सर्दियों में गमले में लदे रहेंगे गेंदे के फूल, बस यूरिया से बचें और आजमाएं यह देसी हैक

अगर आप बाजार से पौधे खरीदे ब‍िना ही घर में गेंदे का फूल उगाना चाहती हैं, तो हम आपको एक आसान तरीका बता रहे हैं।
Updated:- 2026-11-28, 14:46 IST
how to grow gende ka paudha with dry marigold flowers

how to grow gende ka paudha with dry marigold flowers (image credit- pexels)

सर्दियों का मौसम आते ही लोग अपने घर की बालकनी और छत को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने लगते हैं। इनमें गेंदे का फूल सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। इसके पीले और नारंगी फूल घर की खूबसूरती बढ़ा देते हैं, लेकिन कई बार गमले में गेंदे का पौधा लगाने के बाद भी उसमें ज्यादा फूल नहीं आते हैं। कुछ लोग इसकी पत्तियों और पौधे की ग्रोथ देखकर यूरिया डालने लगते हैं, जबकि ज्यादा नाइट्रोजन मिलने से पौधे में पत्तियां तो बढ़ सकती हैं, लेकिन फूल कम आते हैं।

ऐसे में खाद और फर्टिलाइजर खरीदने की जगह आप घर में रखे पूजा के बाद बचे हुए सूखे गेंदे के फूलों का इस्तेमाल कर सकती हैं। इन सूखे फूलों से बीज निकालकर नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं। हम आपको आसान तरीका बता रहे हैं।

how to grow gende ka paudha with dry marigold flowers (1) image credit- pexels

सूखे गेंदे के फूलाें से नया पौधा तैयार करने का तरीका

अक्सर पूजा में चढ़ाए गए गेंदे के फूल सूख जाने के बाद हम उन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन आप इनका इस्तेमाल नए पौधे उगाने के लिए कर सकती हैं। इसके लिए आपको बाजार से अलग से बीज खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

  • सबसे पहले पूजा के बाद बचे गेंदे के पूरी तरह सूखे फूल इकट्ठा कर लें।
  • अब फूलों को हाथों से खोलें और उनके अंदर के बीजों को अलग कर दें।
  • अब इनमें से काले और अच्छी तरह पके हुए बीज चुनकर रख लें।
  • ध्यान रखें कि बीज पूरी तरह सूखे हों।

इस तरह आपके पास गेंदे का पौधा तैयार करने के लिए बीज इकट्ठा हो जाएंगे।

यह भी पढ़ें- कम धूप और जगह में भी खिल उठेंगी ये 5 बेलें, बालकनी के सूने ग्र‍िल की बढ़ जाएगी खूबसूरती

गमले में कैसे लगाएं गेंदे के बीज?

बीज निकालने के बाद बारी आती है उन्हें गमले में लगाने की। इसके लिए बहुत बड़े गमले की जरूरत नहीं है। बस ऐसी मिट्टी चुनें जिसमें पानी जमा न हो और पौधे को अच्छी ग्रोथ मिल सके। इसके ल‍िए-

  • सबसे पहले एक गमला लें, जिसके नीचे पानी निकलने के लिए छेद हों।
  • इसमें बगीचे की मिट्टी, कोकोपीट और वर्मीकम्पोस्ट मिलाकर भर दें।
  • अब सूखे गेंदे के फूलों से निकाले गए बीज मिट्टी की बेस पर डालें।
  • इनके ऊपर मिट्टी की बहुत पतली लेयर ब‍िछा दें।
  • अब स्प्रे बोतल से थोड़ा-थोड़ा पानी छिड़कें।

ध्यान रखें कि बीजों को बहुत गहराई में नहीं दबाना है। मिट्टी में थोड़ी नमी बनाए रखें, लेकिन इतना पानी न डालें कि गमले में पानी भर जाए।

बीज लगाने के बाद इन बातों का रखें ध्यान

गेंदे के बीज लगाने के बाद उनकी देखभाल करना भी जरूरी है। अगर शुरुआत में ही पौधे को सही माहौल नहीं मिलेगा, तो बीज ठीक से नहीं उग पाएंगे।

  • गमले को ऐसी जगह रखें जहां अच्छी रोशनी आती हो।
  • शुरुआत में मिट्टी को हल्का नम रखें।
  • मिट्टी में पानी जमा न होने दें।
  • छोटे पौधे निकलने के बाद भी उनकी देखभाल जारी रखें।
  • पौधे थोड़े बड़े हो जाएं तो उन्हें अलग-अलग गमलों में लगा सकती हैं।

सही देखभाल मिलने पर गेंदे के बीज करीब 5 से 7 दिनों में अंकुरित होने लगते हैं। कुछ बीजों को थोड़ा ज्यादा समय भी लग सकता है।

how to grow gende ka paudha with dry marigold flowers (2) image credit- magnific

यूरिया की जगह दें ऑर्गेन‍िक खाद

अगर आप चाहती हैं कि गेंदे के पौधे में अच्छी ग्रोथ हो और फूल भी खूब आएं, तो जरूरत से ज्यादा यूरिया डालने से बचें। यूरिया में नाइट्रोजन ज्यादा होती है। इसे ज्‍यादा डालने से पौधे में पत्तियों की ग्रोथ तो होगी, लेक‍िन फूल आने में द‍िक्‍कत हो सकती है। ऐसे में पौधे को पोषण देने के लिए वर्मीकम्पोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद इस्तेमाल कर सकती हैं।

  • पौधे की मिट्टी में थोड़ी वर्मीकम्पोस्ट मिलाएं।
  • खाद डालने से पहले मिट्टी को थोड़ा खुरपी से खोद लें।
  • खाद को सीधे तने से सटाकर न डालें।
  • जरूरत से ज्यादा खाद डालने से भी बचें।

ज्यादा फूल पाने के लिए धूप का रखें ध्यान

आपको बता दें क‍ि गेंदे का पौधा अच्छी धूप में ही बेहतर तरीके से बढ़ता है। अगर आपने गमला ऐसी जगह रख दिया है जहां दिनभर धूप नहीं आती, तो पौधे में फूल कम आएंगे। इसल‍िए-

  • गेंदे के पौधे को रोज करीब 5 से 6 घंटे सीधी धूप दें।
  • मिट्टी की ऊपरी लेयर सूखने पर ही पानी डालें।
  • पौधे पर सूखे और मुरझाए फूलों को हटाती रहें।
  • समय-समय पर पीली और खराब पत्तियां भी निकाल दें।
  • पौधे की ऊपरी बढ़त थोड़ी बड़ी होने पर कटिंग करें, ताकि नई शाखाएं निकल सकें।

इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने से पौधा घना बनेगा और ज्यादा फूल भी आएंगे।

यह भी पढ़ें- घर पर गमले में ही उगाएं शकरकंद, पूरे साल मिलेगा फ्रेश हार्वेस्ट; जानें सबसे आसान तरीका

तो इस बार पूजा के बाद सूखे गेंदे के फूलों को फेंकने की जगह उनसे बीज निकालकर नए पौधे तैयार कर लें। इससे आपके पैसे भी बचेंगे और सर्दियों में घर की बालकनी और छत पर अपने उगाए गेंदे के फूल देखने को मिलेंगे।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- pexels

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।