क्या आपकी दोस्ती भी प्यार में बदल रही है? इन 5 इशारों से पहचानें रिश्ते में आ रही नई नजदीकियां

प्यार हमेशा किसी बड़े इजहार या फिल्मी अंदाज से शुरू नहीं होता है। कई बार ये धीरे-धीरे शुरू होता है। वही पुरानी बातें अचानक नई लगने लगती हैं। वही दोस्त अचानक सबसे ज्यादा खास लगने लगता है। आपको समझ नहीं आता कि ये सिर्फ दोस्ती है या कुछ और। मन में एक अजीब सी बेचैनी होती है। उसके बिना दिन अधूरा लगता है और उसके साथ वक्त कैसे बीत जाता है पता ही नहीं चलता। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो समझ लीजिए आपकी दोस्ती एक नए मोड़ पर आ गई है।
जब फ्रेंड ही सबसे स्पेशल लगने लगे
कई बार हम अपने सबसे अच्छे दोस्त के साथ ही सबसे ज्यादा सहज होते हैं। उसी से हर बात शेयर करते हैं। उसी के साथ हंसते हैं और उसी से लड़ते भी हैं। एक दिन अचानक लगता है कि ये दोस्ती अब पहले जैसी नहीं रही। उसकी एक झलक के लिए मन बेचैन रहता है। उसका नाम फोन पर देखते ही चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। ये बदलाव छोटे होते हैं, लेकिन बहुत कुछ कह जाते हैं। आइए एम्स दिल्ली की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, एक्सपर्ट्स और BSF में एमिनेंट फैकल्टी डॉक्टर विधि पिलनिया से जानते हैं, वो 5 इशारे जो बताते हैं कि दोस्ती प्यार में बदल रही है।
1. उसके मैसेज का इंतजार पहले से ज्यादा होने लगे
पहले भी आप उससे बात करना पसंद करते थे, लेकिन अब बात कुछ और ही है। फोन पर उसका नाम देखते ही दिल थोड़ा तेज धड़कने लगता है। आप बार-बार फोन चेक करती हैं। उसके जवाब का इंतजार करती हैं। दिनभर मन में यही चलता रहता है कि उसे ये बात बतानी है, वो किस्सा सुनाना है। अगर उसका मैसेज देर से आए, तो मन उदास हो जाता है और आते ही खुशी लौट आती है। ये इंतजार ही प्यार की पहली निशानी है।

Photo Credit: Magnific
2. साथ में वक्त बिताना पहले से ज्यादा खास लगने लगे
पहले मिलना सिर्फ हाल-चाल पूछने के लिए होता था। अब साथ में कुछ न करना भी अच्छा लगने लगता है। एक ही जगह बैठकर चाय पीना, बिना किसी बात के घूमना या फोन पर घंटों बात करना, सब कुछ खास लगने लगता है। बातें खत्म होने का मन नहीं करता है। मिलने के बाद भी मन करता है कि काश थोड़ी देर और रुक जाते। जब किसी के साथ बोरिंग वक्त भी सबसे अच्छा लगने लगे, तो समझ लीजिए दिल में कुछ बदल रहा है।
3. उसके सामने अच्छा दिखने का मन करने लगे
अब आप उससे मिलने से पहले शीशे में खुद को ज्यादा देखने लगे हैं। कौन से कपड़े पहनूं, बाल कैसे लग रहे हैं, ये सब सोचने लगे हैं। पहले जिन बातों पर ध्यान नहीं जाता था, अब उन पर ध्यान जाने लगा है। उसने आपके नए हेयरकट को नोटिस किया या नहीं, उसने आपकी तारीफ की या नहीं, ये छोटी-छोटी बातें दिल को छू जाती हैं। जब किसी की राय अचानक सबसे ज्यादा मायने रखने लगे, तो ये सिर्फ दोस्ती नहीं रहती है।

Photo Credit: Magnific
4. किसी और का नाम सुनकर थोड़ी जलन होने लगे
जब वो किसी और लड़के या लड़की का जिक्र करते हैं, तो मन में अजीब सी खटास आ जाती है। आपको उससे पूछने का कोई हक नहीं है, फिर भी अंदर ही अंदर बुरा लगता है। ये जलन possessiveness नहीं है। ये इस बात का संकेत है कि आप उसे किसी और के साथ नहीं देख सकते हैं। आप चाहते हैं कि उसकी जिंदगी में आपकी जगह सबसे अलग और सबसे खास बनी रहे। अगर उसके किसी और के करीब जाने की बात से आपका मूड खराब हो जाता है, तो ये भावना साफ बता देती है कि दोस्ती से आगे कुछ है।
यह भी पढ़ें- कहीं आपका पार्टनर भी तो नहीं कर रहा Monkey Branching? इन 5 संकेतों से पहचानें
5. छोटी-छोटी बातें भी दिल को छू जाने लगें
पहले उसका गुड नाइट कहना, आपका मनपसंद स्नैक्स याद रखना या घर पहुंचने पर पूछना कि पहुंच गए या नहीं, ये सब आम लगता था। अब यही छोटी-छोटी बातें घंटों दिमाग में घूमती रहती हैं। उसका एक केयर वाला मैसेज पूरे दिन की थकान मिटा देता है। उसकी एक छोटी सी परवाह भी बहुत बड़ी लगने लगती है। जब दोस्ती वाली आम बातें भी दिल पर असर करने लगें, तो समझ लीजिए रिश्ता बदल रहा है।

Photo Credit: Magnific
तो अब क्या करें?
अगर ये 5 में से ज्यादातर इशारे आपमें दिख रहे हैं, तो घबराएं नहीं। ये बहुत ही सुंदर एहसास है। जल्दबाजी में कोई फैसला मत लें। पहले अपने मन को समझें। दोस्ती को बचाकर रखना भी उतना ही जरूरी है। अगर आपको लगता है कि सामने वाले के मन में भी वही है, तो धीरे से अपनी बात कहें। और अगर अभी यकीन नहीं है, तो थोड़ा वक्त लें। कभी-कभी सबसे अच्छी लव स्टोरी की शुरुआत बेस्ट फ्रेंड से ही होती है।

Photo Credit: Magnific
प्यार हमेशा शोर मचाकर नहीं आता है। कई बार ये चुपचाप दोस्ती के रूप में आकर दिल में जगह बना लेता है। उसके मैसेज का इंतजार, उसके साथ वक्त बिताने की चाह और उसकी छोटी सी परवाह पर मुस्कुरा देना, यही असली प्यार की शुरुआत है। इसलिए अपने दिल की सुनें और इस खूबसूरत एहसास को समझने का मौका दें।
यह भी पढ़ें- शादीशुदा जिंदगी में फिर से भर देगा नया रोमांस! जानें क्या है रिश्तों का वायरल '2-2-2 रूल' और कैसे करता है काम?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- दोस्ती को प्यार में बदलने में कितना वक्त लगता है?
- इसका कोई तय वक्त नहीं होता। किसी को महीनों में एहसास हो जाता है, तो किसी को सालों लग जाते हैं। जब आप उसके बिना रहना मुश्किल समझने लगें, तो समझिए भावना बदल रही है।
- क्या दोस्त को प्यार का इजहार करने से दोस्ती टूट जाती है?
- हमेशा नहीं। अगर आप सम्मान और समझदारी से बात करेंगे, तो दोस्ती बनी रहती है। चाहे जवाब हां हो या ना, सच्ची दोस्ती इतनी आसानी से नहीं टूटती।
- कैसे पता करें कि सामने वाले के मन में भी वही भावना है?
- अगर वो भी आपसे ज्यादा बात करना चाहता है, आपकी छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखता है और आपके साथ ज्यादा वक्त बिताना चाहता है, तो हो सकता है उसके मन में भी वही चल रहा हो
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।