गोवा में सजेगा दुनिया भर की फिल्मों का मंच, IFFI 2026 में दिखेंगी BRICS फिल्मों संग कई अवॉर्ड विनिंग मूवीज, देखें लिस्ट

IFFI 2026 यानी 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत गोवा में हो रही है। जानिए इस बार की थीम, खास फिल्में, पुरस्कार, ब्रिक्स सिनेमा और महोत्सव के बड़े आकर्षण।
Updated:- 2026-11-20, 11:16 IST
57th International Film Festival of India

57th International Film Festival of India Theme: सिनेमा की खूबसूरती यही है कि किसी फिल्म को समझने के लिए हमेशा उसकी भाषा जानना जरूरी नहीं होता। कई बार बिना एक शब्द समझे भी किसी दूसरे देश की फिल्म के किरदारों का दर्द, खुशी और संघर्ष दिल को छू जाता है। यही वजह है कि फिल्में दुनिया के अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाती हैं। इसी सोच के साथ गोवा में 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) का आयोजन शुरू हो रहा है।

इस साल महोत्सव की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' यानी 'सीमाओं से परे कहानियां' रखी गई है। इसका मतलब है कि कहानियों की कोई सीमा नहीं होती। वे भाषा, देश और संस्कृति की दीवारों को पार करके हर इंसान तक पहुंच सकती हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में दुनियाभर की फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके अलावा युवा फिल्मकारों को मौका देने, पुरानी फिल्मों को याद करने और भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने पर भी खास ध्यान दिया जाएगा।

क्या है IFFI 2026 की थीम और इसका मतलब?

57वें इफ्फी की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' रखी गई है। आसान शब्दों में समझें तो इसका अर्थ है कि अच्छी कहानी किसी एक देश या भाषा तक सीमित नहीं रहती। वह दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले व्यक्ति को भावनात्मक रूप से जोड़ सकती है।

महोत्सव के डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर के मुताबिक, जब कोई व्यक्ति ऐसी भाषा में बनी फिल्म देखता है जिसे वह नहीं समझता, फिर भी उसके किरदारों की भावनाओं को महसूस कर पाता है, तो यही सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत है। इस तरह फिल्में अनजान लोगों के बीच भी एक रिश्ता बना देती हैं।

57th International Film Festival of India Theme

image credit-instagram (thelast.draft)

कब और कैसे हुई थी IFFI की शुरुआत?

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया का इतिहास सात दशक से भी ज्यादा पुराना है। इसकी शुरुआत साल 1952 में हुई थी। पहला आयोजन 24 जनवरी से 1 फरवरी 1952 तक तत्कालीन बॉम्बे (अब मुंबई) में किया गया था। उस समय इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार के फिल्म्स डिवीजन के पास थी।

पहले महोत्सव में 23 देशों ने हिस्सा लिया था। शुरुआत में यह एक गैर-प्रतियोगी कार्यक्रम था, लेकिन साल 1965 में तीसरे संस्करण से इसे प्रतियोगी स्वरूप दिया गया। इसी दौरान गोल्डन पीकॉक अवॉर्ड की शुरुआत हुई, जिसे आज भी महोत्सव के प्रमुख सम्मानों में गिना जाता है।

 

 

 

View this post on Instagram

A post shared by The Last Draft (@thelast.draft)

साल 1975 से इफ्फी का आयोजन हर साल नियमित रूप से अलग-अलग शहरों में होने लगा। इसके बाद 2004 में पहली बार गोवा में इस महोत्सव का आयोजन किया गया। तब से गोवा ही इसका स्थायी आयोजन स्थल है।

BRICS देशों की 21 फिल्में होंगी खास आकर्षण

इस बार महोत्सव में BRICS देशों की फिल्मों को विशेष जगह दी गई है। इसके लिए 21 फिल्मों का एक खास पैकेज तैयार किया गया है। इसमें भारत की आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'आर्टिकल 370' भी शामिल है।

BRICS देशों के बीच आर्थिक और राजनीतिक सहयोग के साथ-साथ सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण माने जाते हैं। इन फिल्मों के जरिए दर्शकों को अलग-अलग देशों की कहानियों, समाज और जीवनशैली को समझने का मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें- सलमान-अमिताभ नहीं, इस भारतीय एक्टर ने रचा इतिहास, Variety की 100 महान फिल्म स्टार्स की लिस्ट में बनाई जगह

WAVES Film Bazaar और Netflix की साझेदारी भी खास

इस साल वेव्स फिल्म बाजार भी अपने 20 साल पूरे कर रहा है। इसकी शुरुआत साल 2007 में नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) ने की थी। यह ऐसा मंच है, जहां फिल्म निर्माता, निवेशक, डिस्ट्रीब्यूटर और अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शन कंपनियां एक-दूसरे से जुड़ती हैं। इससे फिल्मों को आर्थिक मदद, नए साझेदार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के रास्ते खुलते हैं। इसके साथ ही इस बार वेव्स फिल्म बाजार और नेटफ्लिक्स की साझेदारी भी महोत्सव के खास आकर्षणों में शामिल होगी। इस मंच से पहले भी 'शिप ऑफ थीसियस', 'लंचबॉक्स', 'कोर्ट', 'तितली', 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' और 'मार्गरीटा विद अ स्ट्रॉ' जैसी फिल्मों को आगे बढ़ने में मदद मिली है।

9 वर्ल्ड प्रीमियर और 116 इंडियन प्रीमियर होंगे खास

इस साल का फिल्म महोत्सव फिल्मों की संख्या और उनकी विविधता के लिहाज से भी खास है। इसमें कुल 9 वर्ल्ड प्रीमियर, 2 इंटरनेशनल प्रीमियर, 24 एशियन प्रीमियर और 116 इंडियन प्रीमियर होंगे।

भारतीय पैनोरमा सेक्शन में 25 फीचर फिल्में और 20 नॉन-फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी। इस सेक्शन की शुरुआत लद्दाखी भाषा की लीना यादव निर्देशित शॉर्ट फिल्म 'बीकमिंग' और हिंदी फिल्म 'धुरंधर' से होगी। इसके अलावा भारतीय सिनेमा के सात दिग्गज कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियों की जन्मशती के अवसर पर उन्हें याद किया जाएगा। इनमें मृणाल सेन, सुरेंद्र मांडरेकर, राजकुमार शाह, उत्तम कुमार और शक्ति सामंत के साथ संगीतकार ओ. पी. नैयर और रवि शंकर शर्मा शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- 'बॉलीवुड में ऐसी फिल्मों...', आयुष्मान-शरवरी की 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर देख फैंस ने लुटाया प्यार

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit-jagran

FAQ
IFFI का पूरा नाम क्या है?
IFFI का पूरा नाम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (International Film Festival of India) है। हिंदी में इसे भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव कहा जाता है।
IFFI में दिया जाने वाला गोल्डन पीकॉक अवॉर्ड क्या है?
गोल्डन पीकॉक IFFI के प्रमुख पुरस्कारों में से एक है। इसकी शुरुआत साल 1965 में महोत्सव के प्रतियोगी स्वरूप अपनाने के दौरान हुई थी।
 BRICS में कौन-कौन से देश शामिल हैं?
 BRICS के मूल सदस्य देश ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका हैं। यह समूह आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए जाना जाता है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।