामों, बच्चों की पढ़ाई या बिल भरने जैसे रोजमर्रा के विषयों तक ही सीमित होकर रह जाती हैं।
- आपस में बढ़ता मनमुटाव और चिड़चिड़ापन: एकतरफा कोशिशों से शेयर करने वाला साथी नाराज रहने लगता है, वहीं अपनी बातें छुपाने वाला व्यक्ति दबाव महसूस करने लगता है। नतीजा यह होता है कि दोनों एक-दूसरे से दूर भागने लगते हैं।
यह भी पढ़ें- लड़कों और लड़कियों की परवरिश का यह अंतर कैसे प्रभावित करता है उनकी मैरिड लाइफ? जानें
इस दूरी को कैसे मिटाएं, एक्सपर्ट से जानें
अगर आपके रिश्ते में भी यही स्थिति बनी हुई है, तो इसे सुधारने के लिए कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है-
- सुरक्षित माहौल बनाएं: जो साथी अपनी बात छुपाता है, उसे यह विश्वास दिलाएं कि अपनी भावनाएं जाहिर करने पर उसका मजाक नहीं उड़ाया जाएगा और न ही उस पर सवाल उठाए जाएंगे।
- धीरज रखें और छोटे कदमों से शुरुआत करें: जो लोग स्वभाव से शर्मीले या इंट्रोवर्ट होते हैं, उन्हें खुलने में समय लगता है। उन पर तुरंत सब कुछ बताने का दबाव न बनाएं।
- सीधे सवाल पूछने के बजाय प्यार से बात करें: "तुम कुछ बताते क्यों नहीं?" कहने के बजाय यह कहें कि "जब तुम अपनी बातें शेयर करते हो, तो मुझे बहुत खुशी होती है।"

निष्कर्ष
एक-दूसरे से बिल्कुल अलग स्वभाव होना स्वाभाविक है, लेकिन जब बात भावनाओं की आए तो संतुलन होना बेहद जरूरी है। अपनी बातें छुपाना या बहुत ज्यादा उम्मीद रखना, दोनों ही स्थितियां रिश्ते को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- बातचीत बंद, उम्मीदें खत्म... क्या आपका रिश्ता Emotional Burnout का शिकार है?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Main Images: magnific
- क्या एक साथी का चुप रहना रिश्ते के खत्म होने का संकेत है?
- नहीं, कई बार लोग डर, झिझक या अपनी आदत के कारण चुप रहते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि वे प्यार नहीं करते।
- बातचीत सिर्फ काम-काज तक सीमित हो जाए तो रिश्ता कैसे सुधारें?
- रोजाना कम से कम 15 से 20 मिनट का समय ऐसा निकालें, जिसमें फोन और काम से दूर रहकर केवल एक-दूसरे के बारे में बात करें।
- अपनी बातें छुपाने की आदत के पीछे क्या वजह हो सकती है?
- बचपन का माहौल, पुराना कोई खराब अनुभव या अपनी भावनाओं को जाहिर करने का डर इसकी मुख्य वजह हो सकती है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।