सूफी मोतीवाला, जो कि एक मशहूर डिजिटल क्रिएटर हैं, उनका रियलिटी शो लॉक अप 2 से सफर खत्म हो चुका है। शो से बेघर होते ही सूफी अपने बयानों को लेकर अचानक चर्चा में आ गए हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने शो के एक्सपीरियंस और अपने साथी खिलाड़ियों के व्यवहार पर खुलकर बात की। इसी दौरान सूफी ने टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे पर सीधा हमला करते हुए उन्हें शो की सबसे खराब कंटेस्टेंट करार दिया। इसके साथ ही सूफी ने नेशनल टेलीविजन पर अपनी निजी जिंदगी से जुड़े तीन ऐसे दर्दनाक खुलासे किए, जिन्हें सुनकर फैंस भी दंग रह गए।

शिल्पा शिंदे से कभी नहीं बन पाया कनेक्शन

इंटरव्यू में जब सूफी मोतीवाला से लॉक अप 2 के सबसे खराब खिलाड़ी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बिना झिझक शिल्पा शिंदे का नाम लिया। सूफी का कहना है कि शिल्पा ने पूरे शो के दौरान किसी को भी अपने करीब आने या उनसे रिश्ता जोड़ने का मौका नहीं दिया।

अपनी बात बेबाकी से रखने के नाम पर शिल्पा जी ने हर किसी से दूरी बनाकर रखी। मैं उनके साथ कभी भी कोई भावनात्मक या दोस्ताना कनेक्शन नहीं बना सका।

वहीं, जब उनसे सबसे बेहतरीन खिलाड़ी का नाम पूछा गया, तो सूफी ने खुद को ही सबसे बेस्ट गेम चेंजर बताया।

खोले दिल के राज

शो से एलिमिनेट होने से पहले सूफी ने अपने तीन राज दुनिया के सामने रखे। सूफी ने बताया कि कॉलेज के दिनों में वे अपने दो पुरुष दोस्तों से प्यार कर बैठे थे, क्योंकि उनके साथ वे सुरक्षित महसूस करते थे। हालांकि, इन भावनाओं के कारण उनकी दोस्ती हमेशा के लिए खत्म हो गई।

इससे अलग सूफी ने अपने पहले रूममेट की बात शेयर की। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन उनके रूममेट ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। इस घटना के बाद सूफी इतने सहम गए थे कि उन्होंने खुद को 12 घंटे तक बाथरूम में बंद रखा था। जब उन्होंने इस बात की शिकायत पीजी मालिक से की, तो उन्हें मदद के बजाय गलत रवैये का सामना करना पड़ा।

बता दें कि सूफी ने अपनी दिवंगत दादी से जुड़ा एक बेहद इमोशनल किस्सा साझा किया। दादी के निधन से दो दिन पहले आई कॉल वे मिस कर गए थे और बाद में उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने की इजाजत भी नहीं मिली।

जब खरीदा अपना पहला फोन

सूफी ने बताया कि दादी ने जाते-जाते उनके लिए ₹50,000 छोड़े थे। सूफी ने इन्हीं पैसों से अपना पहला फोन खरीदा और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर बनने के सपने को पूरा किया, जिसने आज उन्हें इस पहचान तक पहुंचाया है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: instagram