Relationship Tips: प्यार में किस हद तक जाती है एक महिला? रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए करती है ये 8 अनदेखे काम
-1793343584873.webp)
कहा जाता है कि प्यार में इंसान खुद से ज्यादा दूसरे के बारे में सोचने लगता है। खासकर महिलाएं, जब किसी रिश्ते में होती हैं तो उसे बचाने के लिए अपनी हर छोटी-बड़ी खुशी को पीछे छोड़ देती हैं। पार्टनर की खुशी, जरूरतें, करियर; सब कुछ एक महिला के लिए प्रायोरिटी बन जाती है। एक पल रुककर सोचिए, क्या इसी का नाम प्यार है? क्या किसी एक को खुद को पूरी तरह मिटाकर ही रिश्ता बचाया जा सकता है? सच तो ये है कि जो रिश्ता आपके आत्म-सम्मान की कीमत पर टिका हो, वो कभी मजबूत नहीं हो सकता है। प्यार में झुकना अच्छी बात है, पर टूट जाना अच्छी बात नहीं है।
क्या प्यार में खुद को खो देना ही सच्ची मोहब्बत है?
हर महिला एक खुशहाल और भरोसेमंद रिश्ते का सपना देखती है, जहां प्यार और इज्जत दोनों हो। इस सपने को पूरा करने की कोशिश में कई बार वो अनजाने में ऐसी राह पर चल पड़ती है, जहां उसकी खुद की पहचान ही खोने लगती है। रिश्ते को टूटने से बचाने के लिए वो हर बात पर हां कहने लगती है, हर गलती को माफ कर देती है और अपनी भावनाओं को दबा लेती है। अगर आप भी ऐसा कर रही हैं, तो यह वक्त खुद को पहचानने का है। दरअसल, सच्चा प्यार आपको कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत बनाता है। आइए एम्स दिल्ली की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और BSF में एमिनेंट फैकल्टी डॉक्टर विधि पिलनिया से जानते हैं कि एक महिला प्यार में किस हद तक चली जाती है?
Photo Credit: Magnific
1. अपने करियर और सपनों से समझौता
प्यार का मतलब ये नहीं कि आप अपनी मंजिल को ही छोड़ दें। अगर आप डॉक्टर, टीचर या बिजनेसवुमन बनना चाहती हैं तो आपके पार्टनर को आपका हौसला बनना चाहिए, न कि आपके रास्ते की रुकावट। जो व्यक्ति सच में आपसे प्यार करता है, वो आपके सपनों को भी उतना ही सम्मान देगा।
2. सिर्फ प्यार दिखाने के लिए पैसे लुटाना
रिश्ते में गिफ्ट देना और एक-दूसरे की मदद करना प्यार को बढ़ाता है। सिर्फ यह साबित करने के लिए कि आप कितनी लॉयल हैं, अपनी पूरी सैलरी खर्च कर देना या हर बार सारा बिल खुद देना समझदारी नहीं है। आर्थिक संतुलन रिश्ते में बहुत जरूरी है।
3. इज्जत के लिए भीख मांगना
लड़ाई-झगड़ा हर रिश्ते में होता है, लेकिन गाली, ताना मारना या सबके सामने नीचा दिखाना कभी बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। अगर आपकी भावनाओं की कद्र ही नहीं हो रही है, तो वहां रुक कर अपनी सीमाएं तय करना बेहद जरूरी हो जाता है।
Photo Credit: Magnific
4. दूसरी महिलाओं से खुद की तुलना
सोशल मीडिया या पार्टनर के कहने पर खुद को किसी और महिला से कम समझना बंद करें। वो ज्यादा सुंदर है, ज्यादा स्मार्ट है; ऐसी सोच आपके आत्मविश्वास को खत्म कर देगी। याद रखिए, प्यार में तुलना की कोई जगह नहीं होती, वहां सिर्फ अपनापन होता है।
5. झगड़ा टालने के लिए हमेशा चुप रहना
कई महिलाएं सोचती हैं कि चुप रहने से घर में शांति बनी रहेगी, लेकिन अंदर ही अंदर घुटते रहने से भी रिश्ता और ज्यादा खराब हो जाता है। आपकी बात, आपकी तकलीफ और आपके सवाल भी उतने ही जरूरी हैं। अपनी आवाज को दबाएं नहीं, उसे सही तरीके से सामने रखें।
यह भी पढ़ें- लगातार पजेसिव होना प्यार नहीं, इनसिक्योरिटी की है निशानी; इन 5 आदतों से पहचानें रिश्ते का सच
6. खुद को कमतर दिखाना
सिर्फ पार्टनर को अच्छा महसूस कराने के लिए अपनी सफलता को छुपाना या खुद को कम आंकना गलत है। अगर आपको प्रमोशन मिला है या आप किसी चीज में माहिर हैं तो उस पर गर्व करें। सच्चा साथी आपकी जीत पर जलता नहीं, बल्कि तालियां बजाता है।
Photo Credit: Magnific
7. गलत बर्ताव को नजरअंदाज करना
"चलो जाने दो, वो बदल जाएगा", यह सोचकर बार-बार टॉक्सिक व्यवहार को सहना सबसे बड़ी गलती है। लोग बातों से नहीं, बल्कि अपने रोज के बर्ताव से बदलते हैं। अगर कोई बार-बार आपको दुख पहुंचा रहा है, तो उसे अनदेखा करना बंद करें।
8. हर वक्त खुद को सही साबित करना
रिश्ते में भरोसा होना चाहिए। अगर आपको हर छोटी बात पर अपनी वफादारी का सबूत देना पड़ रहा है, अपनी लोकेशन भेजनी पड़ रही है, तो यह प्यार नहीं बल्कि शक है। भरोसा दोनों तरफ से होना चाहिए।
यह भी पढ़ें- कोरियन यूथ में क्यों पॉपुलर है ब्लाइंड डेट? जानिए पहली मीटिंग में क्या तय करते हैं कपल्स
प्यार का असली मतलब एक-दूसरे को खुश करना है, न कि एक-दूसरे को दुखी करना। एक खूबसूरत रिश्ता वो है जहां आप जैसी हैं, वैसी ही पसंद की जाएं। इसलिए, कभी भी प्यार के नाम पर अपने आत्म-सम्मान, अपने सपनों और अपनी खुशी का सौदा न करें। याद रखिए, जब आप खुद से प्यार करना सीख जाएंगी, तभी दुनिया भी आपसे सही मायने में प्यार करेगी। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या प्यार में एडजस्टमेंट करना गलत है?
- नहीं, एडजस्टमेंट रिश्ते की खूबसूरती है, लेकिन समझौता और एडजस्टमेंट में फर्क है। एडजस्टमेंट दोनों तरफ से होता है, जबकि समझौता तब होता है जब सिर्फ एक ही इंसान हमेशा झुकता है और अपना आत्म-सम्मान खो देता है। बैलेंस सबसे जरूरी है।
- कैसे पता चलेगा कि रिश्ता टॉक्सिक हो रहा है?
- अगर रिश्ते में रहने से आपकी खुशी कम और टेंशन ज्यादा हो रही है, आपको हर बात पर डर लग रहा है, आप अपनी बात कहने से घबरा रही हैं और आपको हमेशा खुद को गलत महसूस कराया जा रहा है, तो समझिए रिश्ता टॉक्सिक हो रहा है।
- रिश्ते में खुद की अहमियत कैसे बनाए रखें?
- अपनी हॉबीज को जिंदा रखें, दोस्तों और परिवार से जुड़ी रहें, अपना करियर और फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस बनाए रखें और अपनी पसंद-नापसंद को खुलकर बताएं। जब आप खुद को वैल्यू देंगी, तभी पार्टनर भी आपको वैल्यू देगा।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।