अरेंज मैरिज के बाद क्यों बढ़ने लगते हैं झगड़े? इन 4 गलत उम्मीदों की वजह से टूटने की कगार पर पहुंच जाता है रिश्ता

अरेंज मैरिज की शुरुआत अमूमन ढोल-नगाड़ों, खुशियों और दो परिवारों के बड़े सपनों के साथ होती है। शादी वाले दिन हर कोई बहुत खुश होता है, लेकिन जैसे ही शादी की रस्में खत्म होती हैं और लोग अपनी रोजाना की जिंदगी जीना शुरू कर देते हैं, तभी असली कहानी सामने आती है। दो अलग-अलग माहौल में पले-बढ़े लोग जब एक ही छत के नीचे रहने आते हैं, तो उनकी सोच, जरूरतें और आदतें कई बार क्लेश की वजह भी बन सकती हैं। दोनों में तालमेल नहीं बैठ पाता है।
अक्सर देखने को मिलता है कि लोग एक-दूसरे को समझने से पहले ही पार्टनर से बहुत सारी उम्मीदें लगा लेते हैं। जब ये उम्मीदें पूरी नहीं होती, तो छोटी-छोटी बातें भी बड़ा झगड़ा बन जाती हैं। अगर इन गलत उम्मीदों को समय रहते न सुधारा जाए, तो हंसता-खेलता रिश्ता भी टूटने की कगार पर पहुंच जाता है।
अरेंज मैरिज में कौन सी उम्मीदें दरारें डालती हैं?
आइए जानते हैं ऐसी 4 गलत उम्मीदों के बारे में, जो अरेंज मैरिज में दरार डाल देती हैं।
image credit- shutterstock
1. सिर्फ एक ही इंसान से एडजस्ट करने की उम्मीद रखना
शादी के बाद अक्सर यही होता है कि बहुओं को ही एडजस्ट करने की सलाह दी जाती है। चाहे अपना रूटीन बदलना हो, खुद के पर्सनल प्लान्स छोड़ने हों या ससुराल के नए नियमों में ढलना हो, सारी जिम्मेदारी बहुओं पर ही डाल दी जाती है। जब एक पार्टनर हर बात में झुकता रहता है और दूसरा इंसान जरा सा भी एडजस्ट करने को तैयार नहीं होता, तो मन में कड़वाहट और गुस्सा भरने लगता है। किसी भी मजबूत रिश्ते के लिए दोनों पार्टनर्स का बराबर झुकना और एक-दूसरे की जरूरतों की इज्जत करना बहुत जरूरी है।
यह भी पढ़ें- Relationship Tips: प्यार में किस हद तक जाती है एक महिला? रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए करती है ये 8 अनदेखे काम
2. बिन बोले मन की बात समझ लेने की चाह रखना
कई बार लोग यह सोचते हैं कि सामने वाला पार्टनर बिना कहे ही उनके दिल का हाल समझ जाए, लेकिन सच तो यह है कि हर इंसान अपनी बात अलग तरीके से जाहिर करता है। जो बात एक इंसान के लिए बिल्कुल साफ होती है, हो सकता है दूसरे को वो समझ ही न आए। पार्टनर से अंदाजा लगाने की उम्मीद रखने के बजाय खुले दिल से बैठकर अपनी फीलिंग्स और जरूरतों के बारे में बात करना ज्यादा सही होता है। जब ऐसा नहीं होता है तो लड़ाई झगड़े होने लगते हैं।
3. हर छोटे-बडे़ फैसले में माता-पिता पर ही निर्भर रहना
अरेंज मैरिज में परिवारों का कनेक्शन होना बहुत कॉमन है, लेकिन परेशानी तब शुरू होती है जब जिंदगी के हर फैसले में सभी डिसीजन माता-पिता ही लेते हैं। चाहे नया घर चुनना हो, पैसे का हिसाब-किताब संभालना हो या बच्चों की प्लानिंग करनी हो, हर बात में दोनों पार्टनर्स की मर्जी होना जरूरी है। बड़ों का सम्मान अपनी जगह बिल्कुल सही है, लेकिन कपल्स को अपनी खुद की जिंदगी से जुड़े फैसले लेने की आजादी भी मिलनी चाहिए।
image credit- magnific
4. घर के सारे काम सिर्फ पत्नी के जिम्मे छोड़ देना
आज भी कुछ परिवारों में यह सोच देखने को मिलती है कि खाना बनाना, घर की सफाई और बाकी जिम्मेदारियां सिर्फ पत्नी ही संभालेगी। अगर पत्नी फुल-टाइम जॉब भी कर रही हो, तब भी उससे ही पूरे घर की देखभाल की उम्मीद रखी जाती है। इससे पार्टनर पर काम का बहुत ज्यादा बोझ पड़ जाता है और उसे लगता है कि उसकी मेहनत की कोई कद्र नहीं हो रही। यह भी झगड़े की आम वजह है।
अरेंज मैरिज में दरार डालने वाली आम गलतियां
शादी के बाद छोटी-छोटी गलतफहमियां भी बड़े झगड़े का कारण बन सकती हैं। अगर इन आदतों पर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो नए रिश्ते में धीरे-धीरे दूरी आने लगती है। जैसे-
- शादी के बाद आदतों में थोड़ा बदलाव आना तो तय होता है। ऐसे में अगर कोई पार्टनर अपनी पुरानी बैचलर लाइफ या दोस्तों के साथ वाली लाइफ को बिल्कुल न बदलने की जिद पर अड़ा रहे, तो रिश्ते में खिंचाव आने ही लगता है।
- 'हमारे घर में तो ऐसा होता है' या 'मेरी मां तो ऐसे करती हैं', हर बात पर पार्टनर की तुलना अपने मायके या ससुराल से करना भी सामने वाले को नीचा महसूस करा देता है।
- शादी के बाद पैसों को कैसे मैनेज करना है, इस पर खुलकर बात न करने से भी गलतफहमियां बढ़ने लगती हैं। ऐसे में यह सोचना गलत है कि सामने वाला खुद ही समझ जाएगा कि पैसे कैसे खर्च करने हैं।
यह भी पढ़ें- Pre-Marriage Tips: शादी के बंधन में बंधने से पहले हर लड़की को अपने मंगेतर से जरूर पूछनी चाहिए ये 6 बातें
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- Magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।