स्टार प्लस के पॉपुलर डेली सोप 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में पिछले हफ्ते 10 साल का लीप आया था और तुलकी की जेल से रिहाई दिखाई दी। तुलसी जेल से रिहा होने के बाद जब 'शांति निकेतन' पहुंचती है और उसे 'शांति निकेतन' के बंटवारे का पता चलता है, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक जाती है। अपने बेटों को लड़ता देखने और 10 साल में विरानी परिवार में आ चुके बदलावों का पता चलने के बाद तुलसी को बहुत गुस्सा आता है और वो नंदिनी को मिलने बुलाती है। तुलसी, नंदिनी से पूछती है कि आखिर उसने परिवार को टूटने कैसे दिया? तुलसी 'शांति निकेतन' वापस आने का भी फैसला करती है। फाइनली कल (शुक्रवार) के एपिसोड में तुलसीघर लौट आई है और 'शांति निकेतन' में कदम रखते ही तुलसी ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।

तुलसी ने लगाई करण और गौतम की क्लास

'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के कल (शुक्रवार, 10 जुलाई) के एपिसोड में दिखाया गया था कि तुलसी, गौतम और करण को नोटिस भिजवाती है। वो पुलिस के साथ शांति निकेतन में कदम रखती है और कहती है कि ये घर उसका और मिहिर का है, ऐसे में गौतम और करण इसका बंटवारा कैसे कर सकते हैं?

गौतम और उसके बेटे नकुल ने मिलकर 'अंबा निवास' (बा की पुश्तैनी प्रॉपर्टी) में होटल खोल लिया था, जिसमें एल्कोहल भी सर्व किया जाता था। तुलसी उस होटल को बंद करवा देती है और गौतम को इस बात के लिए जोरदार थप्पड़ जड़ देती है, क्योंकि बा की इच्छा उस प्रॉपर्टी में गरीब लड़कियों के लिए स्कूल खोलने की थी। इतना ही नहीं तुलसी, करण की बोलती भी बंद कर देती है। करण के गुस्से और इल्जामों से इस बार वो इमोशनल नहीं होती है, बल्कि मुंहतोड़ जवाब देती है।

यह भी पढ़ें- KSBKBT 2 Leap Promo: 10 साल जेल में सजा काटकर शांति निकेतन लौटेगी तुलसी, करण की नफरत देख आंखों में आएंगे आंसू

तुलगी मांगेगी बेटों से किराया

आने वाले एपिसोड्स में करण और गौतम इस बात को लेकर लड़ाई करते नजर आएंगे कि तुलसी 'शांति निकेतन' में रहेगी या नहीं? हालांकि, तुलसी सीधे शब्दों में कह देगी कि ये उसका घर है, ऐसे में वो तो यहां रहेगी ही, लेकिन अगर गौतम और करण को वहां रहना है, तो उसे किराया देना होगा।

क्या 'शांति निकेतन' को एक कर पाएगी तुलसी?


तुलसी का मकसद 'शांति निकेतन' को एक करना है। पिछले 10 सालों में न केवल घर का बंटवारा हो चुका है, बल्कि रिश्ते भी पूरी तरह बिखर चुके हैं। ऐसे में आने वाले एपिसोड्स में दिखाया जाएगा कि तुलसी, 'शांति निकेतन' को एक करने के लिए सारे जतन करेगी और धीरे-धीरे उसकी कोशिशें कामयाब भी होंगी। फिलहाल फैंस को इस बात का इंतजार है कि करण और पूरे परिवार के सामने यह सच कब आएगा कि पार्थ को तुलसी ने नहीं, बल्कि नंदिनी ने मारा था।

वैष्णवी का किससे जुड़ेगा रिश्ता?

सीरियल के हालिया एपिसोड में दिखाया गया है कि वैष्णवी छुपकर किसी लड़के से मिलने जाती है और तुलसी के पूछने पर झूठ कह देती है। इस लड़के की पहचान पर से तो भी अभी परदा नहीं उठाया गया है। हालांकि, फैंस को लगता है कि वो लड़का कोई और नहीं बल्कि नकुल (गौतम और दामिनी का बेटा) है।


यह भी पढ़ें- 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में तुलसी के जाते ही हिल जाएगी विरानी परिवार की नींव, शांति निकेतन में होगा कुछ ऐसा कि फैंस रह जाएंगे हैरान

 

पिछली बार जब Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 में 6 सालों का लीप आया था, तो शो की टीआरपी में खूब उछाल देखने को मिला था और इस बार फिर लीप के बाद की कहानी दिलचस्प होती जा रही है। ऐसे में देखना होगा कि मेकर्स का यह दांव क्या इस बार भी काम कर पाता है? अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिंदगी के साथ।