यह तो हम सभी जानते हैं कि बारिश का मौसम आते ही हवा में नमी बढ़ जाती है और वातावरण में धूल, मिट्टी और छोटे-छोटे कणों की मात्रा भी बढ़ सकती है। ऐसे में कई लोग अपने कमरे से अतिरिक्त नमी को हटाने के लिए और आरामदायक ठंडक पाने के लिए एसी का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कई बार हम इसकी सफाई पर ध्यान नहीं देते हैं। खासतौर पर एसी का डस्ट फिल्टर अगर लंबे समय तक गंदा रहे, तो कूलिंग कम हो सकती है और बिजली की खपत भी बढ़ सकती है। अब आप सोच रहे होंगे कि एसी डस्ट फिल्टर की सफाई कैसे कर सकते हैं और यह क्यों जरूरी है तो नीचे आपको इसके बारे में विस्तार से जानकारी मिल जाएगी।
मानसून में एसी के डस्ट फिल्टर को कैसे साफ करना चाहिए?
मानसून के मौसम में एसी डस्ट फिल्टर को साफ करने के बारे में सोच रहे हैं तो कुछ आसान टिप्स पर ध्यान देकर इसकी सफाई आसानी से की जा सकती है -
- सफाई शुरू करने से पहले एसी को बंद कर देना चाहिए और सुरक्षा के लिए उसका प्लग निकाल लेना सही माना जाता है।
- फिर इंडोर यूनिट के दोनों किनारों से फ्रंट पैनल को खोलें। आपको बता दें, ज्यादातर स्प्लिट AC में फ्रंट पैनल को आसानी से ऊपर उठाकर फिल्टर निकाला जा सकता है।
- इसके बाद आप इसमें लगे फिल्टर को धीरे से निकालें ताकि उसमें जमा धूल कमरे में न फैले। डस्ट फिल्टर को हल्का सा ऊपर सरकाकर या खींचकर बाहर निकाला जा सकता है।
- फिर फिल्टर को हल्के हाथों से पानी से धोया जा सकता है। अगर धूल ज्यादा जमी है, तो मुलायम ब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, फिल्टर के पिछले हिस्से को सही से पानी से धोकर साफ करना चाहिए ताकि गंदगी बाहर निकल जाए।
- इसके बाद फिल्टर को पूरी तरह सूखने दें। क्योंकि गीला फिल्टर वापस एसी में लगाने से समस्या हो सकती है और इसमें फंगस लगने या बदबू आने की समस्या बढ़ सकती है।
- अंत में, सूखे फिल्टर को उसी खांचे में आराम से फिट करके लॉक किया जा सकता है।
मानसून के मौसम में एसी डस्ट फिल्टर की सफाई क्यों जरूरी है?
आपको बता दें, एसी का डस्ट फिल्टर कमरे की हवा में मौजूद धूल और गंदगी को रोकने का काम करता है। लेकिन समय के साथ इसमें धूल की परत जम जाती है, जिससे हवा का प्रवाह कम हो जाता है। वहीं, मानसून में नमी ज्यादा होने के कारण गंदे फिल्टर में बैक्टीरिया और बदबू पैदा होने की संभावना भी बढ़ सकती है। लेकिन डस्ट फिल्टर की सफाई के बाद एसी बढ़िया तरीके से काम कर सकता है और हवा कमरे में अच्छे से फैल सकता है। बता दें, अगर आपके घर में धूल ज्यादा आती है, पालतू जानवर हैं या एसी का इस्तेमाल ज्यादा होता है तो मानसून के मौसम में इसको हर 15 से 30 दिनों में साफ करना बेहतर माना जाता है।
एसी डस्ट फिल्टर को साफ करने से मिलेंगे ये फायदे
आप सोच रहे हैं कि एसी डस्ट फिल्टर को साफ करने से भला क्या होगा, तो यहां इसके कुछ मुख्य फायदा के बारे में बताया गया है -
- जब एसी का फिल्टर साफ रहेगा तो यह कमरे को बढ़िया से ठंडा करने में मदद करेगा और हवा को कमरे के चारों कोने में अच्छे से फैला सकता है।
- इसके अलावा, साफ फिल्टर एसी के पार्ट्स पर कम दबाव डालता है, जिससे इसकी उम्र बढ़ सकती है और एसी लंबे समय तक टिकाऊ रह सकता है।
- हालांकि गंदे फिल्टर वाले एसी कमरे को ठंडा करने में ज्यादा समय लगाते हैं जिससे एसी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और बिजली बिल अधिक आ सकता है। लेकिन सफाई के बाद यह फटाफट से कमरे को ठंडा कर सकता है और ऊर्जा की खपत कम करता है।
- एसी की सफाई के बाद इससे आने वाली बदबू भी हट जाते हैं जिससे बारिश के मौसम में भी आपका कमरा हर पल फ्रेश महसूस हो सकता है।
हाउस ऑफ एप्लाइंसेस की कैटेगरी पर इस प्रकार के अन्य लेख पढ़ सकते हैं।
