बाथरूम की पीली टाइल्स कैसे साफ करें? जानें मिनटों में चमक लाने के घरेलू हैक्स

बाथरूम की पीली टाइल्स से परेशान हैं? जानिए बेकिंग सोडा और सिरके से मिनटों में टाइल्स चमकाने के आसान घरेलू नुस्खे, बिना महंगे केमिकल के।
Updated:- 2026-11-23, 13:30 IST
How To Clean Yellow Bathroom Tiles

बाथरूम कितना भी साफ कर लो, टाइल्स पर पीले दाग आ ही जाते हैं। पानी के दाग, साबुन की मैल और नमी की वजह से टाइल्स धीरे-धीरे पीली पड़ने लगती हैं। इससे पूरा बाथरूम गंदा और पुराना दिखने लगता है। मेहमान आ जाएं तो और भी शर्मिंदगी होती है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। घर पर रखी 2-3 चीजों से ये पीले दाग मिनटों में साफ हो सकते हैं।

बाथरूम की टाइल्स इन चीजों से चमकेगी

टाइल्स साफ करने के लिए बाजार से महंगा केमिकल लाने की जरूरत नहीं है। जो काम हजारों रुपये का केमिकल नहीं कर पाता है, वो काम किचन में रखी चीजें कर सकती हैं। बस सही तरीका पता होना चाहिए। अगर पेस्ट को सही समय तक टाइल्स पर लगा रहने दिया जाए, तो पुराने से पुराने पीले दाग भी निकल जाते हैं।

Bathroom Tiles Cleaning

Photo Credit: Pinterest (Dana Loucks)

बाथरूम की टाइल्स पीली क्यों हो जाती हैं?

टाइल्स पीली होने के पीछे कई कारण होते हैं।

  • कठोर पानी: नल के पानी में नमक और मिनरल ज्यादा होने से टाइल्स पर पीले निशान पड़ जाते हैं।
  • साबुन की मैल: रोज नहाने से साबुन टाइल्स पर जम जाता है, जो बाद में पीला दिखने लगता है।
  • नमी और फफूंदी: बाथरूम में हवा कम आती है, इसलिए नमी बनी रहती है और टाइल्स का रंग बदल जाता है।

अगर इन दागों को समय पर साफ न किया जाए, तो ये और भी गहरे हो जाते हैं।

बाथरूम की टाइल्स साफ करने के लिए क्या-क्या चाहिए?

टाइल्स साफ करने के घोल को बनाने वाली चीजें किचन में आसानी से मिल जाती हैं। आइए जानते हैं।

सामग्री-

  • बेकिंग सोडा 3-4 चम्मच
  • सफेद सिरका
  • 1 नींबू
  • 1 चम्मच नमक
  • डिश सोप स्प्रे

How To Clean Yellow Bathroom Tiles

Photo Credit: Pinterest (The Moris Mansion)

कैसे करें चमकाएं बाथरूम की टाइल्स?

बाथरूम की टाइल्स इन खास हैक्स से चमकाएं।

1. बेकिंग सोडा और सिरके का पेस्ट

ये तरीका पीली टाइल्स के लिए सबसे ज्यादा काम करता है।

  • एक कटोरी में 3-4 चम्मच बेकिंग सोडा लें।
  • इसमें थोड़ा सा पानी डालकर गाढ़ा पेस्ट बना लें।
  • इस पेस्ट को पीली टाइल्स पर अच्छे से फैला दें।
  • अब ऊपर से सफेद सिरका हल्के से छिड़कें।

पेस्ट को 15 से 30 मिनट तक लगा रहने दें। अगर दाग बहुत पुराने हैं, तो 1 घंटे तक भी रख सकते हैं। अब नॉन-स्क्रैच ब्रश या नरम स्पंज से हल्के हाथ से रगड़ें। फिर गुनगुने पानी से धो लें। टाइल्स एकदम नई जैसी चमकने लगेंगी।

2. सिरका और डिश सोप का स्प्रे

अगर टाइल्स पर साबुन की मैल जमी है, तो ये स्प्रे सबसे अच्छा है।

  • एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और डिश सोप डालें।
  • बोतल को अच्छे से हिला लें।

इस स्प्रे को टाइल्स पर छिड़कें और 5 से 10 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। इससे साबुन की मैल और पानी के दाग नरम हो जाएंगे। अब नरम पैड से रगड़कर साफ पानी से धो लें। यह तरीका हफ्ते में एक बार अपनाने से टाइल्स कभी पीली नहीं पड़ेंगी।

Pili Tiles Saaf Karne Ka Tarika

Photo Credit: Pinterest (home garden)

3. नींबू और नमक

कुछ दाग ऐसे होते हैं, जो आसानी से नहीं जाते हैं। खासकर जंग के दाग। उनके लिए नींबू और नमक सबसे अच्छा है।

पीले दाग पर नींबू का रस लगाएं और ऊपर से एक चुटकी नमक डालें। इसे 10 से 15 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। फिर हल्के हाथ से रगड़कर धो लें। नींबू में नेचुरल एसिड होता है, जो दाग को काट देता है और टाइल्स को चमका देता है।

यह भी पढ़ें- कम खर्च में पुरानी ड्रेसिंग टेबल को बनाएं मॉडर्न और स्टाइलिश, ये 8 आसान DIY आइडियाज बदल देंगे बेडरूम की रौनक

टाइल्स साफ करते समय इन बातों का जरूर ध्यान रखें

  1.  सिरका और नींबू सिरेमिक और पोर्सिलेन टाइल्स के लिए सही हैं, लेकिन अगर आपके बाथरूम में मार्बल या नेचुरल पत्थर की टाइल्स हैं, तो उन पर सिरका या नींबू न लगाएं। इससे पत्थर खराब हो सकता है। पत्थर की टाइल्स के लिए सिर्फ हल्का साबुन और पानी ही इस्तेमाल करें।
  2.  टाइल्स को कभी भी स्टील वूल या सख्त स्क्रबर से न रगड़ें। इससे टाइल्स पर खरोंच आ जाती है और वो और भी जल्दी गंदी दिखने लगती हैं।
  3.  दो अलग-अलग तरह के क्लीनर को कभी भी आपस में न मिलाएं। इससे जहरीली गैस बन सकती है।
  4.  सफाई करते समय हाथों में ग्लव्स जरूर पहनें। बाथरूम का दरवाजा या खिड़की खुली रखें, ताकि हवा आती रहे।

Bathroom Tiles Cleaning Hacks

Photo Credit: Magnific

टाइल्स को हमेशा चमकदार रखने के आसान टिप्स

  •  नहाने के बाद टाइल्स को सूखे कपड़े से पोंछ दें।
  •  बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन या खिड़की खुली रखें, ताकि नमी न जमे।
  •  हफ्ते में एक बार सिरके वाले पानी से टाइल्स पोंछ लें।
  •  साबुन को टाइल्स पर जमने न दें, साबुनदानी का इस्तेमाल करें।

बाथरूम की पीली टाइल्स को देखकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। बेकिंग सोडा, सिरका, नींबू और डिश सोप जैसे घरेलू सामान से ही टाइल्स को फिर से नया जैसा बनाया जा सकता है। बस हफ्ते में एक बार थोड़ी सी मेहनत कर लीजिए, फिर आपका बाथरूम हमेशा साफ और चमकदार दिखेगा।

यह भी पढ़ें- घर में पड़ी पुरानी लकड़ी की सीढ़ी को न समझें कबाड़, इन 6 तरीकों से बनाएं खूबसूरत और काम की चीजें

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

FAQ
क्या बेकिंग सोडा और सिरका हर हफ्ते टाइल्स पर लगा सकते हैं?
हां, लगा सकते हैं। लेकिन अगर आपकी टाइल्स मार्बल की हैं, तो इसे हफ्ते में न लगाएं। सिरेमिक टाइल्स के लिए ये पूरी तरह सुरक्षित है।
टाइल्स के बीच के जोड़ों का पीलापन कैसे साफ करें?
जोड़ों के लिए पुराने टूथब्रश पर बेकिंग सोडा का पेस्ट लगाकर रगड़ें। इससे जोड़ों में जमी मैल आसानी से निकल जाती है।
क्या टाइल्स साफ करने के लिए गर्म पानी इस्तेमाल करना सही है?
हां, गुनगुना पानी सबसे अच्छा रहता है। बहुत ज्यादा गर्म पानी से टाइल्स को नुकसान नहीं होता, लेकिन हाथ जलने का डर रहता है, इसलिए गुनगुना पानी ही इस्तेमाल करें।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।