सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के आने वाले एपिसोड्स में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलने वाला है। कल के एपिसोड में दिखाया गया है कि खुशबू को मॉलेस्ट करने के आरोप में रियो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वो लगातार कहता रहा कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया है, लेकिन किसी ने भी उस पर यकीन नहीं किया। खासकर, नंदिनी का कहना था कि अंश के बेटे से और क्या उम्मीद की जा सकती है। इधर, पूरे विरानी परिवार को रियो के खिलाफ देखकर नियति हैरान रह गई। आने वाले एपिसोड्स में इस सीरियल में धमाकेदार ट्विस्ट आने वाले हैं। एक तरफ जहां रियो पर लगे इल्जाम झूठ साबित होंगे, वहीं दूसरी तरफ नंदिनी और करण की शादी का सच, नियति के सामने आने वाला है। चलिए आपको बताते हैं कि तुलसी के 'शांति निकेतन' में कहानी अब क्या नया मोड़ लेने वाली है?
नियति के सामने आएगा करण-नंदिनी की शादी की सच
नियति को पिछले कई सालों से ऐसा लगता है कि करण उसका पति है और रियो उन दोनों का बेटा है। एक्सीडेंट के बाद वह अंश को भूल चुकी थी और उसे सदमा न लगे इसलिए करण ने भी उसे सच नहीं बताया था, लेकिन अब नियति और रियो भी 'शांति निकेतन' आ चुके हैं और आने वाले एपिसोड्स में नियति के सामने करण और नंदिनी की शादी का सच आ जाएगा। लेटेस्ट प्रोमो में दिखाया गया है कि नियति को कुछ पुराने फोटोज मिलेंगे, जिसमें करण और नंदिनी की शादी की तस्वीरें होंगी और उसे पता चल जाएगा कि करण और नंदिनी पति-पत्नी हैं। इसके बाद कहानी शॉकिंग टर्न ले सकती है। नियति की एंट्री के बाद ही कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर कयास लगाए थे कि वो नंदिनी और करण को अलग करने की कोशिश करेगी और उनका कैरेक्टर भी नॉइना की तरह दिखाया जाएगा। अब नए प्रोमो के सामने आने के बाद ऐसा होने की अटकलें तेज हो गई हैं। प्रोमो में एक एक्सीडेंट की झलक भी दिखाई गई है। अब देखना होगा कि क्या नियति सच जानने के बाद खुद की जान लेने की कोशिश करेगी?
यह भी पढ़ें- 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में अंश गुजराल के बेटे का चेहरा देख उड़े तुलसी के होश, सालों से दबा राज आया सामने
क्या रियो लेगा विरानी परिवार से बदला?
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के अपकमिंग एपिसोड्स में रियो बेगुनाह साबित हो जाएगा और तुलसी उससे कहेगी कि वो बड़ा दिल रखकर पूरे परिवार को माफ कर दे, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रियो के अंदर विरानी परिवार के खिलाफ जहर घुल चुका है और वो ऊपर से भले ही उन्हें माफ कर देगा, लेकिन मन में उनसे बदला लेने की ठान लेगा। इसी बीच रियो और नियति के सामने यह सच भी आ जाएगा कि तुलसी ने ही अंश गुजराल को गोली मारकर उसकी जान ली थी और इसके बाद कहानी में काफी ट्विस्ट आ सकते हैं।
फैंस कर रहे हैं मिहिर को वापस लाने की मांग
तुलसी और मिहिर की शादी के बाद से ही मिहिर सीरियल में नजर नहीं आ रहा है। कहानी में दिखाया गया है कि बिजनेस के काम के चलते मिहिर देश से बाहर गया हुआ है। फैंस अब सोशल मीडिया पर मिहिर की वापसी की मांग कर रहे हैं। फैंस का कहना है कि वो तुलसी और मिहिर की कहानी देखना चाहते हैं।
Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 में अंश के बेटे रियो की एंट्री कुछ खास कमाल नहीं कर पाई और शो पिछले कुछ हफ्तों से टीआरपी लिस्ट में टॉप पर भी नहीं पहुंच पाया है। नॉइना के जाने के बाद रियो की एंट्री के ट्विस्ट से फैंस को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन यह ट्रैक फैंस को उतना ज्यादा पसंद नहीं आ पाया। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।
Image Courtesy: Jio Hotstar
