'क्या..क्या...क्या...' या फिर 'बस...बस...बस...' अगर आप टीवी सीरियल्स की फैन हैं, तो इस तरह के शॉकिंग रिएक्शंस से आपकी अच्छी खासी दोस्ती होगी। भले ही आज ओटीटी का जमाना है, लेकिन टीवी सीरियल्स का अपना एक अलग की क्रेज रहा है और इनकी अपनी अलग ऑडियंस है। अगर आप भी टीवी सीरियल्स देखती हैं, तो आप जानती ही होंगी कि लगभग हर एपिसोड में किसी खास ट्विस्ट या सीन पर इस तरह के शॉकिंग रिएक्शन आते हैं, वो भी एक नहीं बल्कि तीन बार। आज भले ही इसका चलना थोड़ा कम हो गया है, लेकिन एक वक्त पर हर शॉकिंग रिएक्शन के साथ साउंड इफेक्ट्स और जोरदार म्यूजिक आता था। आपने कभी सोचा है कि आखिर डेली सोप में शॉकिंग सीन और रिएक्शन तीन बार क्यों दिखाए जाते हैं। इसके पीछे घर की महिलाओं से जुड़ा कारण छिपा है, जिसके बारे में डेली सोप क्वीन एकता कपूर ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा था?
टीवी सीरियल्स में तीन बार क्यों दिखाए जाते हैं शॉकिंग रिएक्शंस?
एकता कपूर ने एक बार एक बातचीत के दौरान बताया था कि टीवी सीरियल्स की टारगेट ऑडियंस हमेशा से महिलाएं रही हैं। सास-बहू ड्रामा को महिलाएं बहतु पसंद करती थीं और यही वजह थी कि उसमें लगभग हर चीज उनके हिसाब से सोचकर ही की जाती थी।
एकता ने बताया था कि अमूमन शाम के वक्त जब टीवी सीरियल्स आते थे, तो महिलाएं खाना बनाते समय या घर के कुछ और काम करते हुए टीवी सीरियल देखती थीं, कभी रसोई से तो कभी चलते-फिरते उनकी नजरें टीवी में चल रहे सीरियल की कहानी पर होती थीं। ऐसे में जब इस तरह के शॉकिंग सीन या डायलॉग्स आते थे, तो उन्हें बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ तीन बार दिखाया जाता था, ताकि लेडीज को पता चले सके कि स्टोरी में कोई टर्निंग प्वॉइंट आ गया है या कहानी में कुछ खास हो रहा है। ऐसे में वो जो भी काम कर रही होती थीं, उसे छोड़कर टीवी के सामने आ जाती थीं और उस सीन पर फोकस करती थीं, ताकि कुछ मिस न हो जाए।
यह भी पढ़ें- कोकिलाबेन से लेकर अनुपमा तक, चलिए आपको मिलवाते हैं टीवी सीरियल्स की स्टीरियोटाइप 'मां' से
सीरियल में बढ़ जाता था ड्रामा
एकता कपूर ने यह भी बताया था कि इस तरह के इफेक्ट डालने और शॉकिंग रिएक्शन को तीन बार दिखाने से सीरियल में ड्रामा बढ़ जाता था। ऐसे में मेकर्स जानबूझकर इस तरह के इफेक्ट डालते थे। एकता ने कहा था कि एक वक्त पर टीवी सीरियल्स देखने के लिए कोई ऐप मौजूद नहीं था, महिलाओं को सीरियल रिकॉर्ड करना भी नहीं आता था और रिपीट टेलीकास्ट का टाइम भी कई बार पता नहीं होता था, ऐसे में इस तरह के इफेक्ट्स उन्हें टीवी स्क्रीन तक खींच लाने का अच्छा जरिया बनते थे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही, टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
