घूमने के शौकीन हैं? जानिए ट्रेवल एंड टूरिज्म सेक्टर में करियर बनाने के 5 बेस्ट ऑप्शंस

देश की टूरिज्म इंडस्ट्री तेज रफ्तार से बढ़ रही है। बजट में नए टूरिस्ट डेस्टिनेशन विकसित किए जाने की घोषणा के बाद से इसकी गति और तेज होने की संभावना बढ़ गई है। यानी इस क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए अवसरों की कोई कमी रहने वाली नहीं है। वर्ल्ड ट्रैवल एवं टूरिज्म काउंसिल की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2019 में ट्रैवल एवं टूरिज्म के जीडीपी में योगदान के संदर्भ में भारत की दुनिया के 185 देशों में 10वीं रैंक थी, जबकि देश के कुल रोजगार में पर्यटन क्षेत्र का योगदान 8.78 प्रतिशत था। कोरोना महामारी के बाद यह सेक्टर फिर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दरअसल, पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र रहा है, जिस पर कोविड का व्यापक प्रभाव देखने को मिला। यात्राओं पर पाबंदी लगने से कारोबार लगभग ठप हो गया, लेकिन उसी दौरान अनेक नए प्रयोग भी हुए। होमस्टे, होटल्स एवं रिजॉर्ट्स में पेशेवरों के लिए 'वर्केशन' और 'स्टेकेशन' जैसे मॉडल अपनाए गए। तमाम प्रोटोकॉल एवं एहतियाती कदम उठाते हुए उन्हें घर से दूर हिल स्टेशंस पर काम करने की सुविधाएं दी गईं। इससे रिमोट वर्किंग करने वाले लोगों को काफी राहत मिली। साथ ही, स्थानीय स्तर पर भी लोगों को रोजगार मिल सका।
कोविड के बाद आज यह फिर सबसे तेजी से आगे बढ़ता हुआ सेक्टर बन चुका है। इससे काम के नए अवसर पैदा हुए हैं। जो युवा यात्राएं करने के शौकीन हैं, नई-नई जगहों पर जाने और वहां के बारे में जानने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए भी इस सेक्टर में ढेरों विकल्प खुल गए हैं। इसके लिए हमने जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली के प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट डॉ. निमित चौधरी से बात की है। जानते हैं आगे...
बढ़ती संभावनाएं
भारत जैसे विविधता वाले देश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां की संस्कृति, संगीत, हस्तकला, खानपान से लेकर नैसर्गिक सुंदरता हमेशा से देसी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करती रही है। इससे शहरों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। कुछ समय पूर्व ही पर्यटन मंत्रालय ने कहा था कि वर्ष 2030 तक भारत सरकार ने देश में 14 करोड़ नौकरियां सृजित करने का लक्ष्य रखा है। पर्यटन उद्योग के जरिए करीब 56 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा अर्जित करने का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जाहीर है, इसे हासिल करने के लिए विशेष तौर पर क्रूज टूरिज्म, इकोटूरिज्म एवं एडवेंचर टूरिज्म को विकसित करने पर जोर होगा। इसके अलावा, 'स्वदेश दर्शन-2' योजना के तहत देश के सीमावर्ती क्षेत्रों एवं गांवों तक पर्यटकों को जोड़ने का प्रयास होगा। इस योजना के जरिए सभी तीर्थ स्थलों पर परिवहन, रोजगार, भोजन आदि आवश्यक चीजों पर ध्यान दिया जाएगा। घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'देखो अपना देश' मुहिम भी शुरू की जाएगी।
हैं ढेरों विकल्प
नौकरी डॉट कॉम, इंडीड, ग्लासडोर जैसे जॉब सर्च पोर्टल्स पर गौर करें, तो पाएंगे कि इन दिनों ट्रैवल एवं टूरिज्म सेक्टर में ट्रैवल कंसल्टेंट, टूरिज्म मैनेजर, टूरिज्म रिलेशनशिप मैनेजर, इनबाउंड टूर मैनेजर, टूर एग्जीक्यूटिव, सेल्स मैनेजर, आउटबाउंड एवं डोमेस्टिक टूर मैनेजर, ट्रैवल काउंसलर, ऑपरेशंस मैनेजर, ट्रैवल बुकिंग एग्जीक्यूटिव आदि की काफी मांग है।
युवा बतौर ट्रैवल एजेंट, टूर गाइड एवं गेस्ट रिलेशन ऑफिसर भी कार्य शुरू कर सकते हैं। ट्रैवल एजेंट्स जहां पर्यटकों को किसी भी पर्यटन स्थल का विशेष एवं श्रेष्ठ अनुभव करने में मदद करते हैं, वहीं टूर गाइड उनके संग रहकर विभिन्न डेस्टिनेशंस की सैर कराते हैं। वे वहां की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक विरासत, खानपान एवं स्थानीय रीति-रिवाजों से परिचय कराते हैं। इन दिनों इस क्षेत्र में जिस प्रकार के नए इकोसिस्टम विकसित हुए हैं और फूड, आर्ट एवं हेरिटेज भ्रमण के अलावा होम डाइनिंग की लोकप्रियता बढ़ रही है, उससे भी रोजगार की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। घर बैठे लोग देसी-विदेशी पर्यटकों को अपनी विविध कला, संस्कृति एवं खानपान से रूबरू कराते हैं। इसके अलावा, होमस्टे, रिजॉर्ट्स, होटल्स में हाउसकीपिंग, कुक, ड्राइवर से लेकर गेस्ट रिलेशनशिप मैनेजर, टूर गाइड आदि की काफी मांग देखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- 30 के बाद बदलना चाहती हैं जॉब फील्ड? ये 5 करियर स्किल्स खोलेंगी सफलता के नए दरवाजे
कोर्स एवं शैक्षिक योग्यता
पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों की मानें, तो यहां किसी भी स्ट्रीम के छात्र अपना करियर शुरू कर सकते हैं। वैसे, आज देश के प्रतिष्ठित कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में ट्रैवल एवं टूरिज्म से संबंधित कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। कोई भी युवा 12वीं के बाद ट्रैवल एवं टूरिज्म में डिप्लोमा, स्नातक या परास्नातक डिग्री प्राप्त कर सकता है। इसके तहत ट्रैवल एवं टूरिज्म मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी एवं ट्रैवल मैनेजमेंट, एयर ट्रैवल मैनेजमेंट आदि कोर्स कराए जा रहे हैं। चाहें, तो ट्रैवल एवं टूरिज्म में बीबीए और एमबीए भी कर सकते हैं। इससे निजी एवं सरकारी क्षेत्र में अच्छे अवसर मिलने की गुंजाइश बढ़ जाती है। इन दिनों कुछ विश्वविद्यालयों द्वारा पीएचडी करने के भी अवसर दिए जा रहे हैं।
हर प्रकार की योग्यता वालों के लिए अवसर
"आज जब देश के लोगों की क्रय शक्ति बढ़ रही है और वे यात्राओं में रुचि लेकर उस पर खर्च कर रहे हैं, तो इससे पर्यटन क्षेत्र में नए विकल्पों के साथ अवसर भी बढ़ रहे हैं। इस क्षेत्र में हर प्रकार की योग्यता एवं कौशल रखने वाले युवाओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर हैं—फिर चाहे वह कलाकार हों, शेफ, इंजीनियर, एडवेंचर स्पोर्ट्स में रुचि रखने वाले, वेलनेस एक्सपर्ट, डिजाइनर या बागवानी करने वाले। यहां अपने कौशल के अनुसार, छोटे स्तर पर नई शुरुआत करने से लेकर खुद का व्यवसाय आरंभ कर सकते हैं। टूरिज्म के अलावा युवा इससे जुड़े हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी अपनी रुचि अनुसार कार्य कर सकते हैं।
सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आज जिस तरह से बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दे रही है और नए एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट, वॉटर एयरोड्रोम्स, हाइवे के निर्माण के साथ ही रेलवे सेक्टर में निवेश किया जा रहा है, उससे घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बल मिलने की उम्मीद तो है ही, साथ में ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।"
प्रमुख संस्थान
- बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी — www.bhu.ac.in
- केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला — www.cuhimachal.ac.in
- केंद्रीय विश्वविद्यालय, जम्मू — www.cujammu.ac.in
- जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली — www.jmi.ac.in
- क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु — christuniversity.in
यह भी पढ़ें- ISRO में निकली वैकेंसी, बिना परीक्षा होगी भर्ती; जानें कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
लेखक: अंशु सिंह
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।