सलमान खान के रियलिटी शो का धमाकेदार आगाज हो चुका है। कल (6 सितंबर) को 16 कंटेस्टेंट्स ने बीबी हाउस में कदम रखा। शो की प्रीमियर नाइट काफी दिलचस्प रही। हालांकि, इस बार कई ऐसे कंटेस्टेंट्स की एंट्री हुई जिन्हें ज्यादातर ऑडियंस नहीं जानती है और इसे लेकर इस सीजन को को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल भी किया जा रहा है। इस सीजन में काजी तौकीर ने भी एंट्री की। काजी तौकीर ने सलमान खान के सामने स्टेज पर 'अफगान जलेबी' गाना गाया। काजी कई सालों से रियलिटी शोज से दूर हैं। उनका अरिजीत सिंह और कैटरीना कैफ के साथ खास कनेक्शन है। चलिए आपको उनके बारे में बताते हैं।

काजी तौकीर कौन हैं?

काजी तौकीर ने साल 2005 में सिंगिंग रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' को जीता था। इस शो में अरिजीत सिंह को हराकर उन्होंने विनर का ताज जीता था। उनके साथ रूपरेखा बनर्जी भी इस शो की विनर बनी थीं। काजी तौकीर और रूपरेखा बनर्जी की जोड़ी उस वक्त काफी फेमस हुई थी। दोनों का एक म्यूजिक एल्बम भी रिलीज हुआ था। काजी जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से ताल्लुक रखते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पिता एक वकील और मां टीचर रही हैं। इसी साल काजी ने अरिजीत सिंह के साथ एक वीडियो शेयर किया था। बता दें कि करीब 20 साल बाद भी काजी और अरिजीत के बीच दोस्ती बनी हुई है।

सिगिंग करियर को नहीं मिली उड़ान

'फेम गुरुकुल' को जीतने के बाद भी काजी का म्यूजिकल करियर कुछ खास ऊंचाई पर नहीं पहुंचा। इस शो के बाद उन्हें काफी पॉपुलैरिटी मिली थी और उम्मीद की जा रही थी कि उनका करियर जबरदस्त रहेगा। हालांकि, ऐसा नहीं हो पाया।

यह भी पढ़ें- 'लड़की हो चाय बनानी आती होगी...', Bigg Boss 20 में Mahhi Vij के बर्ताव से पहले ही दिन परेशान हुए घरवाले

कैटरीना कैफ के साथ इस गाने में आए हैं नजर

काजी तौकीर, कैटरीना कैफ के साथ साल 2015 में आई फिल्म 'फैंटम' के गाने 'अफगान जलेबी' में भी नजर आए थे। इस गाने में उन्होंने कैटरीना कैफ के साथ स्क्रीन शेयर की थी, लेकिन सिंगिंग की तरह ही एक्टिंग में भी उनकी गाड़ी कुछ खास आगे नहीं बढ़ी। काजी के सोशल मीडिया पर 174K फॉलोअर्स हैं।

क्या 'बिग बॉस 20' में दिखा पाएंगे दम?

काजी तौकीर 'बिग बॉस 20' में क्या अपनी पुरानी लोकप्रियता को आगे ले जा पाएंगे या नहीं, यह तो वक्त ही बताएगा। फिलहाल शो की शुरुआत में आसिफ खान और कनिका मान उनके बारे में बात करते हुए नजर आए थे। दोनों कह रहे थे कि काजी बहुत बोलते हैं और अपने आगे किसी को बोलने नहीं देते हैं।

 

यह भी पढ़ें- 'बिग बॉस 20' में कदम रखते ही कनिका मान को मिला बड़ा 'वरदान', एक इशारे पर बिगड़ेगा किसी घरवाले का खेल

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, सेलेब्स और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Courtesy: Jio Hotstar