Gardening Tips: बाजार से बार-बार धनिया लाने का झंझट होगा खत्म, घर पर ऐसे उगाएं हरा-भरा पौधा

How To Grow Coriander Dhaniya Plant At Home In Small Space: सब्जी के साथ धनिया फ्री में मांगते-मांगते थक गए हैं? साथ ही जब खरीदते हैं तो 2 दिन में ही वो फ्रिज में सड़ जाता है। अगर आपके साथ भी यही होता है, तो अब टेंशन खत्म।
आपको बड़ी छत या गार्डन की जरूरत नहीं है। घर की छोटी सी बालकनी, खिड़की या सिर्फ एक पुराने डिब्बे में भी आप हरा-भरा धनिया उगा सकती हैं। बस बीज को तैयार करने का सही तरीका पता होना चाहिए, नहीं तो धनिया उगता ही नहीं है। आज हम आपको वो सीक्रेट तरीका बता रहे हैं जिससे आपका धनिया 5 दिन में ही अंकुरित हो जाएगा और 25 दिन में कटाई के लिए तैयार हो जाएगा।
घर पर धनिया उगाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
अगर आप भी घर पर धनिया उगाने की सोच रही हैं, तो यहां जानिए की किन चीजों की जरूरत पड़ेगी।
- साबुत धनिया के बीज - 2 चम्मच (किचन वाला ही चलेगा)
- गमला या चौड़ा डिब्बा - 4 से 6 इंच गहरा, नीचे छेद वाला
- मिट्टी - बगीचे की मिट्टी + कोकोपीट + गोबर की खाद / वर्मी कम्पोस्ट बराबर मात्रा में
- नीम पाउडर- थोड़ा सा
- स्प्रे बोतल- पानी छिड़कने के लिए
image credit-pinterest (Grow IT Wiki)
घर पर धनिया उगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका (Tips To Grow Dhania At Home)
धनिया अगर घर में एक बार उगाना सीख लिया तो कभी भी सब्जी वालों से नहीं मांगना पड़ेगा। यहां जानिए तरीका-
1. बीज तैयार करें
साबुत धनिया के बीज के ऊपर सख्त छिलका होता है, इसलिए वो सीधे डालने पर उगता नहीं है। बीज को किसी कपड़े में रखकर बेलन से हल्के हाथ से रगड़ें, ताकि हर बीज दो हिस्सों में टूट जाए। इससे एक बीज से दो पौधे निकलेंगे।
अब इन टूटे हुए बीजों को 12 से 24 घंटे के लिए सादे पानी में भिगोकर रख दें। इससे बीज नरम हो जाएगा और जल्दी अंकुरित होगा।
2. गमला और मिट्टी सही चुनें
धनिया को गहरा नहीं, चौड़ा गमला चाहिए होता है, क्योंकि इसकी जड़ें ज्यादा नीचे नहीं जातीं। गमले के नीचे छेद होना बहुत जरूरी है, नहीं तो पानी रुककर जड़ें सड़ जाएंगी।
मिट्टी के लिए बगीचे की मिट्टी, कोकोपीट और खाद को बराबर मिलाएं। इसमें एक चुटकी नीम पाउडर मिला दें, इससे मिट्टी में फंगस नहीं लगेगी।

image credit- (ai)
3. बीज को बोएं
भिगोए हुए बीजों का पानी निकालकर उन्हें मिट्टी के ऊपर बराबर से बिखेर दें। ऊपर से सिर्फ आधा इंच पतली मिट्टी या कोकोपीट की परत डालें। बीज को ज्यादा गहरा न दबाएं, वरना वो बाहर नहीं निकल पाएगा।
अब स्प्रे बोतल से हल्का-हल्का पानी छिड़कें। मग्गे से पानी न डालें, इससे बीज एक जगह इकट्ठा हो जाएंगे। मिट्टी को हमेशा हल्की गीली रखें, कीचड़ जैसा गीला नहीं।
4. धूप और देखभाल
गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोज 3 से 5 घंटे की धूप आती हो। बालकनी या खिड़की इसके लिए बेस्ट है। धनिया को ठंडा मौसम पसंद है, ज्यादा तेज गर्मी में ये कड़वा हो जाता है।
यह आपको 5 से 10 दिन में आपको छोटे-छोटे हरे अंकुर दिखने लगेंगे।
5. कटाई का सही तरीका
25 से 30 दिन में आपका धनिया 4 से 6 इंच का हो जाएगा। अब कैंची से बाहर वाली पत्तियों को जमीन से 2 इंच ऊपर से काट लें। पौधे को जड़ से कभी न उखाड़ें।
इस तरह काटने से पौधा फिर से बढ़ेगा और आपको अगले कुछ हफ्तों में 2 से 3 बार और ताजा धनिया मिलेगा।
-1795070526007.webp)
image credit-pinterest (Sandipan Ganguly)
घर पर धनिया उगाते समय ध्यान रखने वाली बातें
अगर आपने भी घर में ही धनिया उगाने का मन बना लिया है, तो इन बातों पर जरूर ध्यान दें।
- बहुत पुराने बीज से अंकुर नहीं आते। ताजा साबुत धनिया ही इस्तेमाल करें।
- धनिया को नमी चाहिए, पानी नहीं। रोज थोड़ा-थोड़ा स्प्रे करें। ज्यादा पानी से पौधा गल जाएगा।
- कटाई के बाद गमले में थोड़ी सी तरल खाद या चाय की पत्ती का पानी डालें, इससे नई पत्तियां तेजी से आएंगी।
- एक बार गमला रख दिया तो उसे रोज इधर-उधर न करें। पौधे को एक ही जगह की आदत हो जाती है।
- अगर मई-जून की तेज धूप है, तो गमले को दोपहर में छाया में रख दें, वरना धनिया जल जाएगा।
घर पर धनिया उगाना कोई मुश्किल काम नहीं है, बस बीज को फोड़कर भिगोना और पानी का ध्यान रखना है। एक बार ये तरीका सीख लिया तो आपको बाजार से धनिया लाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
- धनिया उगाने के लिए सबसे अच्छा महीना कौन सा है?
- धनिया के लिए अक्टूबर से फरवरी सबसे अच्छा समय है, क्योंकि इसे ठंडी और हल्की धूप पसंद है।
- धनिया पतला और लंबा हो जाए तो क्या करें?
- ऐसा धूप कम मिलने से होता है। धनिया को रोज 3-4 घंटे की सीधी धूप चाहिए। अगर आपने गमला अंधेरी जगह पर रखा है, तो उसे धूप वाली खिड़की या बालकनी में शिफ्ट करें।
- क्या एक ही गमले में धनिया के साथ पुदीना भी उगा सकते हैं?
- नहीं, ऐसा न करें। पुदीना बहुत तेजी से फैलता है और धनिया की जड़ों को दबा देता है। धनिया को हमेशा अलग गमले में ही उगाएं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।